शुक्रवार, 27 जुलाई 2012

पहनावे की ले आड़ ...अपना पल्ला झाड़ !


पहनावे  की  ले  आड़  ...अपना  पल्ला  झाड़  !


स्त्री के पहनावे  से  अधिक यदि पुरुष के आचरण पर अधिक ध्यान दिया  जाये  तो स्त्री के विरूद्ध अपराध में कमी  आने की ज्यादा सम्भावना है .यदि स्त्री का पहनावा ही हर स्त्री विरूद्ध अपराध हेतु जिम्मेदार है तो द्वापर  में द्रौपदी  का चीर-हरण न होता .इंद्र द्वारा अहिल्या का बलात्कार  न होता .वस्त्र एक सीमा तक ही किसी  को अपराध करने  के लिए  उकसा  सकते  हैं पर हर पुरुष तो विश्वामित्र नहीं होता कि मेनका  ने  उन्हें मोह लिया और वे  तपस्या विमुख हो गए .  योगी से भोगी  बन गए .मैं स्वयं स्त्री के शालीन पहनावे की कट्टर पक्षधर हूँ  पर मैंने  भी  पिछले  वर्ष  उमंग सबरवाल द्वारा दिल्ली में आयोजित  ''सलट  वॉक '' का समर्थन  किया  था क्योंकि   सम्पूर्ण व्यवस्था स्त्री के विरूद्ध अपराध हेतु स्त्री के वस्त्रों को ही जिम्मेदार ठहराकर अपनी अकर्मण्यता को छिपा लेती  है .गुवाहाटी  में युवती के साथ  दुर्व्यवहार  की घटना  साफ  तौर  पर कानून एवं सुरक्षा  व्यवस्था की विफलता  थी .प्रत्येक नागरिक  की सुरक्षा की जिम्मेदारी प्रशासन पर है .जनता में ऐसी घटनाओं से यही सन्देश जाता है कि कानून व्यवस्था नाम की अब कोई चीज नहीं रही .इसे यदि स्त्री के वस्त्रों से जोड़ दिया जायेगा तो पहले से पंगु प्रशासन के लिए तो सोने पर सुहागा वाली बात हो जाएगी .किसी भी पहनावे में कोई बुराई नहीं यदि वह देश  व् संस्कृति के हिसाब से पहना जाये .जींस भी शालीन तरीके से पहनी हुई एक युवती को स्मार्ट लुक देती है .
Jeans_girls : Young smiling brunette in jeans. Isolated over white . Stock PhotoSchoolgirl : full length studio portrait of female elementary pupil
पुलिस की व् सेना की वर्दी में महिलाएं किस को  आकर्षित नहीं कर  लेती ?मिनी स्कर्ट में सानिया व् साइना के प्रति किसके   ह्रदय में बुरे भाव आ सकते हैं ?  वही साड़ी में भी अशालीन भाव वाली स्त्री को सराहा नहीं जा सकता .वस्त्रों पर बहस  को विराम  दिया जाना  चाहिए क्योकि ये बहस तो वही खत्म हो जाती है जब स्कूली  छात्राओं के साथ आते जाते समय छेड़कानी की जाती है .क्या स्कूली यूनिफ़ॉर्म  भी भड़काऊ होती है ?सन २००३ में धनबाद में तेजाबी हमले की शिकार सोनाली घर के  छज्जे पर सोयी हुई थी .उस समय पर क्या उसके  वस्त्रों ने गुंडों को यह अपराध करने हेतु उकसाया था ? वास्तव में हर स्त्री विरूद्ध अपराध का कारण भिन्न   ही होता है . ऐसे अपराधों में कई बार आहत   पुरुष अहम् भूमिका निभाता है तो कई बार पीड़ित लड़की के परिवार से उसकी रंजिश .कभी लड़की द्वारा किये  गए छल के कारण ऐसा होता है और कई बार प्रेमी कहलाने वाले पुरुष का मानसिक रूप से अस्वस्थ होना .इन  घटनाओं पर अंकुश लगाने हेतु सबसे कारगर उपाय है सदाचरण व् हमारी   कानून व्यवस्था का चुस्त-दुरुस्त होना .सड़कों पर अपराध रोकने में तो कानून व्यवस्था ही अहम् भूमिका  निभा  सकती  है और घर के भीतर के स्त्री विरूद्ध अपराधों में सदाचरण .पहनावा एक बहुत छोटा मुद्दा है इस पर पारिवारिक स्तर पर ही हो  तो बेहतर है क्योकि भारतीय परिवार ही अपने शिशुओं में संस्कार भरने का काम करते आये हैं .पहनावे को आधार बनाकर  पुलिस प्रशासन    यदि अपनी विफलता से पल्ला झाड़ने  का प्रयास करेगा तो यह मेरे लिए स्वीकार करना असंभव ही है .


                                                          shikha kaushik 

बुधवार, 25 जुलाई 2012

''भारतीय नारी 'अब फेसबुक पर भी !


''भारतीय नारी ''अब फेसबुक पर भी !
फेसबुक पर बनाया है ''भारतीय नारी ''का यह पेज .इसे लाइक करें व् अपनी रचनाएँ इस पर भी पोस्ट करें .
                   
                                  शिखा कौशिक 



''वन्देमातरम ''.मत कहना क्या कोई धर्म सिखाता है ?



''वन्देमातरम ''.मत कहना क्या कोई धर्म सिखाता है ?

जो  ''वन्देमातरम '' नहीं  गा  सकता  वो सच्चा  हिन्दुस्तानी  कहलाने  के काबिल  ही  नहीं .''वन्देमातरम'' कहते  ही ह्रदय  भर  आता  देश  भक्ति  के भाव से .इस राष्ट्रीय गीत में वो ज़ज्बा छिपा है जिसने  ब्रिटिश  हुकूमत  की  जड़ों  को उखाड़ फेंकने में स्वतंत्रता सेनानियों को प्रेरित किया .ये गीत है जन्म भूमि  की  उज्जवल  महिमा  को चहुँ दिशा में प्रसारित करने वाला .कोई धर्म नहीं जो माँ व्  संतान के बीच  आये और संतान को माँ की महिमा गाने से रोक  दे .भ्रमित विचारधाराओं वाले भारत माँ की संतानों  के लिए ही लिखा है यह गीत मैंने -
जो नहीं कृतज्ञ   माँ का है ; जिसको नहीं जन्मभूमि से नेह  ,
माँ के 
चरणों  
में सकल सुख ; जिसको हो इस पर ही संदेह ,
वो पढ़े  -सुने इस कविता को मन का मैल धुल जाता है ,
माँ का वंदन जिह्वा  से नहीं  ह्रदय से गया जाता है .
जिस  शस्य -श्यामला माटी  में खेले  कूदे नाचे गाये ,
जिसने अपनी ले गोद हमें कोमल स्पर्श से सहलाये ,
उसका वंदन करने से पूर्व क्या इतना सोचा जाता है ?
माँ का वंदन जिह्वा ........
श्वासों में बसती है सौरभ  जिसकी सौंधी इस माटी की ,
जिस पर प्रवाहित सरिता जल प्यास मिटाता हम  सब की ,
उपकारी माँ का वंदन कर मन किसका न हर्षाता है ?
माँ का वंदन जिह्वा से ....
सृष्टि की कोई भी सत्ता  माँ की शक्ति से बड़ी नहीं ,
जो रोके माँ के वंदन से जग में ऐसा कोई धर्म नहीं ,
मन की गांठों को खोल जरा अरे !इतना क्यों सकुचाता है .
माँ का वंदन जिह्वा से ...
जन्म भूमि ने हम सब को दिया अन्न जल फल का उपहार ,
नहीं भेद  किया संतानों में बांटा समान सबमे है प्यार ,
'मत करना उसका वंदन तुम ''क्या कोई धर्म सिखाता है ?
माँ का वंदन जिह्वा से नहीं .....
मैं नहीं जानती  ''अल्लाह '' को मैंने  देखा  ''ईश्वर'' को नहीं ,
है जन्मभूमि सर्वस्व मेरा  इस पर जीवन म्रत्यु है यही ,
''वन्देमातरम'' कहते ही उर में आनंद समता है .
माँ का वंदन जिह्वा से नहीं ह्रदय से गया जाता है !!
                              ''वन्देमातरम ''
                जय हिंद ! जय भारत !
               शिखा कौशिक 

मंगलवार, 24 जुलाई 2012

तन को चुपड़ना छोड़ सखी कर बुद्धि का श्रृंगार .


तन को चुपड़ना छोड़ सखी कर बुद्धि का श्रृंगार .
Beautiful Indian Brides
देह की चौखट के पार पड़ा है प्रज्ञा का संसार ;
तन को चुपड़ना छोड़ सखी कर बुद्धि का श्रृंगार .

Beautiful Indian Brides
कब तक उबटन से मल - मल कर निज देह को तुम  चमकाओगी ?
कुछ तर्क-वितर्क  करो  खुद से अबला कब तक कह्लोगी   ,
केशों की सज्जा छोड़ सखी मेधा को आज सँवार .
तन को चुपड़ना छोड़ ......
Beautiful Indian Brides

पैरों में रचे  महावर है ; हाथों में रचती  है मेहँदी ,
नयनों में कजरा लगता है ; माथे पर सजती  है बिंदी ,
सोलह सिंगार तो बहुत हुए अब  उठा  ज्ञान  तलवार  .
तन को चुपड़ना छोड़ ....
Beautiful Indian Brides

हाथों में कंगन;  कान  में झुमका;  गले में पहने हार  ;
पैर  में पायल;  कमर में तगड़ी ; कितने  अलंकार ?
ये कंचन -रजत के भूषण तज फौलादी करो विचार .
तन को चुपड़ना छोड़ सखी कर बुद्धि  का श्रृंगार  .
                                          शिखा कौशिक 
                                     [विख्यात ]

माफ करना साथिन !


तुम्हें तो पंख मिले हैं फितरतन
जाओ न उड़ो तुम भी
कहो कि मेरा है आकाश

क्यों
आखिर क्यों चाहिए तुम्हें
उतनी ही हवा
जितनी उसके बांहों के घेरे में है
क्यों है जमीन उतनी ही तुम्हारी
जहां तक वह पीपल घनेरा है

सुनी नहीं बहस तुमने टीवी पर
बिन ब्याही भी पूरी है औरत
क्या बैर है तुम्हारा उन सहेलियों से
जिनके पर्स में रखी माचिस
कहीं भी और कभी भी
चिंगारी फेंकने के लिए रहती है तैयार

बताओ आखिर
क्या मतलब है इसका
कि एक आईना भी नहीं है तुम्हारे पास
उसे छोड़कर
जिसमें तुम संवर सको
मलिका बन सको दुनिया जहान की

तुमने तो देखी भी नहीं होगी
टांगें अपनी ऊपर से नीचे तक
पता भी है तुम्हें
कि जिन अलग-अलग नंबरों से
घेरती-बांधती हो खुद को
उसका जरूरत से ज्यादा बटनदार होना
आजादी की असीम संभावनाओं का गला घोंटना है

जानती नहीं तुम
कि छलनी से चांद निहारने की आदत तुम्हारी
आक्सीजन में मिलावट है उसके लिए
खांसने लगता है वह
हांफती है जिंदगी उसकी
तुम्हारे बस उसके कहलाने से

तुम भले बनना चाहो उसकी मैना
वह तुम्हारे दरख्त का तोता नहीं बन सकता
वन बचाओ मुहिम का एक्टिविस्ट वह
जंगली है पूरी तरह से

तुम्हें अहसास नहीं शायद
कि बेटी हो तुम उस सौतेली सोच की
जो पूरी जिंदगी सोखा आती है
अपने बाप का हुलिया जानने में
माफ करना साथिन
बिल क्लिंटन की पीढ़ी का मर्द
इससे ज्यादा ईमानदार नहीं हो सकता
कि रात ढले तक तुम्हें
अपनी दबोच से आजाद रखे

सोमवार, 23 जुलाई 2012

कैप्टन लक्ष्मी सहगल को भावभीनि श्रद्धांजलि



आज़ाद हिन्द फ़ौज की कमांडर रह चुकी 98 वर्षीय कैप्टन लक्ष्मी सहगल का आज निधन हो गया |

डॉक्टर लक्ष्मी सहगल का जन्म 24 अक्टूबर 1914 में एक परंपरावादी तमिल परिवार में हुआ और उन्होंने मद्रास मेडिकल कॉलेज से मेडिकल की शिक्षा ली, फिर वे सिंगापुर चली गईं। वहीं पर उनकी मुलाक़ात सुभाष चंद्र बोस जी से हुई और वो आज़ाद हिंद फ़ौज में शामिल हो गईं।

वे बचपन से ही राष्ट्रवादी आंदोलन से प्रभावित हो गई थीं और जब महात्मा गाँधी ने विदेशी वस्तुओं के बहिष्कार का आंदोलन छेड़ा तो लक्ष्मी सहगल ने उसमे हिस्सा लिया। वे 1943 में अस्थायी आज़ाद हिंद सरकार की कैबिनेट में पहली महिला सदस्य बनीं। एक डॉक्टर की हैसियत से वे सिंगापुर गईं थीं लेकिन 87 वर्ष की उम्र में भी वो कानपुर के अपने घर में बीमारों का इलाज करती थी।

आज़ाद हिंद फ़ौज की रानी झाँसी रेजिमेंट में लक्ष्मी सहगल बहुत सक्रिय रहीं। फिर उन्हे कैप्टन बना दिया गया और बाद में उन्हें कर्नल का ओहदा दिया गया लेकिन लोगों ने उन्हें कैप्टन लक्ष्मी के रूप में ही याद रखा। वो एशिया की पहली महिला कमांडर बनी | जिस जमाने मे औरतों का घर से निकालना भी जुर्म समझा जाता था उस समय उन्होने 500 महिलाओं की एक फ़ौज तैयार की जो एशिया मे अपने तरह की पहली विंग थी |

कैप्टन लक्ष्मी सहगल तमाम महिलाओं के साथ साथ हर किसी के लिए प्रेरणास्रोत रही और हमेशा ही रहेंगी | अपनी मृत्यु के बाद उन्होने अपना पार्थिव शरीर मेडिकल कॉलेज को दान करने की इच्छा जताई थी जिसे कि पूरा किया जाएगा |

महान वीरांगना को भावभीनि श्रद्धांजलि | ईश्वर उनकी आत्मा को शांति प्रदान करें |

जन्मदिन की बहुत बहुत शुभकामनायें '' भारतीय नारी ''


जन्मदिन की बहुत बहुत शुभकामनायें '' भारतीय नारी ''
''भारतीय नारी ''ब्लॉग आज ब्लॉग जगत में अपना एक प्रतिष्ठित स्थान बना चुका है और इसके समर्थकों व योगदानकर्ताओं की संख्या में नित नयी संख्या जुडती जा रही है .काफी विचार करने पर ही यह महसूस होता है कि आज इस ब्लॉग को एक वर्ष पूर्ण हो गया है .अभी कल ही की तो बात लगती है जब शिखा कौशिक जी ने ये ब्लॉग बनाया और हमें इसमें योगदान हेतु आमंत्रित किया .डॉ.अनवर जमाल जी के सहयोग को नकारना एहसान फरामोशी कहा जायेगा क्योंकि उन्होंने इस ब्लॉग की स्थापना � AF योगदान दिया है और इसके लिंक को अपने ब्लोग्स पर लगाकर अन्य ब्लोगर्स को इससे जुड़ने के लिए प्रेरित किया .डॉ.श्याम गुप्त जी इस ब्लॉग के सबसे बड़े योगदानकर्ता कहे जायेंगे जिन्होंने अपने उपन्यास और अपनी बहुत सी पोस्ट इस पर प्रकाशित कर भारतीय नारी का साथ भी दिया है और उन्हें अच्छा कार्य करने हेतु प्रेरित भी किया है .यूँ तो जितने ब्लोगर भी इस ब्लॉग पर योगदानकर्ता  या समर्थक के रूप में जुड़े हैं आज भारतीय नारी के लिए महत्वपूर्ण सहयोगी का स्थान ग्रहण कर चुके हैं और हम सभी के धन्यवाद् के पात्र हैं.

  भारतीय नारी ब्लॉग को शिखा जी ने जो सबसे बड़ी खासियत दी है वह ही इस ब्लॉग को ब्लॉग जगत में महत्वपूर्ण स्थान प्रदान करती है और वह खासियत है इस ब्लॉग में नारी और पुरुष  को बराबर स्थान .यूँ तो बहुत से सामूहिक ब्लोग्स पर नारी पुरुष एक साथ कार्य कर रहे हैं किन्तु ये ब्लॉग नारी संबंधी  आलेखों  में पुरुषों  को भी अपने विचार प्रस्तुत करने का स्थान देता है यही इसकी सबसे बड़ी खासियत है 
ये सत्य है कि पुरुष की अहंवादी सोच व सत्तात्मक रवैय्ये ने नारी को अंधेरों में घिरे रहने को मजबूर किया है किन्तु इस सत्य से भी इंकार नहीं किया जा सकता कि बहुत से पुरुषों ने दकियानूसी रवैय्ये को दरकिनार कर नारी की सफलता में सहयोग तो किया ही है बहुत सी ऐसी नारियों को आगे भी बढाया है जिनके जीवन में आगे बढ़ने की सोच कोई स्थान नहीं रखती थी .भारत की पहली महिला डॉ. डॉ.आनंदी बाई की जब शादी हुई तो वे बहित छोटी थी और पढ़ी लिखी भी नहीं थी .उनके पति ने न केवल उन्हें पढाया बल्कि पढाई के लिए समाज की खिलाफत सहते हुए उन्हें विदेश भी भेजा और देश को पहली महिला डॉ दी.
ऐसे ही हमारी राष्ट्रपति श्रीमती प्रतिभा देवी सिंह पाटिल जी के पति भी प्रशंसा के हक़दार हैं .जहाँ एक सामान्य पति-पत्नी जो साधारण नौकरी में लगे होते हैं और पत्नी की तनख्वाह या पदवृद्धि पति को कुंठा से भर देती है वहीँ माननीय देवी सिंह जी हर कदम पर प्रतिभा जी का साथ देते दिखाई देते हैं और अन्य पुरुषों के लिए आदर्श प्रस्तुत करते हैं .
  ऐसे में शिखा जी के द्वारा इस ब्लॉग पर भारतीय नारी के सम्बन्ध में आलेख प्रस्तुत करने हेतु पुरुषों को नारी के बराबर दर्ज़ा  दिया जाना प्रशंसनीय और सराहनीय कदम है .आखिर जब नारी पुरुष से बराबरी चाहती है तो उसे भी पुरुषों को बराबरी का हक़ देना होगा.कहा भी गया है-
           ''पूरी धरा भी साथ दे तो और बात है,
            पर तू जरा  भी साथ दे तो और बात है ,
            चलने को तो एक पों से भी चल रहे हैं लोग
            ये दूसरा भी साथ दे तो और बात है .''
एक बार फिर भारतीय नारी ब्लॉग को जन्मदिन की बहुत बहुत शुभकामनायें.
                            शालिनी कौशिक