रविवार, 7 अप्रैल 2013

दुनिया की नज़रे तेजाब !-तेजाबी हमला [कांधला-शामली ]

 

लाडो मेरी कली गुलाब ,
खिलने को है वो बेताब ,
कैसे उसको समझाऊं  मैं ?
दुनिया की नज़रे तेजाब !

महकाऊँ गुलशन ये सारा ,
घडी घडी देखे है ख्वाब ,
है मासूम नहीं मालूम ,
दुनियावी भँवरे हैं ख़राब !
कैसे उसको समझाऊं  मैं ?
दुनिया की नज़रे तेजाब !

अल्हड़ है नादान है ,
रखती केसरिया आबोताब ,
बेपरवाह है नहीं जानती ,
कब हो जाये वो बर्बाद ?
 कैसे उसको समझाऊं  मैं ?
दुनिया की नज़रे तेजाब !

लाडो सुन ले यही मुफ़ीद ,
दबा ले दिल की सभी मुराद ,
नोंच न लें  कहीं  दुनियावाले ,
कहीं मसल दे तेरा शबाब !
 कैसे उसको समझाऊं  मैं ?
दुनिया की नज़रे तेजाब !

कांधला [शामली ] में हुए तेजाबी हमले की शिकार चारों बहनों व् उनकी माता जी का  रो -रोकर बुरा हाल है .अब तक कोई भी हमलावर पकड़ा नहीं गया है .माता जी का कहना है कि पीड़ित बेटियां खौफ में है और पुलिस द्वारा कोई सुरक्षा अब तक नहीं प्रदान की गयी है .इस निठ्ठ्लेपन को धिक्कार है !!


     शिखा कौशिक 'नूतन'

शुक्रवार, 5 अप्रैल 2013

कुम्भकर्णी नींद से जागो -समाज-प्रशासन (तेजाबी हमला-शामली[कांधला] )

 

तेजाबी  हमलों  की  शिकार  बहनों का दर्द मात्र इतना नहीं कि वे तेजाबी हमलें का शिकार बनी .उनका दर्द मृत सामाजिक संवेदनाएं भी हैं .जब उन पर हमला किया गया वे एक कॉलेज की परीक्षा में ड्यूटी देकर घर लौट रही थी .दिन का समय था .वे तेजाब फैकने वालों से भिड़ी भी पर वे मार-पीट कर भागने में सफल रहे .वे सड़क पर पानी के लिए तड़पती रही और स्वयं रिक्शा कर अस्पताल गयी .आस पास के लोंगों  ने  कोई  मदद  नहीं की .यदि समाज की संवेदनाएं इतनी मृत नहीं होती तो शायद ऐसी घटना घटती ही नहीं .
    तेजाबी घटना की शिकार तीन  बहनों ने मीडिया के सामने अपने दुःख को प्रकट करते हुए कहा कि -''कोई हमारा साथ नहीं दे रहा है '' कडवी सच्चाई यही है हमारे समाज की कि लड़कियों पर- ताने कसे जाते हैं ,उनके साथ छेड़खानी की जाती है और जब इस सब से काम नहीं बनता तो तेजाबी हमले कर उन्हें सबक सिखाया जाता है और समाज मूक दर्शक बनकर सब कुछ देखता रहता है .
         आज अगर किशोर व् युवा तेजाबी इरादे लेकर सड़कों पर घूम रहे हैं तो उसके लिए उनके परिवार वाले भी कम जिम्मेदार   नहीं है जो  ये  नहीं देखते  कि उनके नौनिहाल   किसकी   जिंदगी  बर्बाद  करते घूम रहे हैं .पूरा प्रशासन  भी सुप्त अवस्था में रहता है .एक बाइक  पर चार-से पांच लफंगें हूँ-हा-हा का शोर मचाते दिन भर सड़कों पर घूमते  रहते हैं   और उन पर किसी कि पाबन्दी नहीं -न घरवालों की और न प्रशासन की .लड़कियों के स्कूल-कॉलेज की छुट्टी का समय हो अथवा ट्यूशन पर जाने-लौटने  का समय , महिला शिक्षिकाओं के आने-जाने का समय चौराहों-गलियों में लफंगों की भीड़ इकट्ठा रहती है .न समाज इस ओर ध्यान दे रहा और न प्रशासन .
    इस एक तेजाबी घटना ने यदि समाज व् प्रशासन को कुम्भकर्णी  नींद से नहीं जगाया तो आने वाले दिनों में ऐसी घटनाओं के  फिर से  होने की आशंका से इंकार नहीं किया जा सकता .

     शिखा कौशिक 'नूतन'

गुरुवार, 4 अप्रैल 2013

बेटियों घर से निकलना देख-भाल कर !


आज घर से  निकलते समय परसों हुई तेजाबी घटना की दहशत ने दिल को दहला दिया . मैंने आस-पास आज ज्यादा ध्यान दिया .कौन पास से गुजर  रहा है ? इस पर ध्यान स्वयं ही चला गया .हमारे कस्बे में हुई तेजाबी घटना ने इस धारणा  को तोड़ दिया कि हमारा क़स्बा इस तेजाबी आग से बचा हुआ है .तेजाबी हमले की शिकार बहने बहुत कर्मशील हैं और अपने परिवार के भरण-पोषण हेतु शिक्षिका का कार्य कर रही हैं .सात वर्ष पूर्व पिता के निधन के बाद से अपनी माता जी के साथ जीवन की विषमताओं को झेलती हुई इन बहनों पर तेजाबी हमला करते समय क्या कायर हमलावरों के हाथ नहीं कांपे ?किस माँ की कोख से पैदा होते हैं ये हैवान जो न तो किसी की जिंदगी  का दर्द तो महसूस कर सकते नहीं बल्कि घर से काम के लिए निकली लड़कियों की राह का रोड़ा बन जाते हैं .किन बहनों के होते हैं ये भाई  जो अपनी बहन   की ओर  उठी  नज़र  को तो फोड़ डालना चाहते  हैं पर गैर  लड़की  को सबक  सिखाने  के लिए तेजाब  से झुलसा  डालते  हैं उसकी  जिंदगी .निश्चित रूप  से अब  बेटियों   को बहुत सतर्क रहना होगा .बार बार मेरा ह्रदय उस माँ के दिल के दर्द का अंदाज़ा लगाकर रो पड़ता है जो घर से बाहर जाती बेटियों को लाखों हिदायते देकर भेजती है और जब बेटियां उन सब का पालन करने पर भी वहशियों का निशाना बनें तो माँ किस तरह अपने दिल को समझाए ! -

हवाएं शहर की अब महफूज़ नहीं हैं ,
रख दिया कलेजा माँ का चीरकर ,
बेटियों घर से निकलना देख-भाल कर !

घूमते हैं शख्स कई तेजाब लिए हाथ ,
तुमसे उलझ जायेंगे ये जान-बूझकर , 
बेटियों घर से निकलना देख-भाल कर !

 बेटे नहीं किसी के न भाई किसी के ,
ये पले शैतान की गोद खेलकर ,
बेटियों घर से निकलना देख-भाल कर !

 ज़िस्म है इन्सान का हैवान की है रूह ,
काँपती इंसानियत इनके गुनाह सुनकर ,
 बेटियों घर से निकलना देख-भाल कर !

 किस जगह मिल जाएँ कोई न ठिकाना ,
हर कदम बढ़ाना ज़रा दिल को थाम कर ,
बेटियों घर से निकलना देख-भाल कर !

 मुंह अपना छिपाते मनहूस हमलावर ,
पहचाने कैसे कौन भागे तेजाब फेंककर ,
बेटियों घर से निकलना देख-भाल कर !

 आँहे,  आंसू ,चीखें ,  दर्द बाँटते हैं ये ,
आता मज़ा इनको है खुनी खेल खेलकर ,
बेटियों घर से निकलना देख-भाल कर !

हिफाज़त न छोड़ना मुकद्दर के भरोसे ,
ये घूमते हैं अपना ईमान बेचकर ,
बेटियों घर से निकलना देख-भाल कर !

हे ईश्वर !पीड़ित परिवार  को इस सदमे से उबरने की शक्ति प्रदान कर और ऐसे वहशियों को फांसी  पर लटकाने
का रास्ता साफ कर !

      शिखा कौशिक 'नूतन'






बुधवार, 3 अप्रैल 2013

कायरता है पुरुष की समझे बहादुरी है ,

शामली में चार बहनों पर तेजाब उड़ेला
 शामली में कांधला कस्बे में पहली  बार  हुई यह दर्दनाक घटना महिलाओं की सुरक्षा पर फिर से सवालिया निशान खड़े करती है .

 

Updated on: Tue, 02 Apr 2013 11:42 PM (IST)
कांधला (शामली) : कस्बे में सरेशाम चार बहनों समेत पांच लड़कियों पर बाइक सवार तीन युवकों ने तेजाब फेंक दिया। इस घटना में तीन बहनें गंभीर रूप से झुलस गई। तीनों को दिल्ली रेफर किया गया है। एक युवती का कांधला में व किशोरी का शामली के निजी अस्पताल में उपचार किया गया है। चारों बहनें इंटर कालेज में परीक्षा ड्यूटी देकर घर जा रही थी। किशोरी वहां से गुजरते हुए तेजाब फेंकने के दौरान चपेट में आ गई। इस घटना से इलाके में सनसनी फैल गई और पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। 

मोहल्ला नई बस्ती निवासी मरहूम सलीम खां की एक पुत्री कमरजहां गांव जसाला के लाड्डो देवी कॉलेज में व दूसरी पुत्री आयशा कस्बे के हिंदू इंटर कालेज में ट्यूटर (शिक्षिका)है। इनकी अन्य दो बहनें ईशा व सोनम भी प्रशिक्षित शिक्षक हैं। चारों बहनों की हिंदू इंटर कॉलेज में बोर्ड की परीक्षा में ड्यूटी लगी हुई है। मंगलवार शाम को परीक्षा ड्यूटी देकर चारों बहनें घर जा रही थीं। रास्ते में कैराना रोड स्थित चार खंभा चौक के समीप पीछे से काले रंग की पल्सर बाइक सवार तीन युवकों ने चारों बहनों पर तेजाब फेंक दिया और फरार हो गए। इस दौरान वहां से गुजर रही अलीशा (11) पुत्री अकरम निवासी शेखजादगान भी तेजाब की चपेट में आ गई। तेजाब से झुलसी पांचों लड़कियों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग इकट्ठा हो गए। पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और आरोपियों की तलाश की, लेकिन उनका पता नहीं चल सका। गंभीर रूप से झुलसी इशा, सोनम व कमरजहां को शामली के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से तीनों को दिल्ली रेफर कर दिया गया। अलीशा को दूसरे निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है। आयशा के कम झुलसने के कारण कांधला अस्पताल में उपचार किया गया। थानाध्यक्ष पंकज वर्मा का कहना है कि घटना की गंभीरता से कई बिंदुओं पर जांच कर रही है।
पिचकारी से फेंका तेजाब
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, पांचों लड़कियों पर पिचकारी से तेजाब फेंका गया है। एक युवक बाइक चला रहा था, जबकि पीछे बैठे दोनों युवकों के हाथ में पिचकारी थी। उसी से दोनों युवकों ने एक साथ तेजाब की बौछार कर दी।
हेलमेट व रुमाल से छिपाया आरोपियों ने चेहरा
कांधला में पांच लड़कियों पर तेजाब डालने वाले आरोपियों ने चेहरा छिपाया हुआ था। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि बाइक चला रहे युवक ने हेलमेट पहने था, जबकि पीछे बैठे दोनों युवकों ने मुंह पर रुमाल बांध रखा था।
--
''तेजाब फेंकने की घटना संज्ञान में है, आरोपियों को पकड़ने के लिए कांधला व शामली की दो टीमें बनाई गई हैे। दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।''
-अब्दुल हमीद, एसपी शामली। 
 

 
  स्थानीय होने के कारण यह घटना ह्रदय को व्यथित कर गयी और मन से व्यथा कुछ इन शब्दों में व्यक्त हुई -

झुलसाई ज़िन्दगी ही तेजाब फैंककर ,
दिखलाई हिम्मतें ही तेजाब फैंककर .

अरमान जब हवस के पूरे न हो सके ,
तडपाई  दिल्लगी से तेजाब फैंककर .

ज़ागीर है ये मेरी, मेरा ही दिल जलाये ,
ठुकराई मिल्कियत से तेजाब फैंककर .

मेरी नहीं बनेगी फिर क्यूं बने किसी की,
सिखलाई बेवफाई तेजाब फैंककर .

चेहरा है चाँद तेरा ले दाग भी उसी से ,
दिलवाई निकाई ही तेजाब फैंककर .

 देखा है प्यार मेरा अब नफरतों को देखो ,
झलकाई मर्दानगी तेजाब फैंककर .

 शैतान का दिल टूटे तो आये क़यामत ,
निपटाई हैवानगी तेजाब फैंककर .

 कायरता है पुरुष की समझे बहादुरी है ,
छलकाई बेबसी ही तेजाब फैंककर .

 औरत न चीज़ कोई डर जाएगी न ऐसे ,
घबराई जवानी पर तेजाब फैंककर .

उसकी भी हसरतें हैं ,उसमे भी दिलावरी ,
धमकाई बेसुधी ही तेजाब फैंककर .

 चट्टान की मानिंद ही है रु-ब-रु-वो तेरे ,
गरमाई ''शालिनी'' भी तेजाब फैंककर .

       शालिनी कौशिक
             [कौशल]

 शब्दार्थ  :ज़ागीर -पुरुस्कार स्वरुप राजाओं महाराजाओं द्वारा दी गयी ज़मीन ,मिल्कियत-ज़मींदारी ,निपटाई -झगडा ख़त्म करना ,निकाई-खूबसूरती




एक पुरुष पर विश्वास और बलात्कृत लड़की !-एक लघु कथा





 कोर्ट मैरेज कर  ज्यों  ही पवित्रा व्  प्रभात रजिस्ट्रार ऑफिस से बाहर आये  विभिन्न टी.वी.  चैनलों के संवाददाताओं ने उन्हें घेर लिया .सभी उन्हें बधाई देने लगे .मून चैनल के संवाददाता ने अपने कैमरामैन से कैमरा उन दोनों पर फोकस करने का इशारा करते हुए अपना माइक प्रभात की ओर करते हुए प्रश्न पूछा -'' प्रभात जी एक बलात्कार पीडिता से विवाह कर उसके जीवन में आशा का संचार करने का आत्म विश्वास आपमें कैसे जागा ?'' प्रभात थोड़े सख्त लहजे में बोला -'' आप लोकतंत्र के चौथे स्तम्भ कहलाते हैं पर आप में इतनी भी संवेदना नहीं कि आप एक स्त्री को खुलेआम बार-बार  ''बलात्कार-पीडिता''  कहकर उसकी गरिमा की धज्जियाँ उड़ाते हैं .मेरी पत्नी का नाम पवित्रा है उसे इसी नाम से संबोधित करें और रही बात आत्म विश्वास की तो ये पवित्रा का मुझ पर अहसान है कि उसने एक पुरुष पर विश्वास कर विवाह-निवेदन को स्वीकार किया अन्यथा जंगली कुत्तों के जैसे पुरुषों की दरिंदगी का शिकार होने के बाद कौन लड़की किसी पुरुष पर विश्वास कर सकेगी ?'' यह कहकर  प्रभात ने पवित्रा का हाथ पकड़ा और भीड़ को  चीरता हुआ वहां से निकल लिया !

       शिखा कौशिक 'नूतन '

सोमवार, 1 अप्रैल 2013

वो लड़की आँखों के अंगारों से ठन्डे ज़ज्बात तपा देती है !

Mad_girl : Latin girl with an angry and desperate look isolated on a white background Stock Photo 

वो  लड़की  पगली  है ,
बावली है , बहकी हुई है ,
तभी तो ठहाका लगा देती है !
उसके ठाहके की गूँज   
सोये  हुए  ज़मीर जगा  देती है !! 


दुष्कर्म पीडिता की मौत पर
आक्रोशित होती है ,रोती है
और जब उस पीडिता का
पिता लेता है इस हादसे
का मुआवजा और भाई
मांगते हैं नौकरी
तब वो लड़की चीखकर

कहती है बेशर्मों बंद करो
ये सब,  वहशीपन
तुममे भी कम नहीं !
मजाक मत बनाओ मेरी
सखी साथ हुई
दरिदगी  का  !



ये कहकर हो जाती है चुप
फिर बिखरे  बालों को कसकर
पकड़ती है हथेलियों  में ,
सिर उठाकर देखती है
सहमी नज़रों से इधर-उधर ,
आँखों के अंगारों से
ठन्डे ज़ज्बात तपा देती है !
वो लड़की पगली है

बावली है , बहकी हुई है ,
तभी तो ठहाका लगा देती है !



 वो कहती है बैठो सडको पर
जब तक दुष्कर्मी सब
चढ़ न जाये फाँसी  पर  ,
ठुकरा दो मुआवज़े ,
नौकरी की पेशकश और
फ़्लैट ,बस याद रखो
वे आँहें ; वे टीस जो
बिटिया ने भरी -सही हैं !
ज़ख्म देने वालों को
 इतने सस्ते में मत छोड़ो !


 ये कहकर खींचती है
लम्बी सांसे और चुप हो जाती है ,
फिर सोचती है अपना नाम
पर याद नहीं आता ,
वो सड़क पर पड़ा एक पत्थर
आकाश में उछाल देती है ,
बुझे आशा के दिए दिल में जगा  देती है ,

वो लड़की पगली है
बावली है , बहकी हुई है ,
तभी तो ठहाका लगा देती है !




शिखा कौशिक 'नूतन '



राजो की हैप्पी फ़ैमिली


भाइयों से भी शादी की प्रथा

हिंदुओं में अगर पत्नी जीवित है तो एक से अधिक शादी करना वर्जित है। यही नियम पत्नी पर भी लागू होता है। महाभारत में दौपद्री के पांच पति थे, वह चाहे कुछ भी रहा हो। देश के कुछ हिस्सों में आज भी यदा-कदा महाभारत की यह प्रथा नजर आ जाती है। एक गांव है देहरादून के पास जहां कुछ परिवारों में आज भी यह प्रथा जारी है। 21 साल की राजो वर्मा भी इसी तरह की एक महिला है। वह एक कमरे के घर में अपने परिवार के साथ रहती है। खास बात यह है कि उसके पांच पति हैं। 

सभी-यानी बच्चे , पति और मां एक साथ एक कमरे में कंबल बिछा कर सोते हैं। राजो हर रात अलग-अलग पति के साथ बिताती है। उसे पता ही नहीं है कि उसका 18 महीने का बेटा जय उसके किस पति से है। देहरादून के पास एक छोटे से गांव में रहने वाली राजो की शादी गांव के पांच भाइयों के साथ हुई है।

इस हैपी फैमिली में राजो के पांच पतियों में 32 साल का बज्जू वर्मा, 28 साल का संत राम वर्मा, 26 साल का गोपाल वर्मा, 21 साल का गुड्डू वर्मा और राजो से भी छोटा उसका पांचवां पति 19 साल का दिनेश वर्मा है।

असल में देहरादून के इस छोटे से गांव में यह परंपरा है कि औरत को अपने पति के अन्य भाइयों से भी शादी करनी होती है। राजो की असल में गुड्डू के साथ शादी हुई थी। उसके बाद उसने परंपरानुसार गुड्डू के अन्य भाइयों के साथ भी शादी कर ली। हाल ही में इनका सबसे छोटा भाई दिनेश भी राजो का पति बन गया है।

राजो के पहले पति गुड्डू का कहना है कि उसे कभी यह दिक्कत पेश नहीं आई और न ही जलन हुई कि राजो उसके अलावा उसके चार और भाइयों के साथ भी रहती है।