मंगलवार, 17 मार्च 2015

सुहागन से विधवा ही भली .'' -लघु- कथा



ऐसी सुहागन से विधवा  ही  भली .'' -लघु- कथा
Poverty Woes Royalty Free Stock Photography
google se sabhar 

पति के शव के पास बैठी ,मैली धोती के पल्लू से मुंह ढककर ,छाती पीटती ,गला  फाड़कर चिल्लाती सुमन को बस्ती की अन्य महिलाएं ढाढस  बंधा रही थी  पल्लू के भीतर  सुमन की आँखों से एक  भी  आंसू  नहीं  बह  रहा था  और  उसका दिल  कह  रहा था  -''अच्छा   हुआ हरामजादा ट्रक  के नीचे  कुचलकर मारा  गया  . मैं  मर  मर  कर  घर  घर  काम करके  कमाकर   लाती   और  ये   सूअर   की औलाद  शराब में  उड़ा   देता .मैं  रोकती  तो  लातों -घूसों से  इतनी   कुटाई   करता   कि हड्डी- हड्डी  टीसने  लगती  . जब चाहता  बदन नोचने    लग  जाता  और अब  तो जवान  होती  बेटी  पर भी ख़राब  नज़र  रखने  लगा  था  .कुत्ता  कहीं  का  ....ठीक  टाइम  से  निपट  गया  .ऐसी  सुहागन  से  तो मैं विधवा  ही  भली .'' सुमन  मन  में ये सब सोच  ही  रही  थी  कि  आस  पास  के मर्द  उसके  पति  की  अर्थी  उठाने  लगे  तो सुमन  बेसुध  होकर बड़बड़ाने लगी -  ''   हाय ...इब मैं किसके लिए सजूँ सवरूंगी ......हाय मुझे भी ले चलो ..मैं भी इनकी चिता पर जल मरूंगी ....'' ये कहते कहते वो उठने लगी तो इकठ्ठी  हुई महिलाओं ने उसे कस कर पकड़ लिया .उसने चूड़ी पहनी कलाई ज़मीन पर दे मारी
सारी चूड़ियाँ चकनाचूर हो गयी और सुमन  दिल ही दिल में सुकून   की साँस लेते हुए बोली  -'' तावली ले जाकर फूंक दो इसे ...और बर्दाश्त नहीं कर सकती मैं .''

शिखा कौशिक 'नूतन'

शनिवार, 14 मार्च 2015

संस्कृति रक्षण में महिला सहभागिता


pretty hindu indian woman...editable vector illustration of ...-



यूनान ,मिस्र ,रोमां सब मिट गए जहाँ से ,
बाकी अभी है लेकिन ,नामों निशां हमारा .
कुछ बात है कि हस्ती मिटती नहीं हमारी ,
सदियों रहा है दुश्मन ,दौरे ज़मां हमारा .
भारतीय संस्कृति की अक्षुणता को लक्ष्य कर कवि इक़बाल ने ये ऐसी अभिव्यक्ति दी जो हमारे जागृत व् अवचेतन मन में चाहे -अनचाहे विद्यमान  रहती है  और साथ ही इसके अस्तित्व में रहता है वह गौरवशाली व्यक्तित्व जिसे प्रभु ने गढ़ा ही इसके रक्षण के लिए है और वह व्यक्तित्व विद्यमान है हम सभी के सामने नारी रूप में .दया, करूणा, ममता ,प्रेम की पवित्र मूर्ति ,समय पड़ने पर प्रचंड चंडी ,मनुष्य के जीवन की जन्मदात्री ,माता के समान हमारी रक्षा करने वाली ,मित्र और गुरु के समान हमें शुभ कार्यों  के लिए प्रेरित करने वाली ,भारतीय संस्कृति की विद्यमान मूर्ति श्रद्धामयी  नारी के विषय में ''प्रसाद''जी लिखते हैं -
''नारी तुम केवल श्रद्धा हो ,विश्वास रजत नग-पग तल में ,
पियूष स्रोत सी बहा करो ,जीवन के सुन्दर समतल में .''
संस्कृति और नारी एक दूसरे के पूरक कहे जा सकते हैं .नारी के गुण ही हमें संस्कृति के लक्षणों के रूप में दृष्टिगोचर होते हैं .जैसे भारतीय नारी में ये गुण है  कि वह सभी को अपनाते हुए गैरों को भी अपना बना लेती है वैसे ही भारतीय संस्कृति में विश्व के विभिन्न क्षेत्रों से आई संस्कृतियाँ समाहित होती गयी और वह तब भी आज अपना अस्तित्व कायम रखे हुए है और यह गुण उसने नारी से ही ग्रहण किया है .
   संस्कृति मनुष्य की विभिन्न साधनाओं की अंतिम परिणति है .संस्कृति उस अवधारणा को कहते हैं जिसके आधार पर कोई समुदाय जीवन की समस्याओं पर दृष्टि निक्षेप करता है .''आचार्य हजारी प्रसाद द्वैदी  ''के शब्दों में ,-
''नाना प्रकार की धार्मिक साधनाओं कलात्मक प्रयत्नों और भक्ति तथा योगमूलक अनुभूतियों के भीतर मनुष्य उस महान सत्य के व्यापक और परिपूर्ण रूप को क्रमशः  प्राप्त करता जा रहा है जिसे हम ''संस्कृति''शब्द द्वारा व्यक्त करते हैं .''
    इस प्रकार किसी समुदाय की अनुभूतियों के संस्कारों के अनुरूप ही सांस्कृतिक अवधारणा का स्वरुप निर्धारित होता है .संस्कृति किसी समुदाय,जाति अथवा देश का प्राण या आत्मा होती है ,संस्कृति द्वारा उस जाति ,राष्ट्र अथवा समुदाय के उन समस्त संस्कारों का बोध होता है जिनके सहारे वह अपने आदर्शों ,जीवन मूल्यों आदि का निर्धारण करता है और ये समस्त संस्कार जीवन के समस्त क्षेत्रों में नारी अपने हाथों  से प्रवाहित  करती  है .जीवन के आरम्भ  से लेकर अंत तक नारी की भूमिका संस्कृति के रक्षण में अमूल्य है .
    भारतीय संस्कृति का मूल तत्व ''वसुधैव कुटुम्बकम ''है .सारी वसुधा को अपना घर मानने वाली संस्कृति का ये गुण नारी के व्यव्हार में स्पष्ट दृष्टि गोचर होता है .पूरे परिवार को साथ लेकर चलने वाली नारी होती है .बाप से बेटे में पीढ़ी  दर पीढ़ी संस्कार भले ही न दिखाई दें किन्तु सास से बहू तक किसी भी खानदान के रीति-रिवाज़ व् परम्पराएँ हस्तांतरित होते सभी देखते हैं .
    ''जियो और जीने दो''की परंपरा को मुख्य सूत्र के रूप में अपनाने वाली हमारी संस्कृति अपना ये गुण भी नारी के माध्यम  से जीवित रखते दिखाई देती है .हमारे नाखून जो हमारे शरीर पर मृत कोशिकाओं के रूप में होते हैं किन्तु नित्य प्रति उनका बढ़ना जारी रहता है ..हमारी मम्मी ने ही हमें बताया था कि उनकी दादी ने ही उनको बताया था -''कि नाखून काटने के बाद इधर-उधर नहीं फेंकने चाहियें बल्कि नाली में बहा देना चाहिए .''हमारे द्वारा ऐसा करने का कारण पूछने पर मम्मी ने बताया -''कि यदि ये नाखून कोई चिड़िया खाले तो वह बाँझ हो सकती है और इस प्रकार हम अनजाने में चिड़ियों की प्रजाति के खात्मे के उत्तरदायी हो सकते हैं .''
         इन्सान जितना पैसे बचाने के लिए प्रयत्नशील रहता है शायद किसी अन्य कार्य के लिए रहता हो .हमारी मम्मी ने ही हमें बताया -''कि जब पानी भर जाये तो टंकी बंद कर देनी चाहिए क्योंकि पानी यदि व्यर्थ में बहता है तो पैसा भी व्यर्थ में बहता है अर्थात खर्च होता है व्यर्थ में .
     घरों में आम तौर पर सफाई के लिए प्रयोग होने वाली झाड़ू के सम्बन्ध में दादी ,नानी ,मम्मी सभी से ये धारणा हम तक आई है कि झाड़ू लक्ष्मी स्वरुप होती है इसे पैर नहीं लगाना चाहिए और यदि गलती से लग भी जाये तो इससे क्षमा मांग लेनी चाहिए . और ये भावना नारी की ही हो सकती है कि एक छोटी सी वस्तु का भी तिरस्कार न हो . हमारी संस्कृति कहती है कि ''जैसा व्यवहार आप दूसरों से स्वयं के लिए चाहते हो वही दूसरों के साथ करो .''अब चूंकि सभी अपने लिए सम्मान चाहते हैं ऐसे में नारी द्वारा झाड़ू जैसी छोटी वस्तु को भी लक्ष्मी का दर्जा दिया जाना संस्कृति की इसी भावना का पोषण है वैसे भी ये मर्म एक नारी ही समझ सकती है कि यदि झाड़ू न हो तो घर की सफाई कितनी मुश्किल है और गंदे घर से लक्ष्मी वैसे भी दूर ही रहती हैं .
    हमारी संस्कृति कहती है -
   ''यही पशु प्रवर्ति है कि आप आप ही चरे ,
    मनुष्य है वही कि जो मनुष्य के लिए मरे .''
भूखे को भोजन खिला उसकी भूख शांत करना हमारी संस्कृति में मुख्य कार्य के रूप में सिखाया गया है और इसका अनुसरण करते हुए ही हमारी मम्मी ने हमें सिखाया -''कि तुम दूसरे को खिलाओ ,वह तुम्हे मुहं से दुआएँ दे या न दे आत्मा से ज़रूर देगा .''
      भारतीय संस्कृति की दूसरों की सेवा सहायता की भावना ने विदेशी महिलाओं को भी प्रेरित किया .मदर टेरेसा ने यहाँ आकर इसी भावना से प्रेरित होकर अपना सम्पूर्ण जीवन इसी संस्कृति के रक्षण में अर्पित कर दिया .आरम्भ से लेकर आज तक नर्स की भूमिका नारी ही निभाती आ रही है क्योंकि स्नेह व् प्रेम का जो स्पर्श मनुष्य को जीवन देने के काम आता है वह प्रकृति ने नारी के ही हाथों में दिया है .
    हमारी ये महान संस्कृति परोपकार के लिए ही बनी है और इसके कण कण में ये भावना व्याप्त है .संस्कृत का एक श्लोक कहता  है -
  ''पिबन्ति नद्यः स्वयमेव नाम्भः ,
  स्वयं न खादन्ति फलानि वृक्षाः.
  नादन्ति शस्याम खलु वारिवाहा ,
  परोपकाराय  सताम विभूतयः ."    
    और नारी अपने फ़र्ज़ के लिए अपना सारा जीवन कुर्बान कर देती है .अपना या अपने प्रिय से प्रिय का भी बलिदान देने से वह नहीं हिचकती है .जैसे इस संस्कृति में पेड़ छाया दे शीतलता पहुंचाते हैं नदियाँ प्यास बुझाने के लिए जल धारण करती हैं .माँ ''गंगा ''का अवतरण भी इस धरती पर जन जन की प्यास बुझाने व् मृत आत्माओं की शांति व् मुक्ति के लिए हुआ वैसे ही नारी जीवन भी त्याग बलिदान की अपूर्व गाथाओं से भरा है इसी भावना से भर पन्ना धाय ने अपने पुत्र चन्दन का बलिदान दे कुंवर उदय सिंह की रक्षा की .महारानी सुमित्रा ने इसी संस्कृति का अनुसरण करते हुए बड़े भाइयों की सेवा में अपने दोनों पुत्र लगा दिए .देवी सीता ने इस संस्कृति के अनुरूप ही अपने पति चरणों की सेवा में अपना जीवन अर्पित कर दिया .उर्मिला ने लक्ष्मण की आज्ञा पालन के कारण अपने नयनों से अश्रुओं को बहुत दूर कर दिया ..
      नारी का संस्कृति रक्षण में सहभाग ऐसी अनेकों कहानियों को अपने में संजोये है इससे हमारा इतिहास भरा है वर्तमान जगमगा रहा है और भविष्य भी निश्चित रूप में सुनहरे अक्षरों में दर्ज होगा .

                              शालिनी कौशिक 
                        [   कौशल ]
                             

रविवार, 8 मार्च 2015

स्त्री -पुरूष अत्याचार ----नैतिकता ,बल और बलवान व समाज....डा श्याम गुप्त ...




                     वस्तुतः बात सिर्फ़ नैतिकता व बल की है। सब कुछ इन दोनों के ही पीछे चलता है। बल चाहे शारीरिक, सामूहिक, आत्मिक या नैतिक बल हो सदैव अपने से कमजोर पर अत्याचार करता है।  स्त्रीस्त्री  -पुरुष दोनों के लिए ही विवाह, मर्यादा आदि नैतिकताएं निर्धारित कीं समाज ने।   समाज क्या है ? जब हम सब ने यह देखा कि, सभी व्यक्ति एक समान बलवान नहीं होते एवं बलवान सदा ही अशक्त पर अत्याचार कराने को उद्यत हो जाता है, तो आप, हम सब स्त्री-पुरुषों ने मिलकर कुछ नियम बनाए ताकि बल या शक्ति -अन्य पर अत्याचार न करे, अपितु विकास के लिए कार्य करे। वही नियम सामाजिक आचरण, मर्यादा आदि कहलाये।
                                 "
सर्वाइवल ऑफ़ फिटेस्ट " मानव से निचले क्रम के प्राणियों के लिए शत प्रतिशत लागू होता है, परन्तु मानव समाज में -समरथ को नहीं दोष गुसाईं - की शिकायत करने वाले भी होते हैं। समाज होता है, प्रबुद्धता होती है, अन्य से प्रतिबद्धता का भाव होता है,  अतः सर्वाइवल ऑफ़ फिटेस्ट को कम करने के लिए समाज ने नियम बनाए।
                     
समाज कोई ऊपर से आया हुआ अवांछित तत्व नहीं है--हम ,आप ही तो हैं। नियम नीति निर्धारण में स्त्रियों की भी तो सहमति थीं । अतः सदा स्त्री पर पुरूष अत्याचार की बात उचित व सही नहीं है। जहाँ कहीं भी अनाचरण, अनैतिकता सिर उठाती है, वहीं बलशाली (शारीरिक बल, जन बल, सामूहिक बल, धन बल, शास्त्र बल ) सदा कमज़ोर उत्प्रीडन करता है। चाहे वे स्त्री-स्त्री हों, पुरुष  -पुरूष हों या स्त्री-पुरूष - पुरूष-स्त्री परस्पर।
                        
अतः बात सिर्फ़ नैतिकता की है , जो बल को नियमन में रखती है। बाकी सब स्त्री -पुरूष अत्याचार आदि व्यर्थ की बातें हैं । नीति-नियम अशक्त की रक्षा के लिए हैं न कि अशक्त पर लागू करने के लिए, जो आजकल होरहा है, प्रायः होजाता है सदा ही। पर यह सब अनैतिक कार्य मानव करता है समाज नहीं ।
                            
जो लोग समाज को कोसते रहते हैं, वे स्वार्थी हैं, सिर्फ़ स्वयं के बारे में एकांगी सोच वाले। जब किसी पर अत्याचार होता है तो वह (अत्याचार- संस्था, समाज, देश, शासन नहीं अपितु अनैतिक व भ्रष्ट लोग करते हैं। ) अपने दुःख में एकांगी सोचने लगता है, वह समाज को इसलिए कोसता है कि समाज ने उसे संरक्षण नहीं दिया, अनाचारी, अत्याचारी लोगों से क्योंकि उसमे स्वयं लड़ने की क्षमता नहीं थी। अतः बात वही बल व शक्ति के आचरण की है। समाज -- नैतिकता व आचरण द्वारा निर्बल को बल प्रदान करता है। बलवान का नियमन करता है।

गुरुवार, 5 मार्च 2015

कैसे रंगे बनवारी ...डा श्याम गुप्त....



कैसे रंगे बनवारी

सोचि सोचि राधे हारी, कैसे रंगे बनवारी,
कोऊ तौ न रंगु चढ़े, नीले अंग वारे हैं |
बैजनी वैजंतीमाल, पीत पट कटि डारि,
ओठ लाल-लाल श्याम. नैन रतनारे हैं |
हरे बांस वंसी हाथ, हाथन भरे गुलाल ,
प्रेम रंग सन्यो कान्ह, केस कज़रारे हैं |
केसर अबीर रोरी, रच्यो है विसाल भाल,
रंग रंगीलो तापै,  मोर-मुकुट धारे हैं || 

चाहें कोऊ रंगु डारौ, चढिहै न लालजू पे,
क्यों न चढ़े रंग, लाल, राधा रंगु हारौ है |
राधे कहो नीलु तन, चाहें स्याम-घन सखि !
तन कौ है कारौ, पै मन कौ न कारौ है |
जन कौ दुलारौ कहौ, सखियन प्यारौ कहौ,
तन कौ रंगीलौ कहौ, मन उजियारो है |
एरी सखि ! जियरा के प्रीति रंग ढारि देऊ,
श्याम रंग न्यारौ चढ़े, सांवरो नियारो है ||
 

शनिवार, 28 फ़रवरी 2015

बेटी का हक़ -कहानी

Image result for free images of no dowry-death
बेटी का हक़ -कहानी 



सेवानिवृत बैंक-अधिकारी आस्तिक ने तौलिये से गीला चेहरा पोंछते हुए अपनी धर्मपत्नी मंजू से कहा - 'हर दहेज़ -हत्या के जिम्मेदार ससुरालवालों से ज्यादा लड़की के मायके वाले होते हैं . तुम मेरी बात मानों या ना मानों पर सच यही है . कितनी ही विवाहित बेटियां मौत के मुंह में जाने से बच जाती यदि उनके मायके वाले ससुराल से तिरस्कृत बेटियों को  बार-बार धक्का देकर  उसी नारकीय ससुराल में न धकेलते ; जो उन्हें साँस तक लेने की इज़ाज़त नहीं देता .'' मंजू आस्तिक की की बात पर बिफरते हुए बोली -'' मैं कुछ नहीं जानती .मेरे पेट में तो हॉल हो रही है ...पता नहीं पूजा कैसी होगी वहां  ? मैंने कहा था उससे -बेटा पहुँचते ही फोन कर देना पर ....साँझ ढलने आ गयी और उसका फोन अब तक नहीं आया .मैं भी फोन नहीं मिला सकती .पूजा के ससुराल का मामला है क्या पता शुभम को पसंद न आये ? हे भगवान ! मेरी बच्ची के रक्षा करना .''
मंजू के भगवान के आगे हाथ जोड़ते ही आस्तिक भड़क उठा -'' अब ये सब रहने दो .मैं चाहता था कि पूजा किसी अच्छी नौकरी में लग जाये तभी ब्याह करूंगा पर तुम्हारी जिद के कारण पूजा की बी.एस.सी  पूरी होते ही उसके लिए लड़के देखने शुरू कर दिए और अब भी तुम्हारी ही जिद पर शुभम जैसे दामाद के साथ भेजा है उसे ....पर एक बात याद रखना यदि इस बार शुभम ने पूजा पर हाथ उठाया तो अपनी बेटी को हमेशा के लिए यही ले आऊंगा ...भाड़ में जाये तुम्हारा समाज और तुम्हारी बिरादरी .'' अपनी इकलौती बिटिया की चिंता में फुंकारता  हुआ आस्तिक मंजू को लगभग घूरता हुआ उस कमरे से दुसरे कमरे की ओर बढ़ लिया . मंजू बेमन से रसोईघर में चली गयी .मन में विचारों की आँधियाँ चलने लगी मंजू के . उसके मन में आया - क्या गलती मेरी ही है ? जब मैं ब्याह कर आई थी तब सासू माँ के ताने मैंने भी सहे थे .इनसे जुबान लड़ाने  पर थप्पड़ मैंने भी खाया था .ससुर जी ने पिता जी से बहुत ज्यादा दहेज़ की आस पाली थी पर मेरे पिता जी तो कम्युनिस्ट पार्टी  से विधायक बने थे .उनका ऊँचा रुतबा था पर नकद पैसा , जमीन-जायदाद ...ये सब कहाँ था पिता जी पर ! मैं भी मायके गयी थी यहाँ से गुस्से में पर तब माँ ने ही समझाया था कि बिटिया घर-गृहस्थी में ये सब चलता रहता है .रोज़ नाक कटती है और रोज़ जुड़ती है फिर पूजा के मामले में एकदम दहेज़-हत्या तक की सोचकर क्या शुभम से उसका तलाक करवा दूँ . ना मेरे संस्कार नहीं हैं ऐसे .'' मंजू के ये सोचते -सोचते ही उसका मोबाइल बज उठा .पूजा का ही फोन था .पूजा की आवाज़ घबराई हुई सी आ रही  थी पूजा ने बताया कि ससुराल पहुँचते ही शुभम ने बैडरूम में ले जाकर उसकी बेल्टों से पिटाई की और बोला -'' अपने घर में बड़ी लम्बी जुबां निकलती है तेरी .चार लाख लाने  को कहा था लाने को..एक कौड़ी भी नहीं लाई ...और हाँ क्या कह रही अपने बाप से ..मैंने थप्पड़ मारा था तेरे .....ले अब बेल्टें खा ..बोल करेगी शिकायत हमारी ..फूंक के डाल दूंगा तुझे ..इकलौती संतान है तू ..उनकी सारी संपत्ति -पैसा मेरा है ..समझी ...'' और सास व् ससुर चुपचाप खड़े तमाशा देखते रहे . किसी तरह बैडरूम से भागकर वो पाखाने में घुस गयी और उसका किवाड़ अंदर से बंद कर लिया .मोबाइल उसने ब्लाउज में छिपा रखा था जिससे वो फोन कर पाई . मंजू पूजा की बातें सुनकर बस इतना ही दिलासा उसे दे पाई -'' तू डर मत  पूजा ..मैं और तेरे पापा आ रहे हैं .'' ये कहकर मंजू रसोईघर से धड़धड़ाते हुए निकली और आस्तिक को पुकारते हुए बोली -'' अजी सुनते हो जी .....गाड़ी निकालो ..अब एक मिनट की भी देर ठीक नहीं ....वे मार डालेंगें मेरी बच्ची को .'' मंजू की घबराई हुई आवाज़  सुनकर आस्तिक हड़बडाता हुआ मंजू के पास वहीँ आया  और सारी बात जानकर उसका खून खौल उठा .उसने तुरंत कार की चाबी उठाई और मंजू से बोला -'' मैं कार निकलता हूँ गैरेज से तुम घर बंद करो .'' मंजू ने झटाझट सब बंद किया और आस्तिक के मेन  गेट से कार बाहर निकालते ही उस पर भी ताला ठोंक दिया .मंजू के कार में बैठते ही आस्तिक ने कार स्टार्ट की और दोनों अपनी बच्ची के सलामती की दुआ मनाते हुए पास के ही शहर में उसकी ससुराल के लिए रवाना हो लिये .एक घंटे का  सफर तय कर मंजू व् आस्तिक जब पूजा की ससुराल पहुंचे तब रात के आठ बजने आ गए थे और बेटी के ससुराल के घर के बाहर काफी भीड़ जमा थी .उस भीड़ को देखकर बेटी के अशुभ का विचार कर मंजू और आस्तिक का दिल बैठ गया.वे भीड़ को चीरते हुए घर की भीतर पहुंचे .इकठ्ठा भीड़ में से कोई चिल्लाया -'' अरे किवाड़ तोड़ दो पाखाने का .....बेचारी पागल बहू वहीं बंद है !'' आस्तिक ने देखा शुभम और उसके पिता जी पाखाने का किवाड़ पीट रहे हैं और पूजा की सास वहीं जमीन पर नीचे बैठ कर सिर पकड़कर तमाशा कर रही है .आस्तिक ने आगे बढ़कर शुभम  को धक्का देकर हटाया और चीखते हुए बोला -'' हरामजादो ...पागल मेरी बेटी नहीं तुम हो ..पूजा ..पूजा बेटा बाहर आ जा ..मैं आ गया हूँ बेटा ....अब तेरे खरोंच तक नहीं लगने  दूंगा. अब तेरी माँ की भी  बात नहीं सुनूंगा ...तू बाहर आ जा पूजा !'' आस्तिक के ये कहते ही पाखाने के किवाड़ खुले और बेल्टों से लहूलुहान देह के साथ बेसुध पूजा उससे आकर लिपट गयी .मुंह से बस इतना निकला -'' पापा मुझे यहाँ से ले चलो !'' ये कहते-कहते ही बेहोश होकर पूजा आस्तिक की बाँहों में झूल गयी . मंजू ने आगे बढ़कर उसे संभाला तभी भीड़ से निकल कर एक सज्जन आये और बोले -'' मैं डॉक्टर हूँ ..पास ही मेरी क्लीनिक है आप बिटिया को वहीं ले चलिए !'' आस्तिक ने वहां उपस्थित भीड़ को सम्बोधित करते हुए कहा -'' भाइयो ..माताओं  ..मैं अपनी बिटिया को जरा इलाज के लिये लेकर जा रहा हूँ ..आप ध्यान रखें ये अपराधी कहीं भाग न पाएं !'' उस भीड़ में से एक युवक ने आगे बढ़ कर कहा -'' आप चिंता न करें ..हमने पुलिस को फोन कर दिया है वे आते ही होंगें .हमें तो पहले ही शक था था कि ये पूजा बहन को प्रताड़ित करते हैं पर आस-पड़ोस के लिहाज़ के कारण हम बोलते नहीं थे .आज ये बच नहीं पायेंगें .'' उस युवक के ये कहते ही कितने ही युवक शुभम  ,उसके पिता को पकड़ कर सड़क पर ले आये और जूतो-चप्पलों से उनकी मरम्मत करने लगे .तभी पुलिस का साइरन सुनाई दिया और पुलिस की जीप रुकते ही भीड़ तितर-बितर होनी शुरू हो गयी .कुछ युवकों ने पुलिस को सारा मामला समझाया तो पुलिस शुभम  और उसके माता-पिता को गिरफ्तार कर थाने ले गयी .
                 उधर आस्तिक व् मंजू पूजा को लेकर क्लीनिक पहुंचे .पूजा का सारा शरीर बेल्ट से पिटाई के कारण नीला पड़ा हुआ था .डॉक्टर साहब के इंजेक्शन लगाने के थोड़ी देर बाद पूजा को होश आया .पूजा के होश में आते ही मंजू उसके आगे हाथ जोड़ते हुए बोली -'' बिटिया मुझे माफ़ कर दे ..मैंने ही तेरे पापा से जिद कर तुझे वापस ससुराल भेजने की विनती की थी ...मैंने ही कहा था तेरे पापा से कि पूजा को ससुराल भेज दो वरना  बिरादरी में बेइज्जती होगी .मैं समझ नहीं पाई कि ससुरालिये पैसे के लालच में मेरी बेटी को जान से मारने पर ही उतारू हो जायेंगें .ब्याह के पांच महीनों में ही इन्होनें अपना राक्षसी रूप दिखा दिया . जिस बच्ची पर मैंने माँ होकर भी हाथ नहीं उठाया उसे इतनी बुरी तरह मारा ....पर  चिंता  न कर लाडो ....तेरे पापा की ही चलेगी अब .तू अपने पैरो पर खड़ी होगी ..आज से ही मैं अपने दकियानूसी विचारों को स्वाहा करे देती हूँ ..और अगर बिरादरी का कोई कुछ कहेगा तब मैं पूछूंगी उससे कि यदि मेरी बेटी को ससुरालिये जलाकर मार देते ..फांसी पर चढ़ा देते तब तुम दो शब्द सहानुभूति के जता कर चले जाते पर उससे मेरी लाडो वापस आ जाती क्या ? औरत का धर्म निभाना है ,सहना है पर हर बात की एक सीमा होती है ,जब कोई दूसरा उस सीमा को पार करने के लिए विवश कर दे तब हमारे संस्कार भी हमें विद्रोह की आज्ञा देते हैं .'' मंजू की ये बातें सुन बैड पर लेटी हुई पूजा ने आस्तिक की ओर देखा तो आस्तिक पूजा के सिर  पर स्नेह से हाथ फेरते हुए बोला -'' तेरी माँ की सोच बदल गयी बस ये समझ सारी दुनिया बदल गयी .बेटी का विवाह कर देने से बेटी के माता-पिता का कर्तव्य पूर्ण नहीं हो जाता. यदि ससुराल में वो परेशान की जाती है तब उसका हक़ है कि वो मायके में आकर रहे ..उसी गरिमा के साथ जैसे विवाह के पूर्व रहती थी ....अब तू मजबूत बनकर जीवन में आने वाली सारी चुनौतियों से कह दे कि -मैं तैयार हूँ तुमसे लड़ने के लिए क्योंकि मेरे माँ-पापा मेरे साथ हैं .'' आस्तिक के ये कहते ही पूजा की आँखें भर आई और मंजू ने झुककर उसका माथा चूम लिया .

शिखा कौशिक 'नूतन'