शुक्रवार, 19 अप्रैल 2013

दुर्गा सप्तशती के अनुसार ...देवी के १०८ नाम ..डा श्याम गुप्त.....



  

                       देवी के नौ रूप अर्थात –  नारी के नौ रूप-भाव

 
               नारी को सदा ही आदि-शक्ति का रूप माना जाता है | संसार की उत्पत्ति, स्थिति, संसार चक्र की व्यवस्था, व लय .... सभी आदि-शक्ति का ही कृतित्व होता है | इसी प्रकार समस्त संसार व जीवन-जगत एवं पुरुष जीवन –नारी के ही चारों ओर परिक्रमित होता है | आदि-शक्ति या देवी के ये नौ रूप एवं नौ -दिवस ---वस्तुतः  नारी के विभिन्न रूपों व कृतित्वों के प्रतीक ही हैं |
१- शैलपुत्री --- वृषभ वाहिनी –अर्थात ...नारी बल का प्रतीक है...समस्त प्राणि-जगत व मानव की शक्ति प्रदायक ....पत्नी, माँ, पुत्री, भगिनी, मित्र ...प्रत्येक रूप में नारी- संसार व  पुरुष के लिए शारीरिक, मानसिक व आत्मिक बल प्रदायक होती है |
२-ब्रह्मचारिणी --–अष्टकमल आरूढा, श्वेत वस्त्र धारिणी ----- अर्थात नारी विद्या रूप है ---विद्या ही   शालीनता, तप, त्याग, सदाचार, संयम समयोचित वैराज्ञ प्रदान करती है, ये सभी नारी-शक्ति के मूल गुण हैं | यह ब्रह्म-ज्ञान है | नारी ही अपने विविध रूपों में मानव को, पुरुष को अष्ट-कमल रूपी विविध ज्ञान से युक्त करके उसे संसार में प्रवृत्त भी करती है-----विरत भी कर सकती है |
३-चंद्रघंटा --- मष्तिस्क पर चन्द्र का घंटा रूप –तीन नेत्र व दस भुजाएं, बाघ के सवारी --- स्वर्ण शरीर ---अर्थात तीनों लोकों  दशों दिशाओं में स्थित अपनी त्रिगुणमयी  माया –सत्, तम, रज से नियमित संसार चक्र द्वारा-- बलशाली होते हुए भी शान्ति का उद्घोष ---- नारी ही समस्त संसार में, पुरुष के मन में, जीवन में शारीरिक, मानसिक व आत्मिक शांति स्थापना द्वारा –ज्ञान का तेज, आयुष्य, आरोग्य, सुख, सम्पन्नता  व कल्याण का मार्ग प्रशस्त करती है |  
४-कुष्मांडा ---बाघ पर सवार व अष्ट-भुजी --- दुर्गा .. अर्थात ब्रह्माण्ड, ब्रह्म-अंड की सृष्टि --- नारी ही तो सृष्टि की सृष्टा है, जनक, जननी है | मानव व संसार की रक्षा-सुरक्षा हेतु विविध प्रकार के दुर्ग बनाने में सक्षम, समस्त रोग, शोक आदि निवारक होती है  |
५-स्कन्द माता--- सवारी कमल एवं सिंह दोनों ....पद्मा व सिंह वाहिनी – समस्त प्रकार का कल्याण | है |  ब्रह्म रूप सनत्कुमार को गोद में लिए एवं सूक्ष् रूप में छह सिर वाली देवी भी गोद में | अर्थात नारी पुरुष व संसार के कल्याण हेतु कल्याण हेतु भयानक व दुर्दम्य निर्णय व रूप भी ले सकती है | नारी समस्त जगत व पुरुष की पालक धारक माता भी है | जीवन, जगत व शरीर के षट्चक्रों-विविध क्रियाओं( षटरसों या खटरस—दुनिया के प्रपंच , व्यावहारिक कला, ज्ञान, कर्म  ) की नियामक भी है |
६-कात्यायिनी ---पापियों की नाशक –ऋषियों-मुनियों की सहायक, चार भुजा, सिंह सवारी – नारी का सज्जनों व  ज्ञानियों के प्रति सदा ही सम्मान, प्रेम-भाव रहता है व  उन्हें दुष्ट जनों, पापियों से सदा ही सहायता व संरक्षण उनकी प्राथमिकता होती है |
७-कालरात्रि --- या शुभंकरी –काला शरीर, केश फैले हुए, विकट-स्वरुप, आँखों से अग्नि, अर्धनारीश्वर शिव की तांडव-मुद्रा ... काली रूप ... सदैव शत्रु व दुष्टों की संहारक ...संसार व मानव हेतु कल्याण कारक| नारी का रूप सदैव ही पुरुष व संसार हेतु कल्याणकारी, शुभ कारी ही होता है परन्तु आवश्यकता पडने पर पुरुष, पिता, पुत्र, पति, भ्राता  पर आपत्ति आने पर वही – दुष्ट जनों के लिए दुर्गा रूप, काली रूप रख सकती है.. | यही शक्ति का नारी का काली रूप है |
८-महागौरी –तपस्या से गौर वर्ण प्राप्ति, श्वेत बृषभ आरूढा , श्वेत वस्त्र,डमरू-त्रिशूल धारी, अन्नपूर्णा ---अर्थात नारी पुरुष के लिए त्याग, तपस्या, तप सब कर सकती है...पुरुष की, समस्त  संसार की पालक-पोषक शक्ति है जिसके लिए वह मान करतीहै , मनाती है , डमरू भी बजाती है और त्रिशूल का भय भी दिखाती है | पुरुष व मानव के हर वय के, जीवन के हर स्तर पर  वही तो अन्नपूर्णा है जो हर प्रकार का धन, वैभव सुख, शान्ति प्राप्ति में सहायक है |
९-सिद्धिदात्री --- कमलासन पर,सुदर्शनचक्र, गदा, कमाल,शंख धारी , सरस्वती रूप श्वेत-वर्ण, महाज्ञान सहित सौम्य भाव , मधुर स्वर | विष्णु के ही अनुरूप संसार के समस्त चक्रीय-व्यवस्थाओं की नियामक.... | अर्थात नारी ही तो पुरुष के, जगत के, संसार के समस्त व्यवस्थाओं की नियामक होती है ...वही तो पुरुष को ज्ञान, कर्म व भक्ति रूपी समस्त सिद्धि-प्रसिद्धियों को प्राप्त करने में सहायक होती है, सम्पूर्ण जीवन तत्व व सम्पूर्ण सिद्धि...मोक्ष में सहायक होती है|
        यदि हम इन नवरात्र में नारी के हर वय-रूप की उपेक्षा, उस पर अन्याय, अनाचार, अत्याचार के विरुद्ध अपने सोच, विचार, समर्थन व यथासंभव कदम उठाने हेतु व प्रयत्न करने का निश्चय करें, यही देवी की सच्ची आराधना होगी |


दुर्गा सप्तशती के अनुसार ...देवी के १०८ नाम ......

महा भगवती
सती

साध्वी

भवप्रीता

भवानी

भवमोचनी

आर्या

दुर्गा

जया

आद्या

त्रिनेत्रा

शूलधारिणी

पिनाकधारिणी

चित्रा

चंडघंटा

महातपा

मन

बुद्धि

अहंकारा

चित्तरूपा

चिता

चिति

सर्वमंत्रमयी

सत्ता

सत्यानन्द स्वरूपिणी

अनंता

भाविनी

भाव्या

भव्या

अभव्या

सदागति

शाम्भवी

देवमाता

चिंता

रत्नप्रिया

सर्वविद्या

दक्ष कन्या

दक्ष यज्ञ विनासिनी

अपर्णा

अनेकवर्णा

पाटला

पाटलावती

 पट्टाम्बर परिधाना

कल मंजीर रंजिनी

अमेयविक्रमा

क्रूरा

सुन्दरी

सुरसुन्दरी

वनदुर्गा

मातंगी

मतंगमुनि पूजिता

ब्राह्मी

माहेश्वरी

एन्द्री

कौमारी

वैष्णवी

चामुंडा

वाराही

लक्ष्मी

पुरुषाकृति

विमला

उत्कर्षिणी

ज्ञाना

क्रिया

नित्या 

बुद्धिदा

बहुला

बहुल प्रेमा

सर्व वाहन वाहना

निशुम्भ-शुम्भ हननी

महिषासुरमर्दिनी

मधुकैटभ हन्त्री

चंड मुंड विनासिनी

सर्वासुरविनाशा

सर्वदानवघातिनी

सर्वशास्त्रमयी

सत्या

सर्वास्त्र धारिणी

अनेक शस्त्र हस्ता

अनेकास्त्र धारिणी

कुमारी

एककन्या

कैशोरी

युवती

यति

अप्रौढा

प्रोढ़ा

वृद्धमाता

बलप्रदा

महोदरी

मुक्तकेशी

घोररूपा

महाबला

अग्निज्वाला

रौद्रमुखी

कालरात्रि

तपस्विनी

नारायणी

भद्रकाली

विष्णुमाया

जलोदरी

शिवदूती

कराली

अनंता

परमेश्वरी

कात्यायिनी

सावित्री

प्रत्यक्षा

ब्रह्मवादिनी




! रामनवमी पर्व की हार्दिक शुभकामनायें !

! रामनवमी पर्व की हार्दिक शुभकामनायें !
किलकारी मारें बजाकर खन खन कंगना ,
नन्हें से राम लल्ला खेलें  दशरथ के अंगना !


मैय्या कौशल्या उर आनंद लहरे उमड़े ,
पैय्या चले तो पकड़ने को वे दौड़े ,
लेती बलैय्या आँचल में हैं छिपती ललना !
नन्हें से राम लल्ला खेलें  दशरथ के अंगना !


चारों भैय्या मिलकर माखन चुराते हैं ,
बड़े हैं भाई राम सबको खिलाते हैं ,
माटी के बर्तन फोड़ें आये पकड़ में ना !
नन्हें से राम लल्ला खेलें  दशरथ के अंगना !


राम के मुख की शोभा बरनि न जाये है ,
सुन्दरता देख उन्हें खुद पर लजाये है ,
शोभा की खान राम किसी से क्या तुलना !
नन्हें से राम लल्ला खेलें  दशरथ के अंगना !

शिखा कौशिक 'नूतन '

बुधवार, 17 अप्रैल 2013

कौन मजबूत? कौन कमजोर ?

 
इम्तिहान
एक दौर
चलता है जीवन भर !
सफलता
पाता है कोई
कभी थम जाये सफ़र !
कमजोर
का साथ
देना सीखा,
ज़रुरत
 मदद की
उसे ही रहती .
सदा साथ
नर का
देती रही ,
साया बन
संग उसके
खड़ी है रही ,

परीक्षा की घडी
आये पुरुष की
नारी बन सहायक
सफलता दिलाती ,
मगर नारी
चले मंजिल की ओर
पीछे उसके दूर दूर तक
वीराना रहे ,
और अकेली
वह इम्तिहान में
सफलता पाती !
फिर कौन मजबूत?
कौन कमजोर ?
दुनिया क्यों समझ न पाती ?




    शालिनी कौशिक 

मंगलवार, 16 अप्रैल 2013

''स्वयं निर्णय लो ''-लघु कथा

 

 ''स्वयं निर्णय लो ''-लघु कथा

''जूली बेटा ये क्या पहना है ?''  माँ ने मिनी स्कर्ट-टॉप पहनकर कॉलेज  जाती सत्रह वर्षीय बिटिया को टोकते हुए कहा . ''मॉम आजकल यही फैशन है .कल मैं सलवार कुरता पहनकर गयी तो मेरी सब फ्रेंड्स मुझसे बोली-आज बहन जी बनकर क्यों आई हो ?......हाउ बैकवर्ड लुकिंग ! '' जूली की माँ उसके कंधें पर हाथ रखते हुए बोली -''बेटा जब मैं पढ़ती थी तब मेरे रहन-सहन पर भी मेरे  साथी छात्र-छात्राएं फब्तियां कसा करते थे पर मैंने कभी इसकी परवाह नहीं की क्योंकि तुम्हारी नानी ने मुझे समझाया था कि आधुनिक हम फैशन के कपड़ों से नहीं बल्कि अपनी सोच व् विचारों से बनते हैं .मैंने सदैव मर्यादित वस्त्र धारण किये .अब तुम स्वयं निर्णय लो कि तुम्हे क्या पहनना  चाहिए ?''ये कहकर जूली की  माँ अपना स्टेथोस्कोप लेकर अपने क्लिनिक के लिए निकल गयी !
                              शिखा कौशिक 'नूतन'

सोमवार, 15 अप्रैल 2013







जीवन एक मॉडर्न पेंटिग

जब कभी सोचा
मैंने एकांत में
जीवन मालूम
पड़ा मुझे
किसी मॉडर्न
पेंटिग की तरह
आड़ी-तिरछी लकीरें
एक सुंदर
पहेली के जैसा
जिसे सुलझाने में
शायद
बीत जाये उम्र
और फिर भी
शायद
जो ना सुलझे कभी ∙

रविवार, 14 अप्रैल 2013

''भारतीय नारी '' ब्लॉग प्रतियोगिता -2

''भारतीय नारी '' ब्लॉग प्रतियोगिता -2 


जीवन में किस 'भारतीय नारी ' ने किया है आपको सर्वाधिक प्रभावित ? दो सौ शब्दों की सीमा में लिख दीजिये अपना संस्मरण .यही है -''भारतीय नारी '' ब्लॉग प्रतियोगिता -2 

    नियम व् शर्ते
*अपनी प्रविष्टि  केवल इस इ मेल पर प्रेषित करें [shikhakaushik666@hotmail.com].अन्यत्र प्रेषित प्रविष्टि प्रतियोगिता का हिस्सा न बन सकेंगी .प्रविष्टि  के साथ अपना पूरा पता सही सही भेंजे .
* प्रतियोगिता आयोजक का निर्णय ही अंतिम माना जायेगा .इसे किसी भी रूप में चुनौती नहीं दी जा सकेगी .
*प्रतियोगिता किसी भी समय ,बिना कोई कारण बताये  रद्द की जा सकती है .
* विजेता को '' खामोश  ख़ामोशी और हम ''काव्य संग्रह की एक प्रति पुरस्कार  स्वरुप प्रदान की जाएगी .
*उत्तर भेजने की अंतिम तिथि ३० मई  २०१३ है .
*प्रतियोगिता परिणाम के विषय में अंतिम तिथि के बाद इसी ब्लॉग पर सूचित कर दिया जायेगा .


शिखा कौशिक 'नूतन '

'भारतीय नारी ' ब्लॉग प्रतियोगिता -1 का परिणाम

'भारतीय नारी ' ब्लॉग प्रतियोगिता -1 का परिणाम 
इस प्रतियोगिता का एक भी जवाब प्राप्त नहीं हुआ .प्रश्न व् उत्तर इस प्रकार हैं -


प्रश्न १-आंठ्वी शताब्दी के अंत और नवी शताब्दी के शुरू  में अलवारों में एकमात्र महिला  का नाम बताएं .
उत्तर -आंडाल या कोदई [संस्कृत गोदा ] 

प्रश्न २-भगवान महावीर से दीक्षा लेने वाली प्रथम भिक्षुणी का नाम बताएं .
 उत्तर-चंदना [चंदनबाला ]

प्रश्न-३  ऋग्वेद के दसवे मंडल के १०९वे सूक्त की दो रचयित्री हैं .इनका नाम बताएं .
उत्तर- जुहू व् ब्रह्मवादिनी 

 प्रश्न ४-आसफ खान द्वारा गोंडवाना विजय के समय रानी दुर्गावती की छोटी बहन मुगलों के हाथ  लग गयी थी और इन्हें दरबार में भेज दिया गया था .इनका नाम बताएं .
उत्तर-कमला देवी 

 प्रश्न ५-अजीजन नाम की नर्तकी जिसने १८५७ की क्रांति में अपनी महिला  सेना  के सहयोग से क्रांतिकारियों को दूध फल ,रसद व् हथियार पहुंचकर उनका हौसला बढाया .अजीजन की इस महिला सेना का नाम क्या था ?
उत्तर-मस्तानी मण्डली 

 प्रश्न६- २० दिसंबर १९३१ को 'क्रिमिनल-ल़ा-एमेंडमेंट-एक्ट 'के अंतर्गत गिरफ्तार की गयी महान क्रन्तिकारी व् विदुषी   महिला का नाम बताएं .
उत्तर-श्रीमती लीला नाग 

 प्रश्न ७-डलहौजी-स्क्वायर-बम कांड में गिरफ्तार हुई क्रांतिकारी महिला का नाम बताएं .
उत्तर-श्रीमती रेणुका सेन 

 प्रश्न ८- प्रथम आदित्य  बिरला कला शिखर पुरस्कार  प्राप्त करने वाली महिला का नाम बताएं .
उत्तर-सुश्री लता मंगेशकर 

 प्रश्न ९-  ३० मार्च १९०८ को दक्षिण भारत के वाल्टेयर नगर में जन्मी भारतीय फिल्मों की  अभिनेत्री का नाम बताएं .
उत्तर-देविका रानी 

 प्रश्न 10 -भारत की प्रथम महिला म्रदंगमवादक  का नाम बताएं .
उत्तर-टी .रंग नयनी अम्माल 

     शिखा कौशिक 'नूतन '