शुक्रवार, 16 नवंबर 2012

'मुझे ऐसे न खामोश करें '

'मुझे ऐसे न खामोश करें '

आ ज मुंह खोलूंगी मुझे ऐसे न खामोश करें ,
मैं भी इन्सान हूँ मुझे ऐसे न खामोश करें !

तेरे हर जुल्म को रखा है छिपाकर दिल में ,
फट न जाये ये दिल कुछ तो आप होश करें !

मुझे बहलायें नहीं गजरे और कजरे से ,
रूमानी बातों से न यूँ मुझे मदहोश करें !

मेरी हर इल्तिजा आपको फ़िज़ूल लगी ,
है गुज़ारिश कि आज इनकी तरफ गोश करें !

मेरे वज़ूद  पर ऊँगली न उठाओ 'नूतन' ,
खून का कतरा -कतरा यूँ न मेरा नोश करें  !                            

शिखा कौशिक 'नूतन'

गुरुवार, 15 नवंबर 2012

अन्त्याक्षरी --लघु कथा ...डा श्याम गुप्त ..


                                      ईशान कोण से चली हवा,
                                      निकला सूरज का गोला |
                                      छिपा चाँद और गयी रात्रि,
                                      वन में इक पांखी बोला|               
                                   

               "यह तो कोई कविता नहीं है !"   अन्त्याक्षरी के दौर में मैंने जब यह कवितांश सुनाया तो मकान मालिक का पुत्र सतीश बोला | 
              क्यों ? यह द्विवेदी जी द्वारा किया गया प्रात: वर्णन है | तुम्हें याद नहीं तो हम क्या करें, मैंने कहा |...  'ल'  पर हुआ, 'ल' पर बोलो, जल्दी; चालाकी से अधिक समय मत लो |  मेरी तरफ  के  सदस्य चिल्लाए |
              स्मृतियों का खाता खुलने लगता है |  बचपन में छत पर समय मिलते ही बच्चों  की मंडली जुड़ने पर, अन्त्याक्षरी का खेल तो एक आवश्यक पास्ट-टाइम था किशोरों का |  मोहल्ले के आसपास के बच्चों की छत पर एकत्रित होकर दो टोलियाँ बनाकर, कविता, छंद, दोहा, गीत आदि के गायन की प्रतियोगिता होती थी यह |  कड़ी शर्त यह होती थी की कविता, दोहा या कोई भी छंद-गीत आदि का कम से कम एक पूरा बंद होना चाहिए, आधा-अधूरा नहीं; जो मूलतः  रामायण या प्रसिद्द कवियों की कृतियों से होते थे |  यह वास्तव में काव्य, साहित्य द्वारा सदाचरण-संस्कृति के पुरा मौखिक ज्ञान के सहज रूप को जीवित रखने का ही एक उपक्रम था जो खेल-खेल में ही तमाम आचार-व्यवहार-सत्संग, सदाचरण  सम्प्रेषण के पाठ भी हुआ करते थे | आज की तरह फ़िल्मी गानों के टुकड़ों का भोंडा प्रदर्शन नहीं |
                      अगला पन्ना खुलता है ....सामने की छत से अचानक मीरा की आवाज आई,"  मुझे पता है, किस कवि की कविता  है| सुन्दर है|"...फिर मेरी तरफ देखकर अपनी तर्जनी उंगली चक्र-सुदर्शन की मुद्रा में उठाकर सर हिलाते हुए चुपचाप बोली, " चालाकी, इतनी सफाई से ! "... मैंने उसे आँख तरेर कर उंगली मुंह पर रखकर चुप रहने का इशारा किया |
                मीरा मेरी बहन की क्लास-फेलो थी |   मेरी कवितायें मेरे छोटे भाई-बहनों की स्कूल-पत्रिकाओं में उनके नाम से छपा करती थीं | एक बार उसके कहने पर उसके ऊपर भी तत्काल कविता बनाई थी--
                            " दरवाज़े के पार पहुंचकर ,
                                  पीछे मुड़कर मुस्काती हो |
                                       सचमुच की मीरा लगती हो,
                                            वीणा पर जब तुम गाती हो |"   

                 अतः उसे मेरे इस  काव्य व आशु-कविता हुनर का ज्ञान था |  वह सामने वाले गली के पार वाले मकान में रहती थी |  गली  इस स्थान पर अत्यंत संकरी होजाने के कारण दोनों घरों की छतों की मुंडेरें काफी समीप थीं |  घने बसे शहरों में प्रायः घरों की छतें, बालकनियाँ आदि आमने-सामने व काफी नज़दीक होती हैं  और सुबह, शाम, दोपहर महिलाओं, बच्चों, किशोर-किशोरियों, सहेलियों, दोस्तों की आर-पार बातें व चर्चाएँ खूब चलतीं हैं | साथ ही में किशोरों-युवाओं की कनखियों से नयन-वार्ताएं, संकेत व कभी कभी प्रेम पत्रों का आदान-प्रदान की  भी सुविधा मिल जाती है |
             स्मृति-पत्र आगे खुलता है......अच्छा चलो ठीक है .....सामने की टोली हथियार डाल देती है | सतीश की टोली की तेज-तर्रार सदस्या सरोज 'ल' पर सुनाने लगती है---
                         " लाल देह,  लाली लसे और धर  लाल लंगूर |
                           बज्र देह दानव दलन, जय जय जय कपि शूर |"      

शूर ...'र' पर ख़त्म हुआ...'र ' से....|  
                         यह तो होचुका है |  मेरी तरफ की टोली के जगदीश ने तुरंत फरमान जारी किया |....जगदीश की स्मृति बहुत  तीव्र थी और याददास्त के मामले में वह कालोनी में अब्वल था |  सरोज के झेंप जाने पर हम सब हँसने लगे | ..... नया बोलो...नया बोलो ...या हारो.... के शोर के बीच  रमेश ने नया कवितांश सुनाया |
                               मैं सोचता हूँ आजकल भी अंग्रेज़ी का ज्ञान बढाने के लिए ..शब्द-काव्य  रूपी अन्त्याक्षरी  होती है, जिसका अभिप्राय: सिर्फ अंग्रेज़ी का तकनीकी ज्ञान बढ़ाना, शब्द-सामर्थ्य बढाने की एक्सरसाइज ही हो पाता है ; आचरण, शुचिता, आचार-व्यवहार , संस्कृति, ज्ञान का सहज सम्प्रेषण नहीं |  वस्तुतः  स्व-साहित्य, स्व-भाषा-साहित्य, स्व-संस्कृति-साहित्य- इतिहास,  अपने सामाजिक व पारिवारिक उठने-बैठने के, खेलने के तौर-तरीके निश्चय ही भावी- पीढी के मन में,  सोच में, एक सांस्कृतिक व वैचारिक तारतम्यता, एक निश्चित दिशाबोध प्रदत्त मानसिक दृढ़ता एवं ज्ञान, अनुभव  व पुरा पीढी के प्रति श्रृद्धा, सम्मान, आदर का दृष्टिकोण विकसित करती है |  आजकल पाश्चात्य दिखावे की प्रतियोगी  संस्कृति के अन्धानुकरण व सुविधापूर्ण जीवन दृष्टिकोण  में यह स्व-भाव व स्वीकृति ही लुप्त होती जारही है |

बुधवार, 14 नवंबर 2012

शूर्पणखा काव्य उपन्यास सर्ग-एक-चित्रकूट ... . -डा श्याम गुप्त ..

       शूर्पणखा काव्य उपन्यास सर्ग-एक-चित्रकूट -डा श्याम गुप्त ...




   - नारी विमर्श पर अगीत विधा खंड काव्य .....रचयिता --  शूर्पणखा काव्य उपन्यास-डा श्याम गुप्त  
                               
                                             
                   स्त्री के नैतिक पतन में समाज, देश, राष्ट्र,संस्कृति व समस्त मानवता के पतन की गाथा निहित रहती है | स्त्री के नैतिक पतन में पुरुषों, परिवार,समाज एवं स्वयं स्त्री-पुरुष के नैतिक बल की कमी की क्या क्या भूमिकाएं  होती हैं? कोई क्यों बुरा बन जाता है ? स्वयं स्त्री, पुरुष, समाज, राज्य व धर्म के क्या कर्तव्य हैं ताकि नैतिकता एवं सामाजिक समन्वयता बनी रहे , बुराई कम हो | स्त्री शिक्षा का क्या महत्त्व है? इन्ही सब यक्ष प्रश्नों के विश्लेषणात्मक व व्याख्यात्मक तथ्य प्रस्तुत करती है यह कृति  "शूर्पणखा" ; जिसकी नायिका   राम कथा के  दो महत्वपूर्ण व निर्णायक पात्रों  व खल नायिकाओं में से एक है , महानायक रावण की भगिनी --शूर्पणखा | अगीत विधा के षटपदी छंदों में निबद्ध यह कृति-वन्दना,विनय व पूर्वा पर शीर्षकों के साथ  ९ सर्गों में रचित है |
 प्रस्तुत सर्ग -१-चित्रकूट से  इस काव्य-उपन्यास की मूल कथा प्रारम्भ होती है...महाकाव्यों व खंडकाव्यों की रीति के अनुसार मूल नायक के चरित्र को उभारने के क्रम में उसके चारों ओर की परिस्थियों ,अन्य पात्रों , स्थानों, घटनाओं के वर्णन की आवश्यकता होती है ..अतः यह कृति भरत आदि के राम को अयोध्या लेजाने में असफल होकर उनकी आज्ञा द्वारा अयोध्या लौट जाने के पश्चात.... राम के चित्रकूट निवास व वहां की घटनाओं से प्रारम्भ होती है.....जिसमें .राम द्वारा भरत-प्रेम की स्मृति  एवं इंद्रपुत्र जयंत की घटना प्रमुख है.... कुल छंद २५ ........
 १-
 प्रियजन परिजन मातु सहित सब,
सचिव, सैन्यगण और शत्रुहन; 
श्वसुर जनक के सहित सभी को,
कर अभिवादन यथायोग्य फिर;
गुरुजन गुरुतिय पद वंदन कर,
विदा भरत को किया राम ने ||
२-
सखा निषाद-राज को प्रभु ने,
विदा किया सम्मान सहित फिर |
पर्णकुटी सम्मुख बट-छाया,
सीता-अनुज सहित प्रभु बैठे;
और भरे मन बातें  करते ,
भरत के निश्छल प्रेम भाव की ||
३-
लक्षमण ! यह प्रेम भाव जग में,
सुन्दरतम, अनुपम, अतुल भाव |
जीवन-जग की सब परिभाषा,
है निहित इसी के अंतर में  |
यह प्रेम बसा है कण कण में,
इसलिए ईश  कण कण बसता ||
४-
लक्षमण बोले ,'प्रभु कण कण में,
है राम नाम की ही माया |'
जो नाम आपका एक बार,
लेता है, भव तर जाता है |
है प्रेम आपका ही प्रभुवर!
जो सरसाता है कण कण को ||
५-
पर भ्रात भरत के अतुल प्रेम,
की लक्ष्मण  कोइ परिधि नहीं |
वह निश्छल निस्पृह भ्रातृ-प्रेम,
सब सीमाओं की सीमा है  |
इस प्रेम-भाव का हे लक्ष्मण !
प्रभु स्वयं भक्त बन जाता है ||
६-
बन भक्ति, प्रेम और धर्मं-ध्वजा,
लक्ष्मण यह नेह-भक्ति जग में;
फहरेगी बन कर नाम -'भरत' |
भ्रातृ, सेव्य और  भक्ति प्रेम,
का होगा जग में नाम -भरत;
यश गाथा गायें दिग-दिगंत ||
७-
सीता बोलीं , ’लक्ष्मण तुम क्यों,
हो चुप चुप से उर में अधीर ?’
क्या भरत-प्रेम पर राम-कृपा -
से मन द्विधा के भाव भरे |
'माता मैं तो अति पुलकित मन',
लक्ष्मण बोले , पद गहि सिय के ||
८-
बड़भागी भरत,बसे उर प्रभु,
मैं अति बडभागी जो प्रभु की ; 
नित नित सेवा-सुख पाता हूँ | 
सुर मुनि व जगत को जो दुर्लभ,
सिय मातु सहित जो रघुवर की;
छवि के दर्शन नित नित पाऊँ ||
९- 
क्या भला चाह कर मुक्ति-मोक्ष,
प्रत्येक जन्म में हे माता!
इन चरणों का अनुगामी बन,
बस भक्ति मिले श्रेयस्कर है |
प्रभु-सुधा कृपा के वर्षण की,
अमृत-बूंदों का पान करूँ ||
१०-
मंदाकिनी-तट जल धारा में,
पद निरखि सिया के प्रभु पूछें -
बतलाएं प्रिये! ये पैर भला,
हम दोनों में किसके सुन्दर ?
बोलीं सिय,'भव्य चरण प्रभु के'-
इन चरणों से समता किसकी ||
११-
"जग-वन्दित पद जग-जननी के,
रति के भी पाँव लजाते हैं |''-
फिर भी हम कहते सत्य, नाथ !
'सुन्दर पद कमल आपके हैं ' |
विहँसे रघुनाथ न मानो तो,
तुम कहो उसी को बुलवाएँ ||
१२-
लक्ष्मण को दोनों ही प्रिय हैं,
हम दोनों के ही प्रिय लक्ष्मण |
वे सत्य-भाव से ही निर्णय ,
लेकर  के  हमें बताएँगे |
हँसि, राम बुलाये लक्ष्मण तब,
हे भ्रात ! करो निर्णय इसका || 
 
              
१३-
पग भव्य आपके प्रभु अति ही,
जो सकल भुवन के धारक हैं।
पर नेह-जलधि प्रभु के मन की,
सिय की पद-गागरि में छलके।
पद निरखि चलें, प्रभु के पीछे,
हो सिय पद की सुषमा दुगुनी ॥
१४-
पद-पंकज युगल, राम-सीता,
उर धारण करलें,  तर जायें।
अनुगमन करे इन चरणों का,
वह पाजाता है -अमृतत्व१   |
हरषाकर तब सिय-रघुवर ने,
लक्ष्मण को बहु आशीष दिए ||
१५-
पुष्पों को चुनकर निज कर से,
भूषण  रघुवर ने बना दिए |
स्फटिक-शिला पर हो आसीन,
सिय को पहनाये प्रीति सहित |
भ्रमित हुआ ,देखी नर-लीला-
जब सुरपति-सुत उस जयंत ने ||
१६-
समझाया था भार्या ने भी ,
देवांगना२  नाम- सुकुमारी ;
रूपवती,   विदुषी  नारी थी ,
भक्तिभाव,सतब्रत अनुगामिनि |
समझ न पाया,   अहंभाव में ,
विधि इच्छा पर कब किसका वश ||
१७-
रघुवर बल की करूँ परीक्षा,
सोचा, धर कर रूप काग का ;
चौंच मारकर सिय चरणों में ,
लगा भागने, मूढ़ -अभागा |
एक सींक को चढ़ा धनुष पर,
छोड़ दिया पीछे रघुवर ने ||
१८-
देवांगना ने किया उग्र तप,
यदि में प्रभु की सत्य पुजारिन;
क्षमा करें अपराध, हरि-प्रिया,
प्रभु-द्रोह-पाप से मुक्ति मिले;
जीवन दान मिले जयंत को,
अनुपम प्रीति राम की पाऊँ ||
१९-
धरकर राधारूप३  बनी वह,
पुनर्जन्म में प्रिया-पुजारिन;
भक्ति-प्रति की एक साधना,
स्वयं ईश की जो आराधना |
सफल हुआ तप, पूर्ण कामना,
कृष्ण रूप में, राम मिले थे ||
२०-
छिपने को सारे भुवनों में,
रहा दौड़ता इधर से उधर;
पर, नारी के अपराधी को,
भला कौन और क्यों प्रश्रय दे |
नारद बोले, क्षमा करेंगे,
वे, तू है जिनका अपराधी ||
२१-
 प्रभु चरणों में लोट-लोट कर,
माँ सीता की चरण वन्दना;
करके , क्षमा-दान फिर पाया-
रघुवर से, पर बिना दंड के;
अपराधी क्यों कोई छूटे,
एक नेत्र से हीन४ कर दिया ||  
२२-
बनचारी एवं ऋषि-मुनि गण,
खग मृग मीन ग्राम-नर-नारी |
थे प्रसन्न,सिय राम लखन जो,
बसे निकट ही,  पर्णकुटी में |
जैसे,   शोभित  होते वन में,
ज्ञान भक्ति वैराग्य, रूप धर ||
२३-
 यहाँ  सभी हमको पहचाने-
यदि परिजन आते रहते हैं,
कैसा फ़िर वनवास हमारा ।
कैसे हो उद्देश्य पूर्ण फ़िर।
गहन विचार राम के मन था,
स्वगत कहा,’अब चलना होगा’॥
२४-
क्या उद्देश्य! क्या कहा प्रभु ने,
एक प्रश्न की बनी भूमिका;
लक्षमण  के मन में, आतुर हो-
प्रश्न भाव प्रभु तरफ़ निहारा।
किन्तु राम थे गहन सोच में,
चुप रहना ही था श्रेयस्कर ॥
२५-
अन्तर्द्वद्व राम के मन था,
विश्वामित्र-बशिष्ठ योजना;
माँ कैकेयी का त्याग५, सभी-
यहीं रहे तो व्यर्थ रहें सब ।
राक्षस यहां तक नहीं आते,
आगे तो जाना ही होगा६ ॥     ------ क्रमश: अगले अंक में...सर्ग-दो..अरण्यपथ...


{कुन्जिका--१=मोक्ष, अमरता, परम ग्यान, परम-पद; २= देवांगना जयन्त की पत्नी थी, विष्णु भक्त थी, चित्रकूट में एक स्थान (गांव) देवान्गना है संभवतया वह जयंत  का राज्य रहा होगा।;३= चित्रकूट के अन्चल में यह लोक-कथा है कि देवान्गना ही अगले जन्म में राधा बनी अपनी विष्णु भक्ति व बरदान के कारण ।;४= यही कारण है इस किम्बदन्ती का, कि कौए को एक आंख से ही दिखाई देता है, परन्तु वह दोनों ओर आन्तरिक-नेत्र बदल बद्ल कर देख सकता है ।; ५= कुछ मतों के अनुसार राम का वनबास...वास्तव में कैकेयी (जिसे रामकथा का एक अन्य निर्णायक स्त्री कुपात्र समझा जाता है), जो एक चतुर कूटनीतिग्य थी-वशिष्ठ व विश्वामित्र और राम की दक्षिणान्चल स्वाधीनता नीति का एक कूट उद्देश्य था। ६= चित्रकूट वस्तुतःलंकापति रावण के भारतीय अधिग्रहीत क्षेत्र व अवध क्षेत्र की सीमा पर था, उसके आगे घनघोर वन प्रदेश था-जन स्थान जो राक्षसी अत्याचारों-अनाचारों के कारण अत्यन्त पिछड चुका था। आज भी चित्रकूट स्थित गहन वन प्रदेश को देखकर उस समय की गहनता  व रमणीयता-प्राकृतिक सौन्दर्य का अनुमान किया जासकता है।}
 

रविवार, 11 नवंबर 2012

गजलें ....Let the candles ignite..... दीप जलें ...डा श्याम गुप्त

Let the candles ignite.


Let the lamps light,
Life comes to be bright.

Let the candles of hope,
Happiness & harmony ignite.

Think of me my dear, 
When you light, a light.

Think of me my dear,
When you pray in the night .

Here comes the dawn of hope, 
To do away this night.



         दीप जलें  ....

दीप जलें सुख-सम्पति आये,
खुशी से दामन भरता जाए |

आशा और विश्वास का दीपक,
जगमग ज्योति जगाता जाए |


नव उमंग उल्लास बसे मन,
जीवन पंथ महकता जाए |

हर्षित दीपित तेरा तन-मन,
याद हमें भी करता जाए  |

हर पल जीवन बगिया का ध्वज ,
श्याम, लहर लहराता जाए ||







शनिवार, 10 नवंबर 2012

शूर्पणखा काव्य उपन्यास ...पूर्वा पर .... डा श्याम गुप्त ..



- शूर्पणखा काव्य उपन्यास----पूर्वा पर ....


   -  शूर्पणखा काव्य उपन्यास-- नारी विमर्श पर अगीत विधा खंड काव्य .....रचयिता -डा श्याम गुप्त  
                                         
                                                 समय के जो कुछ कुपात्र उदाहरण हैं उनके जीवन-व्यवहार,मानवीय भूलों व कमजोरियों के साथ तत्कालीन समाज की भी जो परिस्थिति वश भूलें हुईं जिनके कारण वे कुपात्र बने , यदि उन विभन्न कारणों व परिस्थितियों का सामाजिक व वैज्ञानिक आधार पर विश्लेषण किया जाय तो वे मानवीय भूलें जिन पर मानव का वश चलता है उनका निराकरण करके बुराई का मार्ग कम व अच्छाई की राह प्रशस्त की जा सकती है | इसी से मानव प्रगति का रास्ता बनता है | यही बिचार बिंदु इस कृति 'शूर्पणखा' के प्रणयन का उद्देश्य है |
                   स्त्री के नैतिक पतन में समाज, देश, राष्ट्र,संस्कृति व समस्त मानवता के पतन की गाथा निहित रहती है | स्त्री के नैतिक पतन में पुरुषों, परिवार,समाज एवं स्वयं स्त्री-पुरुष के नैतिक बल की कमी की क्या क्या भूमिकाएं  होती हैं? कोई क्यों बुरा बन जाता है ? स्वयं स्त्री, पुरुष, समाज, राज्य व धर्म के क्या कर्तव्य हैं ताकि नैतिकता एवं सामाजिक समन्वयता बनी रहे , बुराई कम हो | स्त्री शिक्षा का क्या महत्त्व है? इन्ही सब यक्ष प्रश्नों के विश्लेषणात्मक व व्याख्यात्मक तथ्य प्रस्तुत करती है यह कृति  "शूर्पणखा" ; जिसकी नायिका   राम कथा के  दो महत्वपूर्ण व निर्णायक पात्रों  व खल नायिकाओं में से एक है , महानायक रावण की भगिनी --शूर्पणखा | अगीत विधा के षटपदी छंदों में निबद्ध यह कृति-वन्दना,विनय व पूर्वा पर शीर्षकों के साथ  ९ सर्गों में रचित है | 

           शूर्पणखा काव्य उपन्यास ...पूर्वा  पर ...इस अध्याय में विषय का पूर्व रूप कि शूर्पणखा की क्या विडम्बना थी एवं कोई भी नारी या व्यक्ति क्यों बुरा बन जाता है के भाव-भूमि की चर्चा की गयी है ...

१.
'बिधि वश सुजन कुसंगति परहीं,
फनि  मनि  सम निज गुन अनुसरहीं '|१
सच  ही है कि आत्मतत्व और,
जीव सदा निर्मल होता है |
शास्त्र मान्यता यही रही है,
व्यक्ति  तो सूजन ही होता है ||

२.
हो  विधि बाम विविध कारण से,
सामाजिक पारिवारिक स्थिति,
राजनीति की कठिन परिस्थिति,
पूर्व जन्म के संचित कर्म व्,
सुदृढ़ नैतिक शक्ति की कमी,
से कुकर्म करने लगता है ||

३.
तब वह बन जाता है दुर्जन,
फनि  मनि  सम निज गुन दिखलाता |
यद्यपि   अन्तःकरण में यही,
सदा जानता, अनुभव करता ;
कि वह ही है असत मार्ग पर,
सत् का मार्ग लुभाता रहता ||

४.
और समय आने पर कहता,
'तौ मैं जाय वैर हठि करिहौं ',२
इच्छा अंतर्मन में रहती,
प्रभु के वाणों से तर जाऊं |
सत्य रूप है यही व्यक्ति का,
शिवं सुन्दरम आत्म-तत्व यह ||

५.
इसी तथ्य को रखे ध्यान में,
घृणा बुरे से ही न करें बस,
अपितु  बुराई मात्र से बचें;
और उसी का नाश करें हम|
मिटे  बुराई यदि समाज से,
 बुरे पात्र उत्पन्न न होंगे ||

६.
समय आगया न्याय करें हम,
जो बहुज्ञात कुपात्र समय के |
यदि  झांकें उनके अंतर में,
और जानलें  कारण उनके,
विविध  कुकर्म क्रिया कलाप के ;
ताकि बच सकें उन कर्मों से ||

७.
रोक सकें उन कुरीतियों को,
स्थितियों को, परिस्थितियों को;
उत्पन्न  व विकसित होने से ,
देश समाज राष्ट्र में जग में |
ताकि सुजन,दुर्जन न बन सकें,
मिटे  बुराई भाव जगत से ||

८.
यद्यपि इसके लिए व्यक्ति वह,
स्वयं   ही   है    उत्तरदायी |
है दायित्व पर  राज्य, धर्म  का,
साहित्यिक बौद्धिक जग का भी |
सम्मानित, संभ्रांत जनों का ,
होता है दायित्व अधिक ही ||

९.
अति भौतिक अभिलाषा से ही ,
मनुज दूर होजाता प्रभु से |
श्रृद्धा औ विश्वास न रहता ,
अनासक्ति का भाव न रहता |
घिर जाता है लोभ-मोह में ,
नैतिक बल भी गिर जाता है ||

१०.
नैतिक बल जिसमें होता है ,
हर प्रतिकूल परिस्थिति में वह;
सदा सत्य पर अटल रहेगा |
किन्तु भोग-सुख लिप्त सदा जो,
दास परिस्थिति का बन जाता,
निज गुन, दुष्ट कर्म दिखलाता |

११.
यह विचार ही सार भाव है,
इस कृति की अंतर्गाथा का;
कृति प्रणयन उद्देश्य यही है |
भाव सफल तब ही होता है,
ईश्वर की हो कृपा, अन्यथा-
विधि-वश३  पर बस किसका चलता ||

१२.
शूर्पणखा भी एक पात्र है,
जग विजयी रावण की भगिनी |
बनी कुपात्र परिस्थितियों वश ,
विधवा किया स्वयं भ्राता ने ,
राज्य-मोह, पद लिप्सा कारण;
पति रावण विरोध पथ पर था ||

१३.
यद्यपि वह विदुषी नारी थी,
शूर्प-मनोहारी नख-शिख थे |
पर अन्याय अनीति व्यवस्था,
के प्रति, घृणा-द्वेष के कारण |
अनाचार में लिप्त हुई थी,
भाव राक्षसी अपनाया था ||

१४.
सुख विचरण, स्वच्छंद आचरण,
असुरवंश की रीति नीति युत ;
नारी  की ही प्रतिकृति थी वह |
भोगी संस्कृति में नर नारी ,
शारीरिक, सौंदर्य-विलास को;
ही,    हैं  जीवन भाव मानते ||

१५.
परित्यक्ता पतिहीना नारी ,
अधिक आयु जो रहे कुमारी |
पति पितु भ्राता अत्याचारी ,
पति विदेश यात्रा रत रहता |
भोग रीति-नीति में पली हो ,
अनुचित राह शीघ्र अपनाती ||

१६.
जनस्थान४    की स्वामिनी थी वह,
था  अधिकार दिया रावण ने |
वही बनी थी प्रमुख भूमिका,
लंकापति के पतन का कारण |
विडम्बना थी शूर्पणखा की ,
अथवा विधि का लेख यही था ||



कुंजिका ---१ व २ ... तुलसी रामचरित मानस  से ....३ = ईश्वर इच्छा .... ४= विन्ध्याचल वन-प्रदेश का दक्षिण में समुद्र तक का विभिन्न जनपदों में बंटा आबादी वाला  प्रदेश |


                                       ---क्रमश -- सर्ग एक... चित्रकूट ..... अगली पोस्ट में











शुक्रवार, 9 नवंबर 2012

डा श्याम गुप्त की गज़ल---आपने क्या किया....


शम्मे  जलने लगे आप ने क्या किया |
दिल मचलने लगे आप ने क्या किया |

अपनी मासूम दुनिया में खोये थे हम,
चाह में खोगये  आपने  क्या किया  ।

अपनी राहों  में  थे हम,  चले जारहे,
आप क्यों मिल गये आपने क्या किया ।

खुद की चाहत से दिल अपना आबाद  था,
आस बन आ बसे,  आपने क्या किया  ।

जब खिलाये थे वो पुष्प चाहत के तो,
फ़ेर रुख चल दिये आपने क्या किया ।

साथ चलते हुए आप क्यों रुक गये,
क्यों कदम थक गये आप ने क्या किया ।

श्याम ,अब कौन चाहत का सिज़दा करे,
नाखुदा बन गये  आपने क्या किया  ॥

गुरुवार, 8 नवंबर 2012

- शूर्पणखा काव्य उपन्यास----विनय.... -डा श्याम गुप्त






- शूर्पणखा काव्य उपन्यास----विनय.... .....


   -  शूर्पणखा काव्य उपन्यास-- नारी विमर्श पर अगीत विधा खंड काव्य .....रचयिता -डा श्याम गुप्त  
                                            
                                 विषय व भाव भूमि
              स्त्री -विमर्श  व नारी उन्नयन के  महत्वपूर्ण युग में आज जहां नारी विभिन्न क्षेत्रों में पुरुषों से कंधा मिलाकर चलती जारही है और समाज के प्रत्येक क्षेत्र में प्रगति की  ओर उन्मुख है , वहीं स्त्री उन्मुक्तता व स्वच्छंद आचरण  के कारण समाज में उत्पन्न विक्षोभ व असंस्कारिता के प्रश्न भी सिर उठाने लगे हैं |
             गीता में कहा है कि .."स्त्रीषु दुष्टासु जायते वर्णसंकर ..." वास्तव में नारी का प्रदूषण व गलत राह अपनाना किसी भी समाज के पतन का कारण होता  है |इतिहास गवाह है कि बड़े बड़े युद्ध , बर्बादी,नारी के कारण ही हुए हैं , विभिन्न धर्मों के प्रवाह भी नारी के कारण ही रुके हैं | परन्तु अपनी विशिष्ट क्षमता व संरचना के कारण पुरुष सदैव ही समाज में मुख्य भूमिका में रहता आया है | अतः नारी के आदर्श, प्रतिष्ठा या पतन में पुरुष का महत्त्वपूर्ण हाथ होता है | जब पुरुष स्वयं  अपने आर्थिक, सामाजिक, पारिवारिक, धार्मिक व नैतिक कर्तव्य से च्युत होजाता है तो अन्याय-अनाचार , स्त्री-पुरुष दुराचरण,पुनः अनाचार-अत्याचार का दुष्चक्र चलने लगता है|
                 समय के जो कुछ कुपात्र उदाहरण हैं उनके जीवन-व्यवहार,मानवीय भूलों व कमजोरियों के साथ तत्कालीन समाज की भी जो परिस्थिति वश भूलें हुईं जिनके कारण वे कुपात्र बने , यदि उन विभन्न कारणों व परिस्थितियों का सामाजिक व वैज्ञानिक आधार पर विश्लेषण किया जाय तो वे मानवीय भूलें जिन पर मानव का वश चलता है उनका निराकरण करके बुराई का मार्ग कम व अच्छाई की राह प्रशस्त की जा सकती है | इसी से मानव प्रगति का रास्ता बनता है | यही बिचार बिंदु इस कृति 'शूर्पणखा' के प्रणयन का उद्देश्य है |
                   स्त्री के नैतिक पतन में समाज, देश, राष्ट्र,संस्कृति व समस्त मानवता के पतन की गाथा निहित रहती है | स्त्री के नैतिक पतन में पुरुषों, परिवार,समाज एवं स्वयं स्त्री-पुरुष के नैतिक बल की कमी की क्या क्या भूमिकाएं  होती हैं? कोई क्यों बुरा बन जाता है ? स्वयं स्त्री, पुरुष, समाज, राज्य व धर्म के क्या कर्तव्य हैं ताकि नैतिकता एवं सामाजिक समन्वयता बनी रहे , बुराई कम हो | स्त्री शिक्षा का क्या महत्त्व है? इन्ही सब यक्ष प्रश्नों के विश्लेषणात्मक व व्याख्यात्मक तथ्य प्रस्तुत करती है यह कृति  "शूर्पणखा" ; जिसकी नायिका   राम कथा के  दो महत्वपूर्ण व निर्णायक पात्रों  व खल नायिकाओं में से एक है , महानायक रावण की भगिनी --शूर्पणखा | अगीत विधा के षटपदी छंदों में निबद्ध यह कृति-वन्दना,विनय व पूर्वा पर शीर्षकों के साथ  ९ सर्गों में रचित है | 
                   ----प्रस्तुत है आगे ...विनय..........विष्णु --अर्थात विश्व के अणु.... जग-जगत के मूल आधार श्री हरि...जो समय- समय पर पृथ्वी पर अवतार लेते हैं,जो साक्षात विनय के अवतार हैं, आदि-शक्ति पत्नी श्री लक्ष्मी के सम्मुख भी सीने पर भृगु मुनि के चरण प्रहार पर भी जो अपनी विनयशीलता नहीं छोड़ते......और विश्व-पूज्य पद पाते हैं ....जो  स्वयं राम हैं उनकी वन्दना-विनय  के बिना किसी  कथा का , मूलतः राम-कथा आरम्भ कैसे किया जाय......कुल ५ तुकान्त छंद....

                विनय

कमला के कान्त की शरण धर पंकज कर,
श्याम' की विनय है यही कमलाकांत से |
भारत विशाल की ध्वजा फहरे विश्व में ,
कीर्ति-कुमुदिनी नित्य मिले निशाकांत से ||

ह्रदय कमल बसें शेष-शायी नारायण,
कान्हा-रूप श्री हरि मन में बिहार करें |
सीता-पति राम रूप, प्राण में बसें नित,
लीलाम्बुधि विष्णु, इन नैननि निवास करें ||

लौकिक -अलौकिक भाव दिन-दिन वृद्धि पायं ,
श्री हरि प्रदान सुख-सम्पति, सुसम्मति करें |
प्रीति-सुमन खिलें जग, जैसे रवि-कृपा नित,
फूलें सर पंकज , वायु जल महि गति भरें  ||

पाप दोष भ्रम शोक, देव सभी मिट जायं ,
ऊंच-नीच, भेद-भाव,  इस देश से मिटें  ||
भारत औ भारती, बने पुनः  विश्व-गुरु ,
ज्ञान दीप जलें, अज्ञानता के घन छटें ||

कृष्ण-रूप गीता ज्ञान, मुरली लिए कर,
राम-रूप धनु-बाण, कर लिए एक बार |
भारत के जन-मन में,पुनः निवास करें,
श्याम' की विनय यही, कर जोरि बार बार ||     
                                                                         ----क्रमश आगे ....पूर्वा पर....