शुक्रवार, 19 मई 2017

मैं तुम्हारे काव्य की नायिका नहीं हूँ

मैं नहीं कोमल कली सी, ना गरजती   दामिनी,
हूं नहीं तितली सी चंचल, ना ही मैं गजगामिनी,
ना मैं देवी, ना परी, ना ही हूं मैं दानवी,
मैं सरल साक्षात नारी,  मात्र हूं मैं मानवी,
मैं गगन में नित चमकती तारिका नहीं हूँ !
मैं तुम्हारे काव्य की नायिका नहीं हूँ !

है नहीं मुझ पर समय कि केश सज्जा मैं करूं,
आईने के सामने बैठकर  सजती रहूं,
तोड़ती  पत्थर  मैं, धूप में  प्रहार से,
ढ़ो रही सिर धर के ईटें, दब रही हूँ भार से,
श्रंगार रस प्रसार की सहायिका नहीं हूँ !
मैं तुम्हारे काव्य की नायिका नहीं हूँ !

हां गृहस्थी के लिए दिन रात मैं खटती रही,
जिंदगी  चूल्हे  आगे ही मेरी कटती रही,
कब गृहस्थन बैठ सकती मेंहदी लगाकर हाथ में ?
कूटने दिन में मसाले, चौका बरतन रात में,
प्रेम राग गाने वाली गायिका नहीं हूँ !
मैं तुम्हारे काव्य की नायिका नहीं हूँ !

हूँ नहीं मुग्धा कोई जो चित्त का कर लूं हरण,
ना ही कर पल्लव  नरम, न फूल से मेरे चरण,
मानिनी बनकर कभी खुद पर नहीं करती अहम,
हां सहज ही भाव से कर्तव्यों को करती वहन,
मैं विलास इच्छुक अभिसारिका नहीं हूँ !
मैं तुम्हारे काव्य की नायिका नहीं हूँ !

शिखा कौशिक नूतन 

बुधवार, 17 मई 2017

रंग लाई बेटियों की जंग - BHASKAR. COM से साभार

... पर एक सवाल कचोटता है.... छेड़छाड़ का क्या इलाज किया जाये या इसे लाइलाज बीमारी मान लिया जाये...... 


हरियाणा में छेड़छाड़ से तंग लड़कियों का अनशन, अपग्रेड करना पड़ा स्कूल

Ajay Bhatia | May 17,2017 16:15 I



रेवाडी -स्कूल शिक्षा मंत्री रामबिलास शर्मा ने सोमवार को भरोसा दिलाया था कि जल्द ही स्कूल को अपग्रेड करने का एलान किया जाएगा। 
-हड़ताल पर बैठी कुछ लड़कियों की तबीयत बिगड़ गई थी,लेकिन उन्होंने धरना जारी रखा।
-मंगलवार को एडमिनिस्ट्रेशन लडककियों को समझाने पहुंचा था,लेकिन उन्होंने ऑर्डर का लेटर हाथ में आने से पहले धरना खत्म करने से इनकार कर दिया था। 
-बुधवार को स्कूल शिक्षा मंत्री ने कहा कि स्कूल में एक प्रिंसिपल अप्वाइंट कर दिया गया है। गुरुवार से इसमें एडमिशन शुरू हो जाएंगे। 
छेड़छाड़ से तंग आकर लिया हड़ताल का फैसला
-बता दें कि 30 से ज्यादा छात्राएं 10 मई से धरने पर बैठी थीं। उनका कहना था कि गांव का स्कूल 10वीं तक है। 11th और 12th की पढ़ाई के लिए उन्हें दूसरे गांव के स्कूलों में जाना पड़ता है। वहां उनके साथ छेड़छाड़ होती है। कई पेरेंट्स परेशान होकर बेटियों की पढ़ाई छुड़वा देते हैं। 
-लड़कियों ने कहा था कि सरकार'बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ'का नारा दे रही है,लेकिन ये हमारे यहां चुनौती बना है। 
(शिखा कौशिक नूतन) 

सोमवार, 15 मई 2017

तुमने मुझे आंसू दिये

हो व्यथित नारी ने नर से
दो टूक ये वचन कहे,
मैंने तुमको दिल दिया
तुमने मुझे आंसू दिये!

जिंदगी के तुम मेरे
बन के मालिक तन गये,
छीनकर हक मेरे सारे
खुद खुदा तुम बन गये,
टूट कर बिखर गयी
जुल़म  इतने क्यूं किये!
मैंने तुमको दिल दिया
तुमने मुझे आंसू दिये!

रोज़ दे देकर सुबूत
पाकीज़गी के थक गयी,
तेरे वहशीपन के कारण
देह बनकर रह गयी,
है मुझे मालूम कैसे?
खून के आँसू पिये!
 मैंने तुमको दिल दिया
तुमने मुझे आंसू दिये!

जिस किसी ने की बगावत
हो गया उसका कत्ल,
और है इल्जाम उसपर
बदचलन थी बेअक्ल,
हां जुबान काटकर
सब लफ़ज मेरे ले लिये!
मैंने तुमको दिल दिया
तुमने मुझे आंसू दिये!!

शिखा कौशिक नूतन

शनिवार, 13 मई 2017

माँ का वंदन..डा श्याम गुप्त ...



माँ का वंदन..




फिर आज माँ की याद आई सुबह सुबह |
शीतल पवन सी घर में आयी सुबह सुबह |

वो लोरियां, वो मस्तियाँ, वो खेलना खाना,  
ममता की छाँह की सुरभि छाई सुबह सुबह |

वो चाय दूध नाश्ता जबरन ही खिलाना,  
माँ अन्नपूर्णा सी छवि भाई सुबह सुबह |

परिवार के सब दर्दो-दुःख खुद पर ही उठाये,  
कदमों में ज़न्नत जैसे सिमट आयी सुबह सुबह |

अब श्याम क्या कहें माँ औ ममता की कहानी,
कायनात सारी कर रही वंदन सुबह सुबह ||



मातृ दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं

मां तेरी तस्वीर के आगे ठहर जाती हूँ मैं, 
टूट कर माला के मोती सी बिखर जाती हूँ मैं! 

है नहीं मालूम कैसे जी रही तेरे बिना, 
जिंदगी के सब गमों का पी जहर जाती हूँ मैं! 

गौर से मैं देखती हूँ जब कभी मां आईना, 
हूबहू तब तेरे जैसी ही नजर आती हूँ मैं! 

अब नहीं मिल पायेंगी मां की नरम वो थपकियां, 
सोचकर ऐसा ही कुछ कितनी सिहर जाती हूँ मैं! 

तुम बसी 'नूतन' के दिल में क्या कहूं इसके सिवा, 
हां दुआयें याद कर अब भी निखर जाती हूँ मैं! 

शिखा कौशिक नूतन 

शुक्रवार, 12 मई 2017

सूखे गुलाब ---ग़ज़ल---डा श्याम गुप्त


सूखे गुलाब ---ग़ज़ल---डा श्याम गुप्त

                             .
ग़ज़ल----
इन शुष्क पुष्पों में आज भी जाने कितने रंग हैं |
तेरी खुशबू, ख्यालो-ख्वाब किताबों में बंद हैं |

न गुलाब पुस्तकों में अब, न अश्रु-सिंचित  पत्र,
यादों को संजोयें वो दरीचे ही बंद हैं |

क्या ख्वाबो-ख्याल का फायदा, इस हाथ ले और दे,
किताबों में गुलाब, इश्क का ये भी कोइ ढंग है |

फसली है इश्क, रंग, खुशबू, पुष्प भी नकली,
ये आज की दुनिया भी कितनी हुनरमंद है |

कल की न सोच, न कल को सोच, बस आज पर ही चल,
है प्यार वही आज, अब जो तेरे संग है |

जो है सामने उसे याद रख, जो नहीं उसे तू भूल जा,
इस युग में इश्क की राह श्याम’ कैसी तंग है ||

Image may contain: 1 person, closeup

गुरुवार, 11 मई 2017

जी उठे पुन:निर्भया

मिले
न्याय
हर
निर्भया को,
फांसी चढे़
हर
अन्यायी कामी!

घाव भर जाये
हर क्षत - विक्षत
 स्त्री योनि के
और
न रहे अधूरी
ये आस
"मैं जीना चाहती हूँ "

जी उठे पुन :
प्रफुल्ल ह्रदय से
सम्मान के साथ
हर निर्भया!

शिखा कौशिक नूतन