शनिवार, 7 मई 2016

क्या इतना बुरा हूँ में माँ,तो.........

क्या इतना बुरा हूँ में माँ,तो.........


परीक्षाओं एवं प्रतियोगिताओं का समय चल रहा है और हमारे बच्चों द्वारा आत्महत्याएं समाचार पत्रों की सुर्खियाँ बनी हुई हैं। पूरे देश में हमारे बच्चे परीक्षा दे रहे हैं या दे चुके हैं और इस दौरान बच्चों से ज्यादा मनोवैज्ञानिक दबाव में माता पिता रहते हैं जिसे वह जाने अनजाने  अपने बच्चों के भीतर स्थानांतरित कर देते हैं , यह आज के दौर की सच्चाई है जबकि हम सभी इस तथ्य से वाकिफ हैं कि तनावमुक्त परिस्थितियों का प्रदर्शन तनाव युक्त परिस्थिति से हमेशा बेहतर होता है।अभिभावकों को इस बात का एहसास होना चाहिए कि जिस प्रकार माता पिता दुनिया में सबसे अधिक प्रेम अपने बच्चों से करते हैं उससे कहीं अधिक प्रेम बच्चा अपने माता पिता से करता है,उसे अपनी चोट पर उतना दर्द नहीं होता जितना माता पिता की पीड़ा में होता है।एक नन्हा सा जीव जब इस दुनिया में आता है तो माता पिता ही उसकी दुनिया होते हैं।धीरे धीरे वह बड़ा होता है तो उसकी दुनिया भी बड़ी होने लगती है उसका वह छोटा सा संसार जिसमें माता पिता का एकाधिकार था अब भाई बहनों ,दोस्तों,दादादादी,नाना ,नानी अड़ोसी पड़ोसी ,आपके नौकर चाकर आदि से विस्तृत होने लगता है किन्तु फिर भी माता पिता का स्थान तो नैसर्गिक रूप से सर्वोपरि ही रहता है ।वह बच्चा  शब्दों की भाषा से अनजान होता है न बोल पाता है और न ही समझ पाता है किन्तु फिर भी अपनी माँ से बात कर लेता है और माँ उससे -- जी हाँ उस भाषा में जो संसार के हर कोने में हर प्राणी के द्वारा समझी व महसूस की जाती है, "प्रेम की भाषा"

नि:स्वार्थ प्रेम,न कोई अपेक्षा न कोई शिकायत केवल भावनाओं का संगम !बच्चा कभी डर जाए तो पिता के मजबूत हाथों का स्पर्श मात्र उसे हौंसला प्रदान करता है,जरा सी धूप की तपिश भी लगे तो माँ का आँचल उसे ममता की छाँव से भिगो देता है ,घर के किसी कोने में भी छिप जाए उसे मन ही मन पता होता है कि पापा मम्मी उसे ढूंढ ही लेंगे।वह अनेकों बार इस बात को महसूस कर चुका है कि बिन कहे मम्मी उसकी बात सुन लेती हैं और बिना पूछे पापा उसके मन की बात जान लेते हैं और वो भी तो उनके चेहरे को पढ़ कर 
समझ जाता है कि आज पापा मम्मी खुश हैं या नाराज !फिर अचानक ऐसा क्या हो जाता है कि 15-16 वर्ष का होते होते वह कुछ कहना भी चाहता है तो कह नहीं पाता और उसके बिना कहे ही हर बात समझने वाले माता पिता आज उसे समझ नहीं पा रहे? क्या यह माता पिता के रूप में हमारी नाकामी नहीं है? ये कैसा दोराहा आ जाता है जहाँ कभी एक दूसरे के चेहरे की सिलवटों की भाषा समझने वाले आज एक दूसरे को ही नहीं समझ पा रहे !
विद्यालय में प्रवेश लेते ही वह बच्चा जिसकी नादानियों पर हम उसकी बलाएँ लेते थे आज उसकी एक गलती पर उसे डाँटने लगते हैं,जिस बच्चे से हमें कभी कोई शिकायत नहीं होती थी आज उसी से अपेक्षाओं का पहाड़ है!इसका परिणाम --वह बच्चा जिसके ह्रदय में माता पिता को देखते ही सर्वप्रथम प्रेम व लाड के भाव उमड़ते थे आज उन्हें देखते ही उनकी अपेक्षाओं पर अपनी असफलता से उपजे डर और अपराध बोध की अनुभूति होती है। समय के चक्र के साथ भावनाओं का परिवर्तन होने लगता है और प्रेम के ऊपर भय और निराशा की विजय होती है।जैसे कि  वह कह रहा हो
        
तेरा अपना ही अंश हूँ मैं माँ,
         
शायद तेरा गर्व भी हूँ,
        
आज खुद से ही हारा हूँ मैं माँ,
         
अब शायद तेरा दर्द भी हूँ।
      
 तेरी आँखों में मैंने अपने लिए अनेकों सपने देखे थे
      
 पर वो सपने तुझको  नहीं मुझको ही पूरे  करने थे
      
 कोशिश बहुत की माँ कि तेरा हर सपना सच्चा   कर सकूँ 
       
 लेकिन चाहने मात्र से सपने सच्चे नहीं होते ये बात तुझसे मैं कह न सकूँ
       
 इस बार माफ कर दे माँ अगली बार फिर से मैं आऊँगा
        
 फिर तेरी गोद खिलाऊँगा हर  सपना सच्चा कर के दिखलाऊँगा।  
                                                     
              
हम माता पिता हैं ,हमें अपने बच्चों से प्रेम है और होना भी चाहिए।लेकिन हम भूल जाते हैं कि प्रेम में समर्पण होता है अधिकार नहीं, स्वतंत्रता का एहसास होता है बन्धन का नहीं,जो जैसा होता उसे उसी रूप में स्वीकार करने की भावना होती हैं बदलने की अपेक्षाएं नहीं तो फिर हम अपने बच्चों को क्यों बदलना चाहते हैं जो काम वो नहीं कर सकते या फिर करना नहीं चाहते ,हम उनसे बड़े और समझदार होते हुए भी उनसे वही काम कराने का बचपना क्यों करने लगते हैं जिसकी कीमत भी बाद में हम ही चुकाते हैं !
जिस बच्चे के खिलौने कपड़े बैग बोतल टिफिन जैसी चीजें हम उसकी पसंद से लेते हैं उससे उसी के जीवन,उसके व्यक्तित्व , उसके भविष्य,उसकी खुशी से जुड़ी सबसे अहम बात कि वह अपना जीवन कैसे जीना चाहता है, वह क्या बनना चाहता है, क्या करना चाहता है , यह नहीं पूछते!समाज में स्वयं को ऊँचा दिखाने के लिए पढ़ाई में खराब प्रदर्शन पर हम उसे नीचा दिखाने लगते हैं!
क्या आप जानते हैं हर साल भारत में हमारे बच्चों    द्वारा लगभग एक लाख आत्महत्याएं होती हैं?सम्पूर्ण विश्व की होने वाली आत्महत्याओं में से 10% भारत में होती हैं।15 -20 वर्ष के युवाओं में आत्महत्या के मामलों में 200% तक की वृद्धि हुई है।हम अपनी जिम्मेदारी से मुँह नहीं मोड़ सकते इसमें दोष केवल बच्चों का नहीं है यह माता पिता के रूप में हमारी असफलता की कहानी है।पहले संयुक्त परिवार होते थे माता पिता की डाँट थी तो दादा दादी का दुलार भी था ।जो बच्चे कल तक दादी नानी की कहानियाँ सुनकर परियों के सपने देखते हुए सोते थे , वो आज एकल परिवारों में बाइयों की गोद में माता पिता के इंतजार में रो रो कर सो जाते हैं।तब बच्चों के बेस्ट फ्रेंड उनके दादा दादी होते थे जिनसे वे अपनी हर वो बात शेयर करते थे जो डर के कारण माता पिता को नहीं बता पाते थे,मन भी हल्का हो जाता था और सही मशवरा भी मिल जाता था ।आज अपने बच्चों से हमारी अपेक्षाओं एवं व्यस्तताओं ने दोनों के बीच एक ऐसी अद्रश्य दीवार खड़ी कर दी है जिसके कारण न हम एक दूसरे को पहले जैसे सुन पाते हैं न ही समझ पाते हैं,जो काम घर के बड़े बूढ़े बातों बातों में कर देते थे आज हेल्पलाइन्स और प्रोफेशनल काउन्सलरस करते हैं।
                           
अगर बच्चे के मन में भय की भावना के स्थान पर प्रेम की भावना हो, असफल होने पर माता पिता की ओर से शंका नहीं विश्वास हो कि चाहे कुछ भी हो जाए हम तुम्हारे साथ हैं तो कोई भी बालक इस प्रकार के कदम नहीं उठा सकता क्योंकि विजय 
हमेशा प्रेम की होती है अगर किसी परिस्थिति में बच्चे को आत्महत्या करने जैसा ख्याल आ भी जाएगा तो खुद से पहले वह अपने मम्मी पापा की सोचेगा।जब उसके मन को यह विश्वास होगा कि मेरी असफलता तो मेरे माता पिता सह सकते हैं लेकिन मेरा बिछोह नहीं, तो प्रेम की सकारात्मक सोच से हर नकारात्मक सोच की हार होगी और हमारे बच्चे ही नहीं हम भी विजेता बन कर उभरेंगे।
डाँ नीलम महेंद्र 

yunhi dil se

शुक्रवार, 6 मई 2016

बहु और बेटी

यूँ ही दिल से
(डाँ नीलम महेंद्र)
बहु और बेटी
🍁🍁🍁🍁 
माँ तो माँ होती है,माँ की ममता का इस धरती पर कोई मोल नहीं,वह तो अनमोल होती है।यह केवल शब्द नहीं अपितु हम सभी ने इन पलों को जिया है।माँ की गोद में बैठकर खुद को सबसे ज्यादा महफूज महसूस किया है।
पर माँ बनने से पहले वो एक औरत होती है।
शेखस्पीयर ने कहा था कि "दुनिया एक रंगमंच है और हम सब यहाँ किरदार हैं।"
इस सत्य को स्त्री जाति ने बखूबी समझा और जिया है।पुरुष तो जीवन के हर दौर में पुरुष ही होते हैं किन्तु स्त्री अपनी जीवन यात्रा में कई किरदारों को जीवंत करती है--बेटी, बहु ,पत्नी, बहन ,ननद माँ, भाभी, हर किरदार का अनूठा अंदाज़!अपने आप में कितने ही रंगों के इन्द्रधनुष के रंगों में रंगी!
हर किरदार का अलग चेहरा! और इतने किरदार निभाते निभाते वह स्वयं भूल जाती है कि वह वास्तव में कौन है,क्या है? जब भी कोई दुविधाजनक स्थिति आती है और उसे याद नहीं आता कि वह क्या है तो सारे किरदार पर्दे के पीछे चले जाते हैं और सामने आती है --औरत,स्त्री,नारी! आखिर यही तो है वह!अब न वह बेटी है न बहु है न भाभी है न ननद है,उसे हम शक्ति का रूप कह सकते हैं।बेटी की माँ हमेशा माँ ही रहती है लेकिन बेटे की माँ तभी तक माँ रह पाती है जब तक बहु नहीं आ जाती।
असल में स्त्री की ममता रक्त संबंधों की सीमा के भीतर ही रिश्तों के बन्धन को स्वीकार करती है।बेटी,माँ, बहन, ये रिश्ते ऐसे होते हैं जहाँ रक्त के बन्धन से प्रेम का बन्धन पिरोया गया होता है।
बहु, ननद, भाभी ये चूंकि रक्त के बन्धन से आजाद होते हैं तो इनमें स्त्री को दूसरी स्त्री ही नज़र आती है और उससे प्रतिस्पर्धा करने लगती है।
ये स्त्री का नैसर्गिक गुण है इसीलिए बहु के घर में प्रवेश करते ही बेटे की ममता का मुकाबला बहु नामक एक अन्य स्त्री से होने लगता है यह स्त्री के व्यक्तित्व व उसकी सोच और प्राथमिकताओं पर निर्भर करता है कि विजय माँ की होगी या स्त्री की!
अधिकतर भारतीय समाज में माँ के ऊपर स्त्री की ही विजय होती है जिसके परिणामस्वरूप सास और बहु का रिश्ता प्रेम का न होकर प्रतिस्पर्धी का होता है।
किन्तु जहाँ स्त्री के ऊपर माँ विजयी हो कर निकलती है ,वह घर धरती पर स्वर्ग बनकर संपूर्ण समाज के लिए मिसाल बन जाता है।
@डॅा नीलम महेंद्र

मंगलवार, 3 मई 2016

हिन्दू धर्म में नारी के स्थान

हिन्दू धर्म में नारी के स्थान को लेकर बहुत सी बातें कही जाती हैं अनेक विरोधाभासों से सामना होता है और कभी कभी संशय की स्थिति भी निर्मित हो जाती है।
दरअसल हिन्दू धर्म सनातन धर्म है और विश्व का सबसे पुराना धर्म भी है। अफसोस की बात है कि इसकी बेहद खुली एवं उदारवादी नीतियाँ जो कि उन्नति का द्योतक बन सकती थीं वे ही उसके विरुद्ध इस्तेमाल की जा रही हैं।इस बात के समर्थन में कुछ तथ्य आगे प्रस्तुत किए जाएंगे जो निश्चित ही रोचक सिद्ध होंगे।



हमारे ग्रंथ ही हमारे पूर्वजों द्वारा कही बातों का एकमात्र विश्वसनीय स्रोत हैं हमारे वेद,उपनिषद हमारे ॠषियों द्वारा दिए गये वो आशीष है जो कालजयी बन कर आज तक हमारा पथ प्रदर्शन कर रहे हैं किन्तु हम समय के साथ उन्हें संभाल नहीं पाए।
मूल भूत समस्या यह है कि हमारे सभी धर्म ग्रंथ देवभाषा संस्कृत में लिखे गए हैं और हमारी शिक्षा की नीतियाँ इतने वर्षों में कुछ ऐसी रही कि जो बालक भविष्य के नागरिक हैं उन्हें संस्कृत का उचित ज्ञान न मिल पाने के कारण आज भारत के आम नागरिक का संस्कृत ज्ञान नगण्य है।
अफसोस की बात यह है कि देश की आजादी के बाद किसी भी सेकुलर एवं वामपंथी नीतियों पर चलने वाली सरकारों ने हमारे धर्म ग्रंथों की रक्षा और उनकी पुनः स्थापना को कोई नीति बनाकर काम करने योग्य विषय नहीं समझा।इतने सालों में हमारे देश में मुगलों और ब्रिटिश शासन के दौरान हिन्दू धर्म ग्रंथों को तोड़ मरोड़ कर अपने राजनैतिक उद्देश्यों की प्राप्ति का साधन बनाया गया।इसी का परिणाम है कि आज विश्व के सबसे सनातन,पुरातन एवं मौलिक धर्म के सिद्धांतों पर प्रश्न उठाकर हिन्दुओं का ही उपयोग एक दूसरे के विरुद्ध किया जा रहा है।
महिलाएं किसी भी समाज में संवेदनशील विषय रही हैं और आज इसी को मुद्दा बनाकर हिन्दुओं की धार्मिक आस्थाओं पर प्रश्नचिन्ह लगाए जा रहे हैं।
यह हम सब जानते हैं कि हमारे सबसे पुराने ग्रंथ मनुस्मृति में कहा गया है --"जहाँ नारी की पूजा होती है वहाँ देवताओं का वास होता है" यह हमारे धर्म में नारी की स्थिति बताने के लिए काफी है। 
जिस समय पश्चिमी सभ्यता पुरुष और नारी में समानता के अधिकार की बातें करता था उससे कहीं पहले भारतीय ग्रंथों में नारी को पुरुष के समान नहीं उससे ऊँचा दर्जा प्राप्त था।जहाँ पश्चिमी सभ्यता में स्त्री की पहचान एक माँ,बहन, बेटी तक ही सीमित थी,भारतीय संस्कृति में उसे देवी का स्थान प्राप्त था।मानव सभ्यता के तीन आधार स्तंभ --बुद्धि,शक्ति और धन तीनों की अधिष्ठात्री देवियाँ हैं ।यह गौर करने योग्य विषय है कि --
बुद्धि की देवी            सरस्वती
धन की देवी               लक्ष्मी
शक्ति की देवी           दुर्गा,काली समेत नौ रूप
वेदों की देवी              गायित्री

धरती के रूप में सम्पूर्ण विश्व का पालन करने वाली धरती भी माँ स्वरूपा हैं
 
जल के रूप में प्राणीमात्र का तर्पण करने वाली   गंगा,जमुना,सरस्वती तीनों माँ स्वरूप हैं
और सबसे महत्वपूर्ण पहलू यह है कि इन सभी रूपों को पुरुषों द्वारा पूजा जाता है।
हिन्दू वैदिक संस्कृति में स्त्री को पुरुष की  अर्धांगिनी एवं सहधर्मिणी कहा जाता है अर्थात जिसके बिना पुरुष अधूरा हो तथा सहधर्मिणी अर्थात जो धर्म के मार्ग पर साथ चले।इस विषय में यहाँ पर इस तथ्य की ओर ध्यान दिलाना आवश्यक है कि भारतीय संस्कृति में पुरुष बिना पत्नी के कोई भी धार्मिक अनुष्ठान नहीं कर सकते।रामायण में भी संदर्भ उल्लिखित है कि जब श्रीराम चन्द्र जी को अश्वमेध यज्ञ करना था और सीता माता वन में थीं तो अनुष्ठान में सपत्नीक विराजमान होने के लिए उन्हें सीता माता की स्वर्ण मूर्ति बनवाना पड़ी थी।

हिन्दू संस्कृति में पति पत्नी का मिलन दैहिक न होकर आध्यात्मिक होता है और शायद इसी कारण इसमें तलाक या डाइवोर्स नामक किसी स्थिति की कल्पना तक नहीं की गई और न ही ऐसी किसी स्थिति का आस्तित्व स्वीकार्य है अपितु विवाह के बन्धन को तो सात जन्मों का बन्धन माना जाता है।
स्त्री के धरती पर जन्म लेते ही उसके कन्या रूप को पूजा जाता है और नवदुर्गा महोत्सव में बेटियों को दुर्गा स्वरूपिनी मानकर उनके पैर छूकर उनसे  आशीर्वाद लिया जाता है किन्तु बेटों को कहीं भी राम अथवा कृष्ण स्वरूप मानने का उल्लेख नहीं मिलता है।
यही कन्या जब विवाह पश्चात् किसी घर में वधु बनकर जाती है तो उसे लक्ष्मी कहा जाता है।इस संदर्भ में हमारे वेदों से कुछ उद्धरण प्रस्तुत है --
                                     यजुर्वेद 20.9  
स्त्री और पुरुष दोनों को शासक चुने जाने का अधिकार है
                                     
यजुर्वेद 17.45   
 स्त्रियों की सेना हो और उन्हें  युद्ध में भाग लेने के लिए  प्रोत्साहित करें
                                    
अथर्ववेद 11.5.18  

बह्मचर्य सूक्त -इसमें कन्याओं को बह्मचर्य और विद्याग्रहण  के पश्चात् ही विवाह के लिए कहा गया है
                                     
अथर्ववेद    7.48.2   
 हे स्त्री! तुम हमें बुद्धि से धन दो।विदुषी ,सम्माननीय,विचारशील,प्रसन्नचित्त स्त्री सम्पत्ति की रक्षा और वृद्धि करके घर में सुख लाती है
                                    
अथर्ववेद 2.36.5. 
 हे वधु ऐश्वर्य की अटूट नाव पर चढ़ कर अपने पति को सफलता के तट पर  ले चलो
                                    अथर्ववेद 14.1.50 
  हे पत्नी अपने सौभाग्य के लिए मैं तुम्हारा हाथ पकड़ता हूँ।
                                    ॠग्वेद 3.31.1

   पुत्रों की भाँति पुत्रि भी अपने पिता की सम्पत्ति में समान रूप से उत्तराधिकारी है।
तो हमारे समाज में नारी का स्थान पुरुष से ऊँचा था किंतु दुर्भाग्यवश ग्यारहवीं शताब्दी में  मुग़लों के आक्रमण के बाद हमारे धर्म ग्रंथों से छेड़छाड़ हुई और नारी की स्थिति खराब होती गई।वो मुग़लों का शासन काल ही था जब युद्ध में हिन्दू राजाओं और सैनिकों को बन्दी बनाकर अथवा उनकी मृत्यु के पश्चात भारतीय नारियों ने मुगलों के हाथ अपना दुराचार कराने से पहले अपने पति की चिता के साथ ही मृत्यु का वरण कर अपने स्वाभिमान की रक्षा करना उचित समझा।यह हमारी स्त्रियों का साहस ही था जो उन्हें जलती अग्नि में स्वयं को समर्पित करने की शक्ति प्रदान करता था।यही प्रथा कालांतर में सती प्रथा के रूप में विकसित हुई यह भारतीय संस्कृति का हिस्सा नहीं थी।
भारतीय समाज में स्त्रियों के स्थान की कल्पना इसी तथ्य से की जा सकती है कि उन्हें स्वयम्वर द्वारा अपना जीवन साथी चुनने का अधिकार प्राप्त था।इसके अलावा हमारे इतिहास के दो महान युद्ध स्त्रियों के सम्मान की रक्षा के लिए किये गए थे -रावण वध सीता हरण के कारण हुआ था और महाभारत का युद्ध द्रौपदी के सम्मान की खातिर ।
हमारे धर्म ग्रंथों में स्त्रियों द्वारा कई जगह यज्ञ और पूजन का उल्लेख मिलता है जैसे रामायण में कौशल्या ने अपने पुत्र राम के लिए एवं तारा ने अपने पति बाली के लिए किया था किन्तु पुरुष बिना पत्नी के यज्ञ नहीं कर सकते थे।
जिस पश्चिमी सभ्यता द्वारा भारतीय समाज में स्त्रियों के पिछड़ेपन का आक्षेप लगाया जाता है वहाँ आज भी अंगुलियों पर गिने जाने वाली प्रधानमंत्री अथवा मुख्यमंत्री  अथवा उच्च पदों पर आसीन महिलाओं का उल्लेख मिलता है ।इसी प्रकार प्रीस्ट (चर्च के पुजारी) अथवा पोप के पदों पर आज तक कोई महिला आसीन नहीं हुई पश्चिमी सभ्यता में सम्पूर्ण विश्व 8 मार्च को एक दिन महिला दिवस मना कर उसको सम्मान देने की बात करता है जबकि भारतीय संस्कृति में आदि काल से महिला स्वयं ईश्वरीय शक्तियों से युक्त जन्म से पूजनीय एवं सम्माननीय ही नही बताई गई है बल्कि उसे देवी का दर्जा भी प्राप्त है।

हमारी संस्कृति हमारे लिए गर्व का विषय है और यह हमारा दायित्व है कि इसका खोया गौरव लौटाने मे हम सभी जितना योगदान कर सकते हैं करें।
डॉ. नीलम महेंद्र

शनिवार, 30 अप्रैल 2016

ये मेआर

ये मेआर...

बेटियो से
मधु मिश्रित ध्वनि से पुछा

कहाँ से लाती हो, 
ये मेआर
नाशातो की सहर            
हुनरमंद तह.जीब,और तांजीम
सदाकत,शिद्दतो की मेआर,
जी..
मैने हँस कर कहाँ
मेरी माँ ने संवारा..
उसी ने बनाया है
स्वयं को कस कर
हर पलक्षिण में

इक नई कलेवर के लिए

शनैः शनैः पोशाक बदल कर

औरो को नहीं
बस..
खुदी को सवांरा...
इल्म इस बात की
कमर्जफ हम नहीं

हमी से जमाना है...
                © पम्मी 

रविवार, 24 अप्रैल 2016

'आइटम' कहते हुए लज्जा तो आनी चाहिए !

Image result for indian woman free images

कोख में ही क़त्ल होने से बची कलियाँ हैं हम  ,
खिल गयी हैं इस जगत में झेलकर ज़ुल्मो सितम ,
मांगती अधिकार  स्त्री भीख नहीं चाहिए ,
अपने हिस्से की हमें भी अब इमरती चाहिए !
..............................................................
पितृसत्ता ने इशारों पर नचाई  स्त्री ,
देह की ही कोठरी में बंद  कर दी  स्त्री ,
पितृसत्ता की नौटंकी  बंद होनी चाहिए ,
अपने हिस्से की हमें भी अब इमरती चाहिए !
....................................................
 है पुरुष को ये अहम नीच स्त्री उच्च हम ,
साथ साथ फिर भला कैसे बढ़ा सकती कदम ,
'आइटम' कहते हुए लज्जा तो आनी चाहिए ! 
अपने हिस्से की हमें भी अब इमरती चाहिए !
...................................................................
चौखटों को पार कर आई है जो भी स्त्री ,
पितृ सत्ता को नहीं भायी है ऐसी स्त्री ,
चीरहरण की भुजायें अब तो कटनी चाहिए !
अपने हिस्से की हमें भी अब इमरती चाहिए !
................................................................
तुम जलाकर देख लो सीता नहीं जलती कोई ,
न अहल्या न शकुंतला छल से ही  डरती कोई ,
स्त्री को चैन की अब श्वांस मिलनी चाहिए !
 अपने हिस्से की हमें भी अब इमरती चाहिए !


शिखा कौशिक 'नूतन' 




गुरुवार, 14 अप्रैल 2016

देवी के नौ रूप अर्थात – नारी के नौ रूप-भाव ---डा श्याम गुप्त

  देवी के नौ रूप अर्थात – नारी के नौ रूप-भाव 

                            नारी को सदा ही आदि-शक्ति का रूप माना जाता है | संसार की उत्पत्ति, स्थिति, संसार चक्र की व्यवस्था, व लय .... सभी आदि-शक्ति का ही कृतित्व होता है | इसी प्रकार समस्त संसार व जीवन-जगत एवं पुरुष जीवन –नारी के ही चारों ओर परिक्रमित होता है | आदि-शक्ति या देवी के ये नौ रूप एवं नौ -दिवस ---वस्तुतः नारी के विभिन्न रूपों व कृतित्वों के प्रतीक ही हैं |

१- शैलपुत्री --- वृषभ वाहिनी –अर्थात ..
---------.नारी बल का प्रतीक है...समस्त प्राणि-जगत व मानव की शक्ति प्रदायक ....पत्नी, माँ, पुत्री, भगिनी, मित्र ...प्रत्येक रूप में नारी- संसार व पुरुष के लिए शारीरिक, मानसिक व आत्मिक बल प्रदायक होती है |

२-ब्रह्मचारिणी --–अष्टकमल आरूढा, श्वेत वस्त्र धारिणी -----
--------- अर्थात नारी विद्या रूप है ---विद्या ही शालीनता, तप, त्याग, सदाचार, संयम समयोचित वैराज्ञ प्रदान करती है, ये सभी नारी-शक्ति के मूल गुण हैं | यह ब्रह्म-ज्ञान है | नारी ही अपने विविध रूपों में मानव को, पुरुष को अष्ट-कमल रूपी विविध ज्ञान से युक्त करके उसे संसार में प्रवृत्त भी करती है-----विरत भी कर सकती है |

३-चंद्रघंटा --- मष्तिस्क पर चन्द्र का घंटा रूप –तीन नेत्र व दस भुजाएं, बाघ के सवारी --- स्वर्ण शरीर ---अर्थात तीनों लोकों दशों दिशाओं में स्थित अपनी त्रिगुणमयी माया –सत्, तम, रज से नियमित संसार चक्र द्वारा-- बलशाली होते हुए भी शान्ति का उद्घोष ----

--------नारी ही समस्त संसार में, पुरुष के मन में, जीवन में शारीरिक, मानसिक व आत्मिक शांति स्थापना द्वारा –ज्ञान का तेज, आयुष्य, आरोग्य, सुख, सम्पन्नता व कल्याण का मार्ग प्रशस्त करती है |


४-कुष्मांडा ---बाघ पर सवार व अष्ट-भुजी --- दुर्गा ..

---------अर्थात ब्रह्माण्ड, ब्रह्म-अंड की सृष्टि --- नारी ही तो सृष्टि की सृष्टा है, जनक, जननी है | मानव व संसार की रक्षा-सुरक्षा हेतु विविध प्रकार के दुर्ग बनाने में सक्षम, समस्त रोग, शोक आदि निवारक होती है |

५-स्कन्द माता--- सवारी कमल एवं सिंह दोनों ....पद्मा व सिंह वाहिनी – समस्त प्रकार का कल्याण | है | ब्रह्म रूप सनत्कुमार को गोद में लिए एवं सूक्ष् रूप में छह सिर वाली देवी भी गोद में |

---------अर्थात नारी पुरुष व संसार के कल्याण हेतु कल्याण हेतु भयानक व दुर्दम्य निर्णय व रूप भी ले सकती है | नारी समस्त जगत व पुरुष की पालक धारक माता भी है | जीवन, जगत व शरीर के षट्चक्रों-विविध क्रियाओं( षटरसों या खटरस—दुनिया के प्रपंच , व्यावहारिक कला, ज्ञान, कर्म ) की नियामक भी है |
६-कात्यायिनी ---पापियों की नाशक –ऋषियों-मुनियों की सहायक, चार भुजा, सिंह सवारी –
---------नारी का सज्जनों व ज्ञानियों के प्रति सदा ही सम्मान, प्रेम-भाव रहता है व उन्हें दुष्ट जनों, पापियों से सदा ही सहायता व संरक्षण उनकी प्राथमिकता होती है |


७-कालरात्रि --- या शुभंकरी –काला शरीर, केश फैले हुए, विकट-स्वरुप, आँखों से अग्नि, अर्धनारीश्वर शिव की तांडव-मुद्रा ... काली रूप ... सदैव शत्रु व दुष्टों की संहारक ...संसार व मानव हेतु कल्याण कारक|

-------नारी का रूप सदैव ही पुरुष व संसार हेतु कल्याणकारी, शुभ कारी ही होता है परन्तु आवश्यकता पडने पर पुरुष, पिता, पुत्र, पति, भ्राता पर आपत्ति आने पर वही – दुष्ट जनों के लिए दुर्गा रूप, काली रूप रख सकती है.. | यही शक्ति का नारी का काली रूप है |

८-महागौरी –तपस्या से गौर वर्ण प्राप्ति, श्वेत बृषभ आरूढा , श्वेत वस्त्र,डमरू-त्रिशूल धारी, अन्नपूर्णा ---
----------अर्थात नारी पुरुष के लिए त्याग, तपस्या, तप सब कर सकती है...पुरुष की, समस्त संसार की पालक-पोषक शक्ति है जिसके लिए वह मान करतीहै , मनाती है , डमरू भी बजाती है और त्रिशूल का भय भी दिखाती है | पुरुष व मानव के हर वय के, जीवन के हर स्तर पर वही तो अन्नपूर्णा है जो हर प्रकार का धन, वैभव सुख, शान्ति प्राप्ति में सहायक है |

९-सिद्धिदात्री --- कमलासन पर,सुदर्शनचक्र, गदा, कमाल,शंख धारी , सरस्वती रूप श्वेत-वर्ण, महाज्ञान सहित सौम्य भाव , मधुर स्वर | विष्णु के ही अनुरूप संसार के समस्त चक्रीय-व्यवस्थाओं की नियामक.... |
---------अर्थात नारी ही तो पुरुष के, जगत के, संसार के समस्त व्यवस्थाओं की नियामक होती है ...वही तो पुरुष को ज्ञान, कर्म व भक्ति रूपी समस्त सिद्धि-प्रसिद्धियों को प्राप्त करने में सहायक होती है, सम्पूर्ण जीवन तत्व व सम्पूर्ण सिद्धि...मोक्ष में सहायक होती है|


---------यदि हम इन नवरात्र में नारी के हर वय-रूप की उपेक्षा, उस पर अन्याय, अनाचार, अत्याचार के विरुद्ध अपने सोच, विचार, समर्थन व यथासंभव कदम उठाने हेतु व प्रयत्न करने का निश्चय करें, यही देवी की सच्ची आराधना होगी |
चित्र---१.-महालक्ष्मी --एवं त्रिदेव -आदियुग  .......२.दुर्गा-नवरूप


शनिवार, 19 मार्च 2016

मैं तो खेलूंगी श्याम संग होरी...डा श्याम गुप्त

मैं तो खेलूंगी श्याम संग होरी...

 


                                  




मैं तो खेलूंगी श्याम संग होरी


मैं तो खेलूंगी श्याम संग होरी ...
खेलूंगी बरजोरी..बरजोरी....
मैं तो खेलूंगी श्याम संग होरी ...२ ..||
अब तक बहुत गगरियाँ फोरीं ...x २
छेड़ डगर में बहियाँ मरोरीं |
अब होरी मधु रंग रस छाये....x २ ..
श्याम सखा मोरे मन भाये
पागल तन मन भीगा जाए
चाहे चूनर ही रंग जाए ,
चाहे जले राधा भोरी ...x २ ....

ग्वाल बाल संग कान्हा आये ..x २
ढोल, मृदंग, मजीरे लाये |
बरसाने की डगर सुहाए,
रंग रसधार बहाते आये ...x २ ..
खेलन आये होरी ...
मैं तो खेलूंगी श्याम संग होरी...x २ ||
लकुटि लिए सब सखियाँ खडीं हैं ....x २ ..
सब मनमानी करने अड़ी हैं |
बरसाने की बीच डगर में ..x २ ..
अब न चले बरजोरी ..x २....
मैं तो खेलूंगी श्याम संग होरी ...x २ ...||

भर पिचकारी कान्हा मारे...x २ ..
तन मन के सब मैल उतारे ..x २...
अंतरमन तक भीजें सखियाँ ...x २ ..
भूल गईं सब लकुटि-लकुटियाँ |
भूल गयीं सब राह डगरियाँ,
भूल गयीं सब टूटी गगरियाँ ..x २
भूलीं माखन चोरी ..२
मैं तो खेलूंगी श्याम संग होरी ....x २ ||
माखन चोर रस-रंग बहाए ..x २
होगई मन की चोरी |
तन मन भीगें गोप-गोपिका...x २
भीगे राधा गोरी ...x २
होगई मन की चोरी |
मैं तो खेलूंगी श्याम संग होरी ..x २…
खेलूंगीबरजोरी..बरजोरी... मैं तो खेलूंगी श्याम संग होरी ..x २ ||