शुक्रवार, 21 फ़रवरी 2014

''चल बबाल कटा !'' -लघु कथा


''और बता सरला क्या हाल-चाल हैं तेरे ? बहुत दिन में दिखाई दी .''घर की चौखट पर कड़ी विमला ने सामने सड़क से गुजरती सरला से ये पूछा तो वो ठिठक कर रुक गयी और बोली- ठीक हूँ जीजी ...आप बताओ बहुत दुबली लग रही हो !'' सरला के समीप आते ही विमला उसके कंधें पर हाथ रखते हुए बोली -'' मेरा क्या ..अब उम्र ही ऐसी है ..कोई न कोई रोग लगा ही रहता है ..अरे हाँ तेरी बहू तो पेट से थी ना ...कौन सा महीना चल रहा है अब ?'' विमला के इस सवाल पर सरला उसके और करीब आकर इधर-उधर नज़रे घुमाते हुए उसके कान के पास आकर हौले से बुदबुदाई - ''जीजी उसका गरभ तो गिर गया ..सीढ़ियों से रपट गयी थी ..छठा महीना चल रहा था ...अब जाकर सम्भली है उसकी तबियत ..मैंने तो उसे मायके भेज दिया था ..यहाँ कौन तीमारदारी करता ...दो दिन पहले ही आई है ..वो तो भगवान् का शुक्र रहा कि पेट में लौंडिया थी लौंडा होता तो जुलम ही हो जाता !'' विमला सरला की इस बात पर तपाक से बोली -'' यूँ ही तो कह हैं सब भगवान् जो करता है अच्छा ही करता है ...चल बबाल कटा !''
शिखा कौशिक 'नूतन'

गुरुवार, 20 फ़रवरी 2014

लघु कथा ... चींटियाँ बहुत होगईं हैं..... डा श्याम गुप्त



                     चींटियाँ बहुत होगईं हैं

          अरुणा जी अध्ययन कक्ष में प्रवेश करते हुए कहने लगीं, आजकल न जाने क्यों चींटियाँ बहुत होगईं हैं| सारे घर में हर जगह झुण्ड में घूमती हुईं दिखाई देतीं हैं | पहले तो प्रायः मीठा फ़ैलने, छिटकने पर या मीठे के वर्तन, पैकेट, डब्बे आदि में ही दिखाई देतीं थीं परन्तु बड़े आश्चर्य की बात है कि अब तो नमकीन पर, आटे में, दाल-चावल, रोटियाँ, घी-तेल सभी में होने लगी हैं | कैसा कलियुग आगया है |
      मैंने कहा सुनिए ...बचपन में मैंने एक चींटी नाम से कविता लिखी थी वह यूं थी......
               नमकीन क्यों नहीं खातीं
               क्या बात है ये हे चींटी |    .......और अभी कुछ महीने पहले यूं लिखा है....

               चींटी के बिल डालते आटा,
               मिलता नहीं राह में कोई |
  
       सुनकर वे हंसने लगीं, बात को कहाँ से कहाँ खींच लेजाते | फिर बोलीं, ’ बात तो सही है, पहले जगह-जगह पुरुष, नारियां, वृद्धजन आदि प्रतिदिन चींटी के बिल में आटा, कुत्ते-गाय को रोटी आदि देते हुए दिखाई देते थे, अब तो नहीं दिखाई देते | अतः बेचारी क्या करें ...’बुभुक्षितम किं न करोति पापं’....जो कुछ भी जहां दिख जाता है एकत्र करने लग जाती हैं | जब मनुष्य स्वयं ही संग्रह में लिप्त है तो वे क्या करें | इस युग में जिसे देखो वही धन–संग्रह के साथ हर वस्तु के संग्रह में लगा है चार गैस-सिलेंडर, पेट्रोल, मिट्टी का तेल, खाद्य-सामग्री, सब्जी-फल से भरा फ्रिज, जैसे कल ये सब समाप्त होने वाला है | तो कौन चींटियों को आटा डालने जाए | मिठाई तो अब लोग फ्रिज में रखने लगे हैं|’
        सचमुच यही बात है, मैंने कहा,’ गायों व अन्य पशुओं के साथ भी तो यही होरहा है | पहले हमने गायों को कभी मल-मूत्र-मैला आदि में लिपटा कागज़-कपड़ा आदि खाते नहीं देखा, परन्तु आजकल वे सब खा रही हैं, और पोलीथीन की थैली में लिपटा पोलीपैक कूड़ा खाकर काल का ग्रास बन रही हैं, घोर कलियुग में, क्यों?...क्योंकि गाय पालने वाले सिर्फ दूध दुह कर उन्हें छोड़ देते हैं कहीं से भी कुछ भी खाने के लिए ..मुफ्त में काम चल जाय | उन्हें दूध बेचने से, कमाई से फुर्सत कहाँ, गायों आदि को मैदानों, चरागाहों में चराने कौन लेजाय| खली, बिनौला, चना-दाल, हरी-हरी घास कौन खिलाये|’
        चरागाह, तालाब, जंगल आदि भी अब कहाँ रह गए हैं, बिल्डिंगों के जंगल में बदल गए हैं|’ अरुणा जी कहने लगीं,  ‘हाँ सरमा के पुत्र, सारमेय-सुतों के अवश्य वारे-न्यारे हैं, वो भी विदेशी नस्ल वालों के | देशी तो गलियों में मरियल से घूमते रहते है, कूड़े के ढेर से पेट भरते |’

 
  

रविवार, 16 फ़रवरी 2014

अंतर -लघु कथा

'अरे वाह सिम्मी तुम तो बिलकुल भैय्या की तरह साइकिल चलाने लगी हो ...शाबास बिटिया !'' छह वर्षीय बेटी सिम्मी की तारीफ करते हुए उसके पापा ने उसकी पीठ थपथपाई तभी सिम्मी से तीन साल बड़ा उसका भाई सन्नी वहीँ गॉर्डन में आ पहुंचा और वहाँ खिला एक गुलाब का फूल तोड़कर बालों में अटकाने का प्रयास करने लगा .उसे ऐसा करते देखकर उसके पापा गुस्से में बोले -'' व्हाट नॉनसेंस ..क्या कर रहे हो ..तुम सिम्मी की तरह लड़की हो क्या जो फूल सजाओगे बालों में ..!'' ये सुनते ही सन्नी के हाथ से फूल छूट कर नीचे गिर पड़ा और सिम्मी साइकिल छोड़कर पापा के पास आकर बोली -'' पप्पा जब मैं भैया जैसा काम करती हूँ तब आप मुझे शाबाशी देते हो पर जब भैय्या मुझ जैसा कोई काम करता है तब आप उसे डांट देते हो ..ऐसा क्यूँ पप्पा ?'' पापा उसकी नन्ही हथेलियों को अपनी हथेली में कसते हुए बोले -'' बेटा जी आप अभी छोटी हो जब बड़ी हो जाओगी तब सब समझ जाओगी !'' ये कहकर पापा ने नीचे गिरा गुलाब का फूल उठाया और सिम्मी की चुटिया में सजा दिया .
शिखा कौशिक 'नूतन'

बुधवार, 12 फ़रवरी 2014

जिम्मेदारी -लघु कथा

''दीदी शाम हो चुकी है ..आप रहने दो ..मैं ही बदल कर ले आउंगा माँ की साड़ी की फॉल.. ...माँ भी ना देखकर नहीं ला सकती हैं पहली बार में ..!'' वासु ने सड़क पर साइकिल थामे दो वर्ष बड़ी अपनी पंद्रह वर्षीय बहन गिन्नी से ये कहा तो उसने तुरंत साइकिल वासु को थमाते हुए कहा -'' अब तू सच में बड़ा हो गया है वरना कितनी भी शाम हो रही हो तुझे बस खेलने की चिंता रहती और साइकिल मुझे पकड़ाकर भाग जाता ...मैं कितना कहती ''भाई मेरे साथ चल'' पर तुझे तो बस खेलने की पड़ी रहती ..'' गिन्नी के उलाहने पर वासु मुस्कुरा दिया और घर की चौखट पर खड़ी माँ ने मन में सोचा -''चलो वासु को एक बड़ी बहन का भाई होने की जिम्मेदारी का अहसास तो हुआ .''
शिखा कौशिक 'नूतन'

सोमवार, 10 फ़रवरी 2014

विधायक की पत्नी -कहानी

नौ साल बाद नौकरानी की हत्या के आरोप से सुप्रीम कोर्ट द्वारा बरी किये जाने पर गरिमा सिंह ने राहत की सांस ली .लगातार छठी बार विधायक चुने गए उसके पतिदेव स्वराज सिंह सौ से भी ज्यादा करों का काफिला लेकर गरिमा को जेल से सम्मान सहित लेने आये .स्वराज को देखते ही गरिमा ने हजारों की भीड़ के सामने झुककर उनके चरण छुए और पैरों की धूल अपनी मांग में सजा ली .सारे जनसमुदाय के सामने आदर्श दंपत्ति गरिमा व् स्वराज की चारों ओर जय-जयकार होने लगी .अट्ठारह वर्षीय बेटा वैभव भी कार से उतर कर आया और माँ के चरण-स्पर्श किये . गरिमा ने उसे गले लगा लिया और उसके सिर पर स्नेह से हाथ फेरते हुए नम आँखों के साथ बोली -'' जग-जग जियो मेरे लाल !'' इसके बाद गरिमा को लेकर स्वराज का काफिला गृहनगर के लिए रवाना हो लिया .गृहनगर पहुँचने पर गरिमा का जोरदार स्वागत किया गया .जगह-जगह महिलाओं ने गरिमा की कार रोककर उससे हाथ मिलाया और सिसकते हुए बोली -''दीदी आप के बिना तो सारा नगर ही सूना हो गया था ...आज न्याय हुआ है !'' गरिमा की आँखें भी भर आयी .रुद्ध गले से बोली-''तुम्हारी दुआओं का ही फल है जो आज सम्मान के साथ वापस आयी हूँ !'' गरिमा का ऐसा स्वागत क्यूँ न होता ? आखिर गरिमा ही थी जिसने कभी किसी गरीब-दलित को घर की चौखट से खली हाथ न जाने दिया .क्षेत्र में कभी भी कोई दुर्घटना हुई और गरिमा ने उसके घर जाकर सांत्वना न दी हो- ऐसा कभी न हुआ . दीदी ,देवी और भी न जाने कितने सम्मान सूचक शब्दों से क्षेत्र की जनता पूजती थी गरिमा को . इन्ही विचारों व् संस्मरणों में खोई गरिमा जब विधायक -निवास पर पहुंची तब पहले तो उसकी आँखों में नमी आई और फिर वे दहकने लगी . गरिमा ने खुद को सम्भाला .पूरा विधायक-निवास फूलों से सजाया गया था .वैभव ने पीछे से आकर गरिमा के कन्धों पर हाथ रखते हुए कहा -'' माँ ...देखो ...कैसा लग रहा है ? ...मैंने खुद खड़े रहकर सजवाया है .'' गरिमा ने उत्साहित स्वर में कहा -'' बहुत सुन्दर ...आखिर हो तो तुम मेरे ही बेटे ना ..ऐसी सजावट तुम्हारी हर बर्थ-डे पर करवाती थी मैं ....'' ये कहते-कहते गरिमा अतीत में खोने लगी तो वैभव ने उसके कंधें झकझोरते हुए कहा -'' माँ ! अब मैं बालिग हो चूका हूँ ...चलो अंदर चलो ...आपका रूम दिखाता हूँ ...मैंने कुछ नहीं बदलने दिया ..जो जैसा था वैसा ही है ..एक -एक चीज जहाँ आप रखती वहीं रखी हुई है .'' ये कहकर वैभव के साथ गरिमा ज्यों ही अंदर की ओर चली उसने एक बार थोड़ी दूर खड़े अपने किसी ख़ास आदमी से बतियाते स्वराज की ओर देखा और फिर अंदर की ओर कदम बढ़ा दिए .वैभव ने गलत नहीं कहा था पूरा घर वैसा ही था जैसा गरिमा को छोड़कर जाना पड़ा था .गरिमा को उसके बैडरूम में छोड़कर वैभव फ्रैश होने चला गया . गरिमा ने दीवार पर टंगी अपनी व् स्वराज की विवाह की फोटो देखी और उसकी आँखों में खून उतर आया पर तुरंत उसने अपने को संयमित किया .गरिमा ने वज्र ह्रदय कर सोचा -'' बस अब एक भी रात की मोहलत न दूँगी ...अब मेरा बेटा बालिग हो चूका है ..मुझे किसी चीज की चिंता नहीं ..अपनी जान की भी नहीं ..क्या कहा था तुमने स्वराज जब जेल में बंद मुझसे मिलने के बहाने मुझे धमकाने आये थे ..यही ना कि ''यदि अपने बेटे की खैरियत चाहती हो तो चुप रहो ..जानती हो ना अभी वो नाबालिग है .तुम्हारे डैडी की अरबों की जायदाद भले ही उसके नाम हो पर अभी मैं ही उसका अभिभावक होने के नाते जो चाहूं कर सकता हूँ ..मेरी इमेज जनता में बिगाड़ी तो मैं भूल जाउंगा कि वैभव मेरा भी बेटा है ....समझ रही हो ना ....'' समझ रही थी स्वराज मैं सब समझ रही थी .मेरी ममता को हथियार बनाकर तुम ये ही चाहते थे कि मैं ना खोलूं वे राज़ जिनके कारण मैं निर्दोष होते हुए भी जेल में रहूँ और तुम आजाद .नौकरानी से अवैध सम्बन्ध तुम्हारे ...मारपीट न करती उससे तो क्या करती ..तुम्हारी शह पर थप्पड़ मारा था उसने मेरे और तुम खड़े देखते रहे थे ..बल्कि मुस्कुराये भी थे अपनी पत्नी की इस बेइज्जती पर ..और जब इन सब तनावों को झेल पाने में मैं अक्षम होने लगी तब तुमने अपने खरीदे हुए डॉक्टर से नशीले इंजेक्शन लगवाने शुरू कर दिए ..मुझे पागल करने का पूरा इंतजाम कर डाला था तुमने तभी उस नौकरानी के गर्भवती हो जाने पर तुमने उसका क़त्ल कर डाला ....मैं कभी न जान पाती यदि मेरा बेटा न बताता मुझे ..हाँ उसने देखा था तुम्हे उस नौकरानी का गला दबाते हुए और सारा इल्जाम लगा डाला मुझ पर कि अर्द्ध-विक्षिप्त मनोअवस्था में मैंने यह काम कर डाला .मैं तो सब राज़ पहले दिन ही खोल देती पर तुम्हारी आँखों में मैंने वो वहशीपन देखा था जो मेरे बेटे के टुकड़े-टुकड़े करने में भी संकोच न करता ...बेटा तो तुम्हारा भी था पर तुमने उसको एक हथियार बना डाला मुझे इस्तेमाल करने के लिए अपनी स्वार्थ-सिद्धि हेतु . आज तुम इस बैडरूम में आओगे तो खुद चलकर पर जाओगे चार कन्धों पर ..मेरी पिस्टल तो मेरी अलमारी में ही होगी ..'' ये सोचते हुए गरिमा बैड से उतरने ही वाली थी कि वैभव वहाँ आ पहुंचा और किवाड़ बंद करता हुआ बोला -'' माँ ..क्या पिस्टल लेने के लिए उठ रही हो ...वो तो डैडी ने आपके जेल जाते ही गायब कर दी थी ..पर आप फ़िक्र न करो अब इसकी जरूरत नहीं पड़ेगी ...फोन की घंटी बजते ही आप जो सुनेंगी उससे आपको राहत मिल जायेगी .'' तभी फोन की घंटी बजी .गरिमा ने वैभव के चेरे को ध्यान से देखते देखते रिसीवर उठा लिया .दूसरी ओर से आने वाले जो शब्द गरिमा के कानों में गूँज रहे थे वो वर्षा की ठंडी बूंदों की भांति सात साल से सुलग रही उसके दिल की आग को हौले-हौले ठंडा कर रहे थे -'' गरिमा जी ..मैं थानाध्यक्ष बोल रहा हूँ ..बड़े दुःख के साथ मुझे आपको ये सूचित करना पड़ रहा है कि विधायक स्वराज सिंह जी की गाड़ी अनियंत्रित होकर सामने से आ रहे ट्रक से टकरा गयी जिसके कारण उनकी गाड़ी के परखच्चे उड़ गए और मौके पर ही विधायक जी की मृत्यु हो गयी .'' गरिमा की आँखें वैभव के चेहरे पर ही चिपक गयी जो शांत भाव से युक्त था .वैभव ने आगे बढ़कर गरिमा की मांग का सिन्दूर पोंछ दिया और उसकी कलाई थामते हुए बोला -'' अब इन सब की कोई जरूरत नहीं ..ये चूड़ी भी तोड़ डालो माँ !...आपने नौ साल का वनवास केवल मेरे लिए झेला तब क्या मैं आपके लिए इतना भी न करता माँ ..... आप का नया जीवन आज और अभी से शुरू हो गया है  ..... आप चुनाव लड़ोगी क्योंकि अब आप दिवंगत विधायक की पतिव्रता पत्नी हो ..'' ये कहकर वैभव अपने डैडी की डैडबॉडी लाने के लिए वहाँ से चल दिया .
शिखा कौशिक 'नूतन'

बुधवार, 5 फ़रवरी 2014

कवयित्री पत्नी -लघु-कथा

सारिका के पतिदेव चतुर बनते हुए बोले -'' तुम एक कवयित्री हो , मुझसे ज्यादा प्रेम काव्य से है तुम्हें, काव्य ही तुम्हारा श्रृंगार है फिर क्यूँ न मैं तुम्हें विवाह की वर्षगांठ पर इस बार सोने के किसी आभूषण की जगह काव्य की कोई उत्तम पुस्तक भेंट में दूं ?'' सारिका अपने कंजूस पतिदेव की मंशा को समझते हुए बोली -'' जैसी आपकी इच्छा पर एक कवयित्री होने के नाते मुझे भी अपने कर्तव्य का निर्वाह करना चाहिए ....कल से सुबह की चाय की जगह लेगी मेरी लिखी कोई क्षणिका !....और नाश्ते में मिलेगी चटपटी हास्यपूर्ण कविता !......दिन व् रात के भोजन में हाइकू ,हाइगा और मात्रिक-शाब्दिक छंदों की रोटी ,चटनी ,दाल ,पापड़ ,सब्जी ,अचार ....एक कवयित्री पत्नी के इस परिश्रम से आपको कोई कष्ट तो नहीं होगा पतिदेव ?'' पत्नी श्री के इस ब्रह्मास्त्र से पतिदेव हड़बड़ाते हुए बोले -'' पत्नी श्री आप केवल अन्नपूर्णा बनकर ही रहे मैं सोने की जगह हीरे का आभूषण लाकर दूंगा भेंट में ...बस काम से जब मैं घर लौटूं तब मुझे यही लगे कि मैं अपने घर आया न कि किसी कवि-सम्मलेन में .'' पतिदेव की इस बात को सुनकर सारिका मुस्कुराने लगी और पतिदेव अपनी योजना विफल होने के कारण खिसियाया हुआ मुख लेकर वहाँ से खिसक लिए .
शिखा कौशिक 'नूतन'

मंगलवार, 4 फ़रवरी 2014

''बसंत का शुभागमन !''


थी सुप्त कहीं जो चंचलता
अंगड़ाई लेकर जाग उठी ,
सृष्टि के सुन्दर आँगन में
नव-पल्लव वंदनवार सजी !
.................................................
श्वेत शीत के वसन त्याग
बासंती वेष किया धारण ,
बांध नुपुर विहग-कलरव
सृष्टि थिरके अ-साधारण !
.....................................................
चटकी कलियाँ मटकी सरिता
जन-तन-मन में रोमांच भरा ,
मदमस्त पवन के छूने से
लज्जित स्मित कोमल लतिका !
..........................................
है हास-विलास उमंग-तरंग ,
निखरा सृष्टि का अंग-अंग ,
निज रूप निहारे सरोवर में
सुन्दरतम बिम्ब का प्रतिबिम्ब !
..............................................................
कामदेव के वाण पांच
चलते प्रतिपल हैं इसी मास ,
प्रेमी-युगलों में मिलन प्यास
करती मधु को अति मधुमास !
.............................................
नव-पल्लव सम नव आस जगे ,
हरियाये जन-जन का जीवन ,
सन्देश यही लेकर बसंत
हर उर में करता शुभागमन !
शिखा कौशिक 'नूतन'