रविवार, 4 अगस्त 2013



मित्रता दिवस पर सभी मित्रों को हार्दिक शुभकामनाओं के साथ यह हाइकु समर्पित....

बनो यूँ बड़े
भूले नहीं सुदामा
मित्र तुमको.

HAPPY FRIENDSHIP DAY:-))

Dr. Sarika Mukesh

शनिवार, 3 अगस्त 2013

मित्रता एक वरदान !-HAPPY FRIENDSHIP DAY



मित्रता एक वरदान !

                                   
मित्रता का भाव मानव के लिए वरदान है ;
जो नहीं ये जानता वो मूर्ख है ;नादान है .

देखकर दुःख मित्र का जिसका ह्रदय होता विकल ;
त्याग देता मित्र हित पल में सदा जो सुख सकल ,
है वही सच्चा सखा धरती पे वो भगवान है .
मित्रता का भाव ..................................

पाप करने से सदा मित्र को है रोकता ;
हर त्रुटि पर ज्येष्ठ भ्राता सम उसे है टोकता ,
मित्र ही सच्चा हितैषी -सुग्रीव के श्री राम हैं .
मित्रता का भाव ............................

जो निराशा के समय प्रफुल्ल कर देता ह्रदय ;
छीन कर चिंता सभी जो मित्र को करता अभय ,
निर्मल ह्रदय से युक्त मित्र पुण्य पावन धाम है .
मित्रता का भाव ..........................

दौड़कर आ जाता है कृष्णा की एक पुकार पर ;
सारथी बनकर सिखाता -''शत्रु का संहार कर '',
जो सुदामा को भी देता आगे बढ सम्मान है .
मित्रता का भाव .................................

जो नराधम को बना देता नरों में श्रेष्ठ है ;
मित्र का कल्याण हो इस हेतु ही सचेष्ट है ,
मित्र की रक्षार्थ उत्सर्ग करता प्राण है .
मित्रता का भाव ...................................

जात-पात;ऊँच-नीच को नहीं वो  मानता ;
मित्र को बस मित्र के ही रूप में पहचानता ,
मित्र मित्र है ;न वो निर्धन न वो धनवान है .
मित्रता का भाव ......................................

मित्र के उत्कर्ष पर जिसका है सीना फूलता ;
मित्र के सुख देखकर मन ख़ुशी से झूमता ,
मित्रता में द्वेष का होता नहीं स्थान है .
मित्रता का भाव ................................

जो विपत्ति में फंसे मित्र को न भूलता ;
मित्र हित की शाख पर जिस का ह्रदय है झूलता ,
दुःख की घड़ी में साथ देना मित्र की पहचान है .
मित्रता का भाव ..............................

शिखा कौशिक 'नूतन '


http://shikhakaushik666.blogspot.com

''दिल की धड़कन हिंदुस्तान ब्लोगर सम्मान ''


''दिल की धड़कन हिंदुस्तान ब्लोगर सम्मान ''

''दिल की धड़कन हिंदुस्तान ब्लोगर सम्मान ''
Animated Indian Flag
''दिल की धड़कन हिंदुस्तान ब्लोगर सम्मान ''

''सिन्दूरी सुबह है उजली हर रात है 
अपने वतन की तो जुदा हर एक बात है ''

    ऐसे ही भावों को अपने शब्दों में लिख भेजें १४ अगस्त २०१३ तक केवल इस इ मेल पर  [shikhakaushik666@hotmail.com और सर्वोतम अभिव्यक्ति के लिए पायें प्यारा सा उपहार !
शब्द सीमा -५१ शब्दों में ही समेटें अपने भारत के प्रति प्यार 

 नियम व् शर्ते
*अपनी प्रविष्टि  केवल इस इ मेल पर प्रेषित करें [shikhakaushik666@hotmail.com].अन्यत्र प्रेषित प्रविष्टि प्रतियोगिता का हिस्सा न बन सकेंगी .प्रविष्टि  के साथ अपना पूरा पता सही सही भेंजे .

* प्रतियोगिता आयोजक का निर्णय ही अंतिम माना जायेगा .इसे किसी भी रूप में चुनौती नहीं दी जा सकेगी .

*प्रतियोगिता किसी भी समय ,बिना कोई कारण बताये  रद्द की जा सकती है .

* विजेता को एक प्यारा सा  पुरस्कार  प्रदान किया जायेगा .
*उत्तर भेजने की अंतिम तिथि १४ अगस्त   २०१३ है .
*प्रतियोगिता परिणाम के विषय में अंतिम तिथि के बाद इसी ब्लॉग [हम हिंदी चिट्ठाकार हैं ] पर सूचित कर दिया जायेगा .


शिखा कौशिक 'नूतन '
[व्यवस्थापक -] 

गुरुवार, 1 अगस्त 2013

एक बहन मिल गयी -लघु कथा

Beautiful Womans Face With Blue Eyes Stock Photo - 12040250
एक बहन मिल गयी -लघु कथा
do not copy 

रोहित ,प्रभात और चिराग कोचिंग से लौट रहे थे .प्रभात की नज़र तभी सुनसान पड़ें खाली प्लॉट में चार लड़कों से घिरी  मदद के लिए पुकारती लड़की पर गयी .प्रभात ने अपना बैग कंधें से उतार कर सड़क पर फेंका और ''मेरी बहन को छोड़ दो कमीनों '' कहता हुआ उसी दिशा में दौड़ पड़ा .रोहित और चिराग प्रभात की बात सुनकर अपना बैग वहीँ फेंककर उसके पीछे दौड़ पड़े .तीन लड़कों को गुस्से में दौड़कर अपनी ओर आते देख वे चारों  लडकें लड़की को छोड़कर भाग लिए .उनमे से केवल एक ही को प्रभात पकड़ पाया और फिर वही पहुंचे रोहित व् चिराग ने उसकी  जमकर लतों-घूसों से खातिरदारी  कर दी .वो भी किसी  तरह खुद को छुड़ाकर भाग निकला .प्रभात को  उस पीड़ित लड़की  से उसका नाम-पता पूछते देखकर चिराग ने प्रभात से पूछा -''अबे तू तो ये कहकर भागा था मेरी बहन को छोड़ दो ...ये तेरी बहन नहीं है ...यूँ ही अपने साथ हमारी जान भी दांव पर लगा दी !!'' प्रभात मुस्कुराता हुआ बोला -'' मैं ऐसा न करता तो सालों तुम बहाना बनाकर निकल लेते और हम भाइयों के होते एक बहन की अस्मत लुट चुकी होती .'' रोहित प्रभात की बात सुन मुस्कुराता हुआ बोला -'' कुछ भी कहो ..मुझे भगवान ने कोई बहन नहीं दी थी आज प्रभात के कारण एक बहन मिल गयी .'' रोहित की बात सुनकर प्रभात ने उसे गले लगा लिया और पीड़ित लड़की की आँखे भर आई .

शिखा कौशिक 'नूतन' 

मंगलवार, 30 जुलाई 2013

अधिकारी का हौंसला, तोड़े बारम्बार-

Durga Shakti Nagpal, a young woman IAS officer of 2010 batch has been shifted from Punjab care to Uttar Pradesh cadre on the ground of marriage to  Shri Abhishek Singh, IAS officer of 2011 batch of Uttar Pradesh Cadre.
(1)
दुर्गा पर भारी पड़े, शुतुरमुर्ग के अंड |
भस्मासुर को दे सकी, आज नहीं वह दंड |
आज नहीं वह दंड, नोयडा खाण्डव-वन है  |
कौरव का उत्पात, हारते पाण्डव जन हैं |
फिर अंधे धृतराष्ट्र, दुशासन बेढब गुर्गा |
   बदल पक्ष अखिलेश, हटाते आय एस दुर्गा-
(2)

 फलता है हर फैसला, फैला कारोबार |
अधिकारी का हौंसला, तोड़े बारम्बार |
तोड़े बारम्बार, शक्ति दुर्गा की तोड़े |
सच्चाई की हार, वोट कुछ दल ने जोड़े |
छलता सत्ता-असुर, सिंह रह गया उछलता |
हुवा फेल अखिलेश, छुपाता सतत विफलता |

सोमवार, 29 जुलाई 2013

बुआ -कहानी

 बुआ -कहानी 
Indian beautiful female doctor Stock Photos
बुआ -कहानी 

बुआ के  साथ रहने का अलग ही आकर्षण था .कहाँ शहर का कोलाहल भरा वातावरण और कहाँ बुआ के गाँव में चारों ओर शांत -सुहाना वातावरण .वैसे तो हम चारों भाई -बहनों को बुआ समान रूप से स्नेह करती क्योंकि हम उनके एकलौते भाई की संतान थे पर मुझ पर बुआ का विशेष स्नेह था क्योंकि मैं सब भाई बहनों में सबसे छोटा था .बुआ ने समाज सेवा का व्रत लिया था इसीलिए एम्.बी.बी.एस. करते ही गाँव  में अपना क्लिनिक खोला था ..पिता जी के तगड़े विरोध के बावजूद .विवाह के लिए भी वे तैयार नहीं हुई थी ...पर ये सब मुद्दे मेरे लिए कोई मायने नहीं रखते थे क्योंकि मुझे तो माँ से भी बढ़कर बुआ अच्छी लगती थी .बुआ को जब भी फुर्सत मिलती तब शहर हमारे पास अवश्य आती .पिता जी से कम बात होती और हमारे साथ खेलने में ज्यादा मगन रहती .जब भी आती मंजू दीदी व् प्रीती दीदी के लिए उनकी रुचि की चीज़ें लाती और पिंटू भैय्या व् मेरे लिए ढेर सारे खिलौने .मेरे लिए मेरी पसंद की चौकलेट व् टॉफी लाना भी बुआ कभी नहीं भूलती थी .धीरे-धीरे बड़े होते हुए मैंने भी बुआ की तरह डॉक्टर बनने का निश्चय किया .बुआ के मार्गदर्शन से मैंने हर बार अच्छे अंको से हर परीक्षा उत्तीर्ण की . एम्.बी.बी.एस. कर लेने के बाद मेरे सामने धर्म-संकट खड़ा हो गया .बुआ की इच्छा से मैं भली-भांति परिचित   था कि मैं गाँव उनके पास रहकर उनके क्लिनिक  को ज्वाइन करूँ पर घर की  आर्थिक  स्थिति व् जवान हुई बहनों के विवाह की  चिंता के कारण मेरा लक्ष्य अधिक से अधिक धन कमाकर पिता जी को सहारा देना बन गया था .बुआ से सलाह व् समर्थन लेना चाहता था . लेकिन पिता जी ने पहले ही फैसला सुना दिया और कड़े स्वर में कहा -'' दिनेश मैंने तुम्हारे लिए क्लिनिक का इंतजाम यही शहर में कर दिया है ..यही रहो और उन्नति करो .''बुआ पिता जी के इस निर्णय से बहुत नाराज़ हुई क्योंकि इसके बाद उनका हमारे पास आना-जाना लगभग बंद हो गया और फोन द्वारा  भी संपर्क टूट गया .पिंटू भैय्या ने रेडीमेट गारमेंट्स की  दुकान कर ली थी और मैंने चिकित्सा की .हाँ ! यही लगा था मुझे बुआ के अनुसार गाँव न जाकर शहर में क्लिनिक पर पहली बार जाते हुए .जैसी की पिता जी को उम्मीद थी मैं उतनी ज्यादा कमाई इस पेशे से नहीं कर पाता था क्योंकि मैं अपने मरीजों को लूट नहीं सकता था .मंजू दीदी व् प्रीती दीदी की  शादी में भी बुआ नहीं आई .दोनों बार मनी ऑडर द्वारा शुभकामनायें प्रेषित कर दी .पिता जी भी अपने जिद्दी स्वभाव के कारण उन्हें मनाने नहीं गए गाँव . मैं भी इतना व्यस्त रहता था कि बुआ के पास जाने के लिए समय नहीं निकाल पाता था ...सच कहूं तो उनके पास जाने की  हिम्मत ही नहीं थी .पिंटू भैय्या के विवाह के अवसर पर मैंने डायरी से बुआ का पोस्टल एड्रेस निकाल कर विशेष आग्रह के साथ ''जरूर आना है '' की  विनती भरी चिट्ठी लिखी .चिट्ठी का जवाब तो आया लेकिन पिंटू  भैय्या की  शादी हो जाने के बाद .बुआ ने लिखा कि वे व्यस्त रहती हैं अत: आ नहीं पाती .मैं जानता था उनकी व्यस्तता  .मैंने  निश्चय किया कि इस रविवार को बुआ के पास जरूर जाऊंगा .पिता जी भी चाहते थे कि बुआ की  नाराज़गी दूर हो जाये .मैं रविवार को सुबह साढ़े छह बजे की  बस पकड़कर उनके गाँव के लिए रवाना हो लिया .रास्ते भर बस यही सोचता रहा कि बुआ क्या अब भी उतने प्यार से मुझसे मिलेगी जबकि मैंने उनका दिल तोडा है ? उन्होंने  मुझे डॉक्टर बनाने के लए कितनी भाग-दौड़ की और मैंने डॉक्टर बनते ही उनके सपने चकनाचूर कर दिए .कितनी उत्साहित थी वे मेरे डॉक्टरी की  ओर बढ़ते क़दमों को देखकर .उत्साहित होकर कहती -'' अब मेरी क्लिनिक में एक और काबिल डॉक्टर आ जायेगा .कितनी ही अनमोल जान बचाई जा सकेगी जो यहाँ चिकित्सकों की कमी के कारण चली जाती हैं .''पूरे साढ़े तीन साल हो गए थे बुआ से ना मिले .बस रुकी , मैंने अपना बैग कंधें पर  टांगा  व्  ब्रीफकेस  उठाकर बुआ के  क्लिनिक की ओर चल दिया क्योंकि मैं जानता था कि वे वही होंगी .रास्ता मेरा जाना-पहचाना था .हजारो बार बुआ के साथ उनके क्लिनिक पर गया था मैं .बुआ के क्लिनिक पर पर पहुँचते ही पाया कि ये अब तक वैसा का वैसा ही है .बुआ मुझे देखते ही खड़ी हो गयी और विस्मित होकर बोली -'' अरे ....दिनेश तुम ?'' मैंने आगे बढ़कर चरण स्पर्श करते हुए कहा -'' बुआ दिनेश कहकर पराया मत करो मैं तो आपका गुड्डू हूँ ...वही छोटा सा गुड्डू .'' बुआ की आँख भर आई आंसू पोछते हुए बोली -'' हाँ हाँ ..मेरा गुड्डू !! '' वे मुझे घर ले गयी .फ्रेश होने के बाद मैंने बुआ से पूछा -'' बुआ अब भी नाराज़ हो मुझसे ?'' बुआ मुस्कुराई और बोली -'' अरे अपने बच्चों से कोई नाराज़ होता है ?..लेकिन हाँ  मैंने तुम्हे इसलिए डॉक्टर नहीं बनाया था कि तुम  इसे एक व्यवसाय बनाओ ...मैं चाहती थी तुम मेरे इस क्लिनिक को संभालो और इस पेशे को पूजा का सम्मान दो .मेरे इस क्लिनिक से भी इतना पैसा तो मेरे पास आ ही जाता है जिससे मैं ठीक से खा-पहन सकूं और सेवा कार्य भी कर सकूं .लेकिन तुमने भैय्या की .....चलो वैसे भी मेरा कौन सा अधिकार है तुम पर जो तुम मेरे कहे अनुसार चलते ?''मैं भावुक हो उठा और बोल -'' बुआ ..प्लीज़ ऐसा मत कहो .मैं इस बार जाकर पिता जी से साफ कह दूंगा कि मुझे आपके पास यही रहकर सेवा कार्य करना है .'' बुआ ने मुझे गले से लगा लिया .शहर पहुंचकर मैंने पिता जी को अपना निश्चय सुना दिया और यह भी बता दिया कि मैं और अपनी आत्मा के साथ धोखा नहीं कर सकता .पिता जी शायद बुआ के अहसानों के कारण इस बार ना नहीं कर पाए .अब जब बुआ इस दुनिया में नहीं हैं तब उनके क्लिनिक में बैठा हुआ मैं अक्सर सोचा करता हूँ कि मैंने वो निर्णय लेकर कितना सही कदम उठाया था .

शिखा कौशिक 'नूतन '

शनिवार, 27 जुलाई 2013

बेग़म ग़म मत देना ,

Indian_bride : Image of a gorgeous Indian bride and groom traditionally dressed
बेग़म ग़म मत देना
do not copy 

दिल बहलाने को लाया हूँ बेग़म ग़म मत देना ,
खिदमत करवाने लाया हूँ बेग़म ग़म मत देना !
*****************************

सजने और सँवरने  की है बेग़म तुम्हें आजादी ,
खुली जुबान पर गुर्राया हूँ बेग़म ग़म मत देना !
***************************

नज़रों के तुम तीर चलाकर कर लो मुझको घायल ,
देख बगावत घबराया हूँ बेग़म ग़म मत देना !
*************************

फ़र्ज़ निभाओ मगर कभी तुम हक़ की बात न करना ,
तानाशाह बन  इतराया  हूँ बेग़म ग़म मत देना !
************************

'नूतन' औरत की किस्मत में सारे ग़म पी जाना ,
कई दफा ये फ़रमाया हूँ बेग़म ग़म मत देना !!

शिखा कौशिक 'नूतन'