बुधवार, 5 मार्च 2014

सीता पे लांछन था लगा ,रावण ने उनको क्यूँ हरा



पिछली एक पोस्ट

[समर -भूमि से वीर नहीं करते हैं कभी पलायन]


 पर श्री दुली चंद करेल जी की ये टिप्पणी प्राप्त हुई -

बारम्बार बनावट ने सत्य को रौंदा है।
रावण नीच तो सीता पवित्र कैसे?

अब ऐसे कुत्सित -विचारों का क्या उत्तर दिया जाये ?माता सीता की पवित्रता पर इस प्रकार के लांछन लगाना कोई नयी बात नहीं .माता सीता ने क्यूँ लांघी लक्ष्मण -रेखा और १६ दिसंबर २०१२ को सामूहिक दुष्कर्म की शिकार दामिनी के रात्रि में घूमने पर पुरुष -वर्ग ऊँगली उठाता ही रहा है .मर्यादा का प्रहरी पुरुष वर्ग अपनी करनी पर जरा भी ध्यान देता तो न सिया-हरण होता न द्रौपदी का चीर-हरण पर दुःख की बात है पुरुष-वर्ग हर बार स्त्री को ही दोषी ठहरा देता है -
सीता पे लांछन था लगा ,रावण ने उनको क्यूँ हरा ?
बीते हज़ारो वर्ष पर ये घाव अब तक है हरा !
.....................................
कामी ,लम्पट ,कापुरुष ने ; छल-युक्त कर्म था किया ,
महापुरुष श्री राम से प्रतिशोध इस भांति लिया ,
पाप था दशशीश का ; दंड सीता ने भरा !
बीते हज़ारो वर्ष पर ये घाव अब तक है हरा !
........................................................
कट गए रावण के सिर ; हुई धर्म की स्थापना ,
पितृ-सत्ता से हुआ ; सियाराम का तब सामना ,
अग्नि-परीक्षा लेने का राम ने निर्णय करा !
बीते हज़ारो वर्ष पर ये घाव अब तक है हरा !
..............................................................
सीता के एक स्पर्श से अग्नि भी पावन हो गयी ,
श्री राम की अर्द्धांगिनी सीता महारानी भयी ,
लेकिन सिया की शुद्धि पर संदेह -जलद फिर आ घिरा !
बीते हज़ारो वर्ष पर ये घाव अब तक है हरा !
.............................................................
है यही अब प्रचलित श्री राम ने त्यागी सिया ,
पर बहुत सम्भव सिया ने अवध-त्याग स्वयं किया ,
स्वाभिमानी जानकी पर तर्क ये उतरे खरा !
बीते हज़ारो वर्ष पर ये घाव अब तक है हरा !
.....................................................................
सीता को वापस लाने का पुनः खेल था रचा गया ,
शुद्धि -परीक्षा का पुनः आग्रह किया गया ,
सीता के प्राण ले लिए पर दम्भ नर का न मरा !
बीते हज़ारो वर्ष पर ये घाव अब तक है हरा !
.............................................................
त्रेता हो या कलियुग ; धरा पर राज नर ही कर रहे ,
रावण-दुशासन रूप नर हर युग में छलकर धर रहे ,
अपने किये दुष्कर्म का आरोप नारी सिर धरा !
बीते हज़ारो वर्ष पर ये घाव अब तक है हरा !
शिखा कौशिक 'नूतन 

सोमवार, 3 मार्च 2014

''पति के दिल की आग ने पत्नी को किया राख ''



Assam woman dies of burn wounds, police say she's not the one who kissed Rahul

मीडिया और सियासत यदि आज के परिप्रेक्ष्य देखा जाये तो एक सिक्के के दो पहलू बनकर रह गए हैं .आज की परिस्थितियों में मीडिया पूर्णरूपेण इसी ताक में लगा है कि किसी भी तरह कोई भी मुद्दा सियासी राहों में उछलकर हड़कम्प मचा दिया जाये.कोई वेबसाइट और कोई भी समाचार आज इस समाचार को अपने मुख्य पृष्ठ पर स्थान देने से नहीं चूका कि ''राहुल गांधी को चूमने पर पति ने की हत्या ''.राहुल गांधी आज अपनी कर्मशील कार्यशैली और जगह जगह जाकर जनप्रतिनिधियों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं को जानकर उनके निवारण सम्बन्धी कार्यक्रम को अपने दल के घोषणा पत्र में स्थान देने में व्यस्त हैं और उनका यह कार्यक्रम जनता में खासा लोकप्रिय हो रहा है किन्तु मीडिया ये सब नहीं चाहता उसकी चाहत एकमात्र यही है कि ''जिसे मीडिया उभारे जनता उसे ही स्वीकारे '' और इसलिए बार-बार राहुल गांधी का नाम उछालकर उनके अभियान में रुकावटें पैदा करने में लगा है नहीं देख रहा है कि वह अपने मुख्य कर्त्तव्य से इस नाते विमुख हो रहा है जिसका आगाज़ और अंजाम दोनों ही सच्चाई और ईमानदारी को साथ लेकर अन्याय व् अत्याचार का नाश करने में है .
औरत आरम्भ से ही आदमी द्वारा अपनी संपत्ति की तरह समझी गयी ,गुलाम से बढ़कर उसकी कभी आदमी ने कोई हैसियत होने नहीं दी .आदमी के अनुसार औरत बस उसकी कठपुतली बनकर रहे और अपना कोई अलग अस्तित्व कभी न समझे .सोमेश्वर चुटिया एक ऐसे व्यक्ति का नाम है जिसने पुरुष सत्तात्मक समाज की इसी मानसिकता का प्रतिनिधित्व कर अपनी पत्नी बॉँटी चुटिया को जिन्दा जलाकर मार डाला ,अब इस बात के पीछे ये कहा जा रहा है कि उसने उसे राहुल गांधी के कार्यक्रम में जाने से रोका था ,उसने उसे राहुल गांधी को चूमने के कारण जलाकर मार डाला .पडोसी ये कारण कह रहे हैं तो प्रशासन उसकी वहाँ उपस्थिति से ही इंकार कर रहा है. कोई मतलब नहीं इन बातों का ,मामला सीधा और साफ है पुरुष और नारी का सम्बन्ध ,जिसे नारी द्वारा देवता का दर्जा दिया गया उसी ने नारी को पैर की जूती समझा ,कोई नहीं कह रहा कि क्या हक़ बैठता है पुरुष को नारी को जिन्दा मार देने का ?क्या नारी का जीवनदाता वह है ?अगर नारी का यह आचरण उसे नापसंद है तो वह स्वयं को उससे अलग कर सकता है ,स्वयं का वह जो चाहे कर सकता है किन्तु कोई अधिकार उसे इस बात का नहीं है कि वह उसे इस तरह से या कैसे भी ज़िंदगी से महरूम कर दे ,पर कहीं भी यह आवाज़ नहीं उठायी जा रही है .वही मीडिया जो नारी सशक्तिकरण के लिए कभी बेटी ही बचाएगी जैसे अभियान चलाता है ,तो कभी मोमबत्ती जलाकर सोये समाज को जागने के लिए ललकारता है वह ऐसे मामले में सही पथ का अनुसरण क्यूँ नहीं करता ?क्यूँ नहीं इस समाचार का शीर्षक ''पति द्वारा पत्नी की जलाकर हत्या ''रखा गया ?पत्नी वह जो कि सामान्य घरेलू महिला न होकर बेकाजन ग्राम पंचायत की पार्षद थी ,क्यूँ मीडिया को नहीं दिखी यहाँ विकास की राहों पर कदम बढ़ाती पत्नी के लिए पति ईर्ष्या ?समाचार का शीर्षक कहें या मामले का एकमात्र सत्य ,वह यही है कि ''पति के दिल की आग ने पत्नी को किया राख ''क्यूँ मीडिया ने इस सत्य को नहीं स्वीकारा ?क्यूँ नहीं कहा कि आदमी को तो बस एक बहाना चाहिए औऱत पर कहर ढाने का और औरत जहाँ चूक जाती है वहाँ ऐसा ही अंजाम पाती है और हद तो ये है कि ऐसे समय पर हर वह ऊँगली जिसे किसी को निशाना बनाना हो वह उस तरफ उठकर अपना उल्लू सीधा कर जाती है और यही यहाँ हो रहा है .पुरुष के दमनात्मक रवैये की शिकार औरत की हालत का जिम्मेदार राहुल गांधी को बनाकर अपना उल्लू ही तो सीधा किया जा रहा है .
''औरत पे ज़ुल्म हो रहे ,कर रहा आदमी ,
सच्चाई को कुबूलना ये चाहते नहीं .
गैरों के कंधे थामकर बन्दूक चलाना
ये कर रहे हैं काम ,मगर मानते नहीं .''
शालिनी कौशिक
[कौशल ]

रविवार, 2 मार्च 2014

एक विवाह ऐसा भी -कहानी



पड़ोस की नीरू दीदी का विवाह -उत्सव आज होने जा रहा था . पूर्व-निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार लड़के वालों के शहर जाकर ही विवाह का आयोजन होना था क्योंकि लड़के वालों की यही इच्छा थी .पुरानी सोच की महिलाएं व् पुरुष इस तरह अपना घर सूना कर लड़केवालों के यहाँ जाकर विवाह करने की पद्धति से असहमत थे .उनका मत था कि ''देहरी तो कुवारी ही रह जायेगी और लड़की की विदाई उसके घर से ही होनी चाहिए '' पर कुछ आधुनिक सोच के प्रगतिशील प्रौढ़ उनकी सोच को दकियानूसी कहकर इन सब बातों को ढकोसला करार दे रहे थे .उनका तर्क था -'' अजी छोड़िये ..काम निपटाना है ..यहाँ कर दो वहाँ कर दो ..क्या फर्क पड़ता है !'' एक दुकानदार साहब ने लड़केवालों के यहाँ जाकर ही विवाह करने के पक्ष में जबर्दस्त तर्क प्रस्तुत करते हुए कहा -'' भाई अब तो इसी में फायदा है ..दुकान का हर्ज़ा भी नहीं और बस नोट पकड़ाओ ...लड़के वाले अपनी पसंद का इतजाम कर लेते हैं ..यही अच्छा वरना लड़की वाले कर-कर के मर ले तब भी मीन-मेख निकालने से लड़के वाले बाज नहीं आते .''
नीरू दीदी को लेकर एक कार ;जिसमे उनके साथ उनकी दादी-दादा जी और मम्मी व छोटा भाई भी थे , रवाना होते ही भिन्न भिन्न मत वाले इन तमाम घरातियों से भरकर दोपहर के ढाई बजे जब नीरू दीदी की बारात की बस चली तब किसी धार्मिक शख्स ने जोर से जयकारा लगवाया -'' बोलो जय माता दी !'' सबने एक स्वर में जयकारा लगाया तो एक बार को लगा जैसे हम विवाह करने नहीं बल्कि ''माँ शाकुंभरीदेवी '' के दर्शन को जा रहे हैं . बस ने रफ़्तार पकड़ी .पिछली सीट से किसी ने मेरे कंधें पर हाथ रखते हुए पूछा '' बीनू सुप्रिया नहीं जा रही ?'' ये नीरू दीदी की चाची जी थी .मैंने पीछे मुड़कर कहा -'' नहीं आंटी उनकी तबियत ठीक नहीं है ..इसी कारण माँ भी नहीं जा रही ..बस मैं और पिता जी ही जा रहे हैं .'' चाची जी थोडा उदास हुई क्योंकि उनकी मेरी सुप्रिया दीदी से अच्छी छनती है .छनेगी क्यों नहीं ..मेकअप -एक्सपर्ट जो हैं सुप्रिया दीदी .सबसे अच्छी तरह साड़ी पहनना और पहनाना भी जानती हैं वे .पूरे मौहल्ले में विवाह के सीजन में उनकी डिमांड उतनी ही रहती है जैसी दिल्ली में प्याज की .नीरू दीदी की मेहँदी के दिन से ही सुप्रिया दीदी की तबियत गड़बड़ा गयी थी और आज ..आज तो उनके बस का बिस्तर तक से उठना न था .
इधर बस में बैठे पुरुषों की चुहलबाजी जोरों पर थी .फलाना की बीवी तो अब बूढी हो गयी और वो ..वो तो बूढी घोड़ी लाल लगाम है है .बस में बैठ महिलाएं पुरुषों के कटाक्ष सुन-सुनकर एक-दुसरे से नज़रे मिलकर मंद-मंद मुस्कुरा थी . तभी पड़ोस के छोटू चाचा से किसी ने पूछा -भाई तेरा सन्नी कहाँ है ?'' छोटू चाचा उखड़े स्वर में बोले -'' साला अलग कार से आ रहा है अपने दोस्तों के साथ ..शराबी पार्टी है सालों की !'' तभी नीरू दीदी के पिता जी का मोबाइल बजा .बाएं हाथ से उन्होंने मुश्किल से मोबाइल जेब से निकाला क्योंकि दायें हाथ में उनके एक छोटा सा बैग था जो ''टीके '' के रूप में प्राप्त हो रहे रुपयों के रखने के काम का था .ये कॉल नीरू दीदी की मम्मी का ही था .वे उन्हें कुछ निर्देश दे रही थी .बस में आगे मिठाई के डिब्बे भरे पड़े थे जो विवाह के पश्चात् बारातियों व घरातियों को '' भाजी'' के रूप में हाथ के हाथ पकड़ा दिए जाने थे .
बस में सबसे पीछे बैठी नीरू दीदी की बुआ जी धड़ाके के साथ एलान कर रही थी -'' म्हारी नीरू तो खुद ब्याहने जा रही है दुल्हे को ...घोड़ी न सही बस ही सही !'' ये कहकर उन्होंने जो ठहाका लगाया उससे सारी बस ऐसे झनझना गयी जैसे हाई वॉल्यूम में डी.जे . बजा दिया गया हो .
चार घंटे का सफ़र पूरा कर जब विवाह के लिए निर्धारित ''बारात घर '' पर हमारी बस पहुंची तो लड़के वाले हमारा स्वागत ऐसे करने लगे जैसे वास्तव में हम ही बाराती हो .तीन मंजिला इस बारात घर की हर मंजिल पर विवाह आयोजित हो रहे थे .हमें ग्राउंड फलोर आवंटित था .एक विवाह जो दिन का था अब पूर्णता की ओर था .नीरू दीदी की कार पहले ही पहुँच चुकी थी और वे एक कमरे में तैयार हो रही थी .बारातियों से पहले ही घराती नाश्ते पर टूट पड़े .सुषमा आंटी ने कोहनी मार कर मेरे कान में कहा -'' पहले नीच जात में होता था ये ..ऊँची जाति में तो बाराती ही पहले खाते थे ..घराती तो लड़की की शादी में केवल काम करते थे ..खाते नहीं थे...अब सब ढंग बिगड़ गए बीनू !'' सुषमा आंटी ने ये कहकर अजीब सा मुंह बनाया और जयमाल के स्टेज के सामने पड़ी कुर्सियों में से एक कुर्सी पर जाकर धम्म से बैठ गयी .मैंने पिता जी के साथ नाश्ते में कुछ लिया और सुषमा आंटी के पास ही जाकर मैं भी बैठ गयी .
हम घरातियों के साथ गए कुछ नए नए जवान लड़कों की रुचि नाश्ते में न होकर बारातियों की ओर से आई लड़कियों में ज्यादा थी .उनके लिए वे ही आइसक्रीम थी और वे ही पेप्सी-कोला थी .बिना किसी बैड-बाजे के जब दूल्हे -राजा ने बारातियों के साथ वेंकेट हॉल में प्रवेश किया तब वहीं सेवल के रस्म अदायगी कर दी गयी .कुछ बारातियों ने मोबाइल पर गाने बजाकर डांस कर लिया क्योंकि वेंकेट हॉल में संगीत के नाम पर डी.जे.जैसे विध्वंसक इंस्ट्रूमेंट्स पर रोक थी .दूल्हे राजा के जयमाल के लिए स्टेज पर आते ही नीरू दीदी को भी उनकी चाची जी व् अन्य कई युवतियां स्टेज पर ले आयी . नीरू दीदी को ब्यूटीशियन ने ऐसा तैयार किया था कि वे पहचान में भी नहीं आ रही थी .सच कहूं तो रामलीला में नाचने वाले नचनिये की तरह उनका चेहरा पोत डाला था ब्यूटीशियन ने .मेरे बराबर में आकर बैठी हमारी किरायेदार सुभद्रा भाभी मुंह बिचकाते हुए बोली -'' लो कर लो बात ...पांच हज़ार लिए हैं ब्यूटीशियन ने और ये नास पीटा है ..इससे अच्छा तो नीरू खुद तैयार हो लेती .गोद-भराई पर सुप्रिया के साथ मिलकर खुद तैयार हुई थी ..क्या रूप उतरा था नीरू पर ...अब देखो कठपुतली थी बनी बैठी है .'' मैंने भी सहमति में सिर हिला दिया .जयमाल शुरू हुआ ही था कि दूल्हे के कुछ शराबी दोस्त स्टेज पर चढ़ आये और उनमे से एक ने नीरू दीदी को गोद में उठा लिया .कुछ जिम्मेदार लोगो ने आकर स्थिति को सम्भाला और नीरू दीदी बेहोश होते होते बच गयी .इस घटना के बाद जयमाल जल्दी से निपटा दी गयी पर पैसा दिखाने का मौका नहीं छोड़ा गया .लड़के वालों के पास फूलों के हार थे पर नीरू दीदी के चाचा जी महंगे हार लेकर आये जो काफी भारी थे .नीरू दीदी की गर्दन उस हार के बोझ से टेढ़ी ही हुई रही .
प्रीती-भोज शुरू हो चूका था तभी दूल्हे के फूफा जी का शराब पीकर हंगामा करना आरम्भ हो गया था . वे शराब की हर घूँट के साथ अपने सालों को गाली दे रहे थे .दूल्हे के पिताजी हर पांच भाई व् एक बहन थे इसीलिए ये एकलौते दूल्हे के फूफा जी अपनी अहमियत का अहसास करा रहे थे .आपसी बातचीत से पता चला कि फूफा जी घर के हर विवाह में इसी तरह अपने सालों का बैंड बजाते रहते हैं . दूल्हे के एक चाचा जी इस हंगामे के कारण अपना दिल पकड़ कर बैठ गए जिन्हें कुछ नवयुवक डॉक्टर के यहाँ ले गए . इधर दूल्हे की माता जी को भी इस हंगामे के कारण चक्कर आ गए .सुषमा आंटी ने इशारा कर मुझे अपने पास बुलाया और बोली - लो जी दूल्हे की माँ भी घर पर ताला ठोक कर यहाँ चली आई ..घर पर खोड़ की रस्म कौन करेगा ...इनका रहना तो वही जरूरी था !'' इन सब तमाशों के कारण मेरा एक पवित्र-संस्कार का साक्षी होने का आनंद छू-मंतर हो चुका था .हर ओर कपड़ों-जेवरों को दिखाने की होड़ मची हुई थी .
फेरे शुरू हुए तो ज्यादातर बाराती अपने गंतव्यों के लिए रवाना हो लिए . अब कुछ ही बाराती व् घराती जाग रहे थे दूल्हे-दुल्हन के घरवालों के अलावा . पंडित जी हर फेरे का भावार्थ बताते जा रहे थे पर इसमें किसी की कोई रुचि नहीं थी .एक आश्चर्य अब भी घट ही गया .दूल्हे के जो चाचा जी दिल के दर्द के कारण डॉक्टर के यहाँ गए थे अब वे पूर्ण स्वस्थ होकर यही मंडप में बैठे थे .
अन्य रस्में पूरी होते होते विदाई की बेला भी आ पहुंची . विदाई गीत गाते हुए नीरू दीदी के माता-पिता जी की आँखें भर आयी थी पर मेरे मन में कोई भाव ऐसा पैदा नहीं हो पाया जो घर से विदा होती बिटियाँ को देखकर होना चाहिए था .होता भी कैसे ये वेंकेट हॉल था ..हमारी गली नहीं जहाँ हम नीरू दीदी के साथ खेलते थे .उनकी साइकिल पर घुमते थे और खूब धूम मचाते थे .
नीरू दीदी के विदा होते ही वेंकेट हॉल के कर्मचारी वहाँ की सफाई में जुट गए .टैंट वाले अपना सामान समेटने लगे .मंडप में झिलमिला रहे दीपों को उन्होंने निर्ममता से एक ओर खिसका दिया .उनके लिए इसमें कोई शुभ-अशुभ नहीं था .
सूरज की पहली किरण के साथ ही हम सब बस से वापस अपने घर को लौट चले .ऐसा लग रहा था जैसे हम विवाह-संस्कार का नहीं बल्कि एक तमाशे का हिस्सा होकर लौट रहे हैं .तभी किसी ने धीरे से कहा -अपना घर सूना कर लड़के वालों के यहाँ आकर विवाह करना तो ऐसा लगता है जैसे हम खुद अपनी बिटियाँ को धक्का देने आये थे !!''

शिखा कौशिक 'नूतन


शनिवार, 1 मार्च 2014

नारी की दुनिया -नारी की सोच


Indian Village Women Royalty Free Stock Photo

      हमारी संविधान व्यवस्था ,कानून व्यवस्था हम सबके लिए गर्व का विषय हैं और समय समय पर इनमे संशोधन कर इन्हें बदलती हुई परिस्थितयों के अनुरूप भी बनाया जाता रहा है किन्तु हमारा समाज और उसमे महिलाओं की स्थिति आरम्भ से ही शोचनीय रही है .महिलाओं को वह महत्ता समाज में कभी नहीं मिली जिसकी वे हक़दार हैं .बचपन से लेकर वृद्धावस्था तक उसके लिए ऐसे पल कम ही आते हैं जब वह अपने देश के कानून व् संविधान पर गर्व कर सके इसमें देश के कानून की कोई कमी नहीं है बल्कि कमी यहाँ जागरूकता की है इस देश की आधी आबादी लगभग एक तिहाई प्रतिशत में नहीं जानती कि कानून ने उसकी स्थिति कितनी सुदृढ़ कर रखी है .
         आज गर्व होता है जब हम लड़कियों को भी स्कूल जाते देखते हैं हालाँकि मैं जिस क्षेत्र की निवासी हूँ वहाँ लड़कियों के लिए डिग्री कॉलिज तक की व्यवस्था है और वह भी सरकारी इसलिए लड़के यहाँ स्नातक हों या न हों लड़कियां आराम से एम्.ए.तक पढ़ जाती हैं और संविधान में दिए गए समान शिक्षा के अधिकार के कारण आज लड़कियां तरक्की के नए पायदान चढ़ रही हैं .
              शिक्षा का स्थान तो नारी के जीवन में महत्वपूर्ण है ही किन्तु सर्वाधिक ज़रूरी जो कहा जाता है और जिसके बिना नारी को धरती पर बोझ कहा जाता है वह उसकी जीवन की सबसे बड़ी तकलीफ भी बन जाता है कभी दहेज़ के रूप में तो कभी मारपीट ,कभी तलाक और पता नहीं क्या क्या ,घरेलू हिंसा से संरक्षण विधेयक द्वारा कानून ने सभी महिलाओं की सुरक्षा का इंतज़ाम किया है और ऐसे ही महिलाओं को पुरुषों की अपेक्षा तलाक के ज्यादा अधिकार देकर उन्हें, जबर्दस्ती के सम्बन्ध को जिसे जनम जनम का नाता कहकर उससे धोने की पीटने की अपेक्षा की जाती है ,मुक्ति का रास्ता भी दिया है महिलाओं को अबला जैसी संज्ञा से मुक्ति दिलाने की हमारे कानून ने बहुत कोशिश की है किन्तु कुछ सामाजिक स्थिति व् कुछ अज्ञानता के चलते वे सहती रहती हैं और इस सम्बन्ध को अपनी बर्दाश्त की हद से भी बाहर तक निभाने की कोशिश करती हैं किन्तु जहाँ शिक्षा का उजाला होगा और कानून का साथ वहाँ ऐसी स्थिति बहुत लम्बे समय तक चलने वाली नहीं है और ऐसे में जब हद पार हो जाती है तो कहीं न कहीं तो विरोध की आवाज़ उठनी स्वाभाविक है और यही हुआ अभी हाल ही में हमारे क्षेत्र की एक युवती ने परवारिक प्रताड़ना का शिकार होने पर अपने पति से हिन्दू विधि की धारा १३ -बी में दिए गए पारस्परिक सहमति से तलाक के अधिकार का प्रयोग किया और अपनी ज़िंदगी को रोज रोज की घुटन से दूर किया .
        साथ ही आज बहुत सी महिलाएं दंड प्रक्रिया संहिता की धारा १२५ के तहत भरण पोषण के वाद दायर कर भी अपने पतियों से अपने व् अपने बच्चों के लिए कानून की छाँव में एक सुन्दर व् सार्थक आशियाना का सपना अपनी संतान की आँखों में पाल रही हैं .
         भारतीय कानून व् संविधान महिलाओं की समाज में बेहतर स्थिति के लिए प्रयासरत हैं और इसका उदाहरण दामिनी गैंगरेप कांड के बाद इस तरह के मामलों में उठाये गए कानूनी  कदम हैं .ऐसे ही विशाखा बनाम स्टेट ऑफ़ राजस्थान के मामले से भी सुप्रीम कोर्ट ने कामकाजी महिलाओं की स्थिति बहुत सुदृढ़ की है जिसके कारण तरुण तेजपाल जैसे सलाखों के पीछे हैं और रिटायर्ड जस्टिस अशोक गांगुली जैसी हस्ती पर कानून की तलवार लटक रही है .
        पर जैसी कि रोज की घटनाएं सामने आ रही हैं उन्हें देखते हुए कानून में अभी बहुत बदलावों की ज़रुरत है इसके साथ ही महिलाओं की आर्थिक सुदृढ़ता की कोशिश भी इस दिशा में एक मजबूत कदम कही जा सकती है क्योंकि आर्थिक सुदृढ़ता ही वह सम्बल है जिसके दम पर पुरुष आज तक महिलाओं पर राज करते आ रहे हैं समाज में स्वयं देख लीजिये जो महिलाएं इस क्षेत्र में पुरुषों की बराबरी कर रही हैं उनके आगे पुरुष दयनीय स्थिति में ही नज़र आते हैं .और जैसे कि पंचायतों में महिलाओं के लिए स्थान आरक्षित किये गए हैं ऐसे ही अब संसद व् विधान सभाओं में भी ३३% आरक्षण हो जाना चाहिए साथ ही सरकारी नौकरियों में भी उनके लिए स्थानों का आरक्षण बढ़ाये जाने की ज़रुरत है .



शालिनी कौशिक

[कौशल ]

मंगलवार, 25 फ़रवरी 2014

आमंत्रण--अखिल भारतीय अगीत परिषद् का साहित्यकार दिवस एवं साहित्यकार सम्मलेन ..डा श्याम गुप्त...


                                

                                   
                      अखिल भारतीय अगीत परिषद् का साहित्यकार दिवस एवं साहित्यकार सम्मलेन ..०१-३-२०१४  रविवार सायंकाल ५ बजे  स्थानीय गांधी भवन संग्रहालय , लखनऊ  के सभागार में आयोजित किया जा रहा है ...आप सभी आमंत्रित हैं......


सोमवार, 24 फ़रवरी 2014

नायिका ....लघु कथा.....डा श्याम गुप्त ..



                        नायिका
     अरे ! बहुत दिन बाद मिले हो शांतनु ! बताओ क्या नया लिखा है, एल्यूमिनी असोसिएशन की पार्टी में मिलने पर सरिता ने पूछ लिया |
     एक नया उपन्यास...’तेरे नाम’ | शांतनु ने बताया |
     ये मेरे ऊपर उपन्यास लिखने का क्या अर्थ |
     पागल हो, आपके ऊपर क्यों लिखूंगा, सरिता जी |
     क्यों, क्या अब हम उपन्यास की नायिका के भी लायक नहीं रहे |
     नहीं, ऐसी बात नहीं है |
     तो कैसी बात है ?
     शांतनु को जबाव नहीं सूझा तो सरिता हंसने लगी, फिर बोली- “वह तेज-तर्रार शांतनु कहाँ गया?’
     अब क्या कहूं, सरिता जी |
     ये ‘सरिता जी’ क्या होता है | अरे, क्या इतने औपचारिक होगये हैं अब हम | फिर मुस्कुराकर पूछने लगी- मेरी बहस व तर्क का स्तर तुम्हारे बराबर आया ?
    बहुत ऊपर हुज़ूर, शांतनु ने दोनों हाथ ऊपर उठाकर समर्पण की मुद्रा में उत्तर दिया |
    ठीक, अब स्वीकार करो और कहो कि ये उपन्यास मैंने तेरे ऊपर ही लिखा है सरू |
    चलो स्वीकार किया, हाँ सच है |
    नहीं, पूरा वाक्य कहो |
    तुम्हारे पतिदेव सुनकर नाराज़ होगये तो|
    अब मार खाने का इरादा है क्या ! जाऊं, पूछ कर आऊँ, सुरेश से ?
    अच्छा माफ़ करो बावा, कान पकड़ता हूँ |
    तो कहो |
    हाँ सच है ये उपन्यास तेरे ऊपर ही है, सरू |
    या हमारे ऊपर ?
    एक ही बात है, शांतनु ने कहा |
   अच्छा बताओ, क्या तुम इसीलिये इतने औपचारिक होते जारहे हो कि मैंने तुम्हें नहीं सुरेश को चुना|
   नहीं भाई |
  अच्छा बताओ, क्या तुम्हें बुरा नहीं लगा था |
  इसका क्या जबाव हो सकता है, सरिता !...और क्या तुम जानती नहीं हो? शांतनु ने प्रतिप्रश्न किया,    और अब क्यों पूछ रही हो? .........       
          क्यों न पूछा कि क्यों मेरे आंसू निकले |
          तेरे कूचे से होकर जब बेआबरू निकले |

     अच्छा ये नहीं पूछोगे कि मैंने सुरेश को क्यों चुना | सरिता कहने लगी |
     “वेवकूफी की बात को क्या पूछना |”
     वाह ! क्या बात है, क्या उत्तर है, यही तो...यही तो.... मैं चाहती हूँ कि वही पुराना वाला शांतनु दिखाई दे |
     मैं तो वही हूँ, शांतनु बोला |
     हाँ, हाँ ..परन्तु मेरे सामने तुम शांत व गंभीर क्यों हो जाते हो ?
     मेरा नाम ही शांतनु है |
     हाँ ठीक, परन्तु मुझे वही तेज-तर्रार, हर बात पर तर्क-वितर्क करता हुआ शांतनु चाहिए अन्यथा मुझे दुःख होगा, मैं स्वयं को कभी क्षमा नहीं कर पाऊँगी| क्या तुम चाहते हो कि सरू सदा आत्मग्लानि में जीती रहे | सरिता बोलती गयी |
    नहीं, यह नहीं होना चाहिए | शांतनु ने कहा तो सरिता कहने लगी ..अच्छा तो कहो कि मेरे सामने  या पीछे, कभी भी तुम नाखुश नहीं रहोगे, सदा खुश-खुश रहोगे |
   ‘अच्छा..अच्छा..’ शांतनु हंसने लगा ---
          दर्द देकर वो कहें आंसू बहाते क्यों हो |
          वो न समझेंगे अश्क पीने की क्या जरूरत है | 

      हंसी सुनकर, अन्य दोस्तों को छोड़कर सुरेश दोनों के नज़दीक आते हुए बोला,’ क्या गुप-चुप हंसी की बातें हो रही हैं, पुरानी मुलाकातें, हमें भी बताओ” ----- शांतनु ने कहा ....

             मुफलिसी की दास्ताँ हैं क्या कहें हम, क्या बताएं ,
             दास्ताँ तो आपकी है दोस्त,  हम क्या सुनाएँ |

ये बात, सुरेश बोला, लो झेलो------

                  इक बोझ को ठेलकर, मेरे ऊपर,
                  वो कहते हैं कि दोस्ती निभाई है |
                  ये किस जन्म का वैर निभाया है तूने,
                  या हमने ही दुश्मन से दोस्ती सजाई है |

      अच्छा तो अब हम बोझ हुए,  सरिता बोली |
      मैंने नहीं कहा, शान्तनु जल्दी से बोला |
      अबे, लदा मेरे ऊपर है, उठा पाया नहीं, तू कैसे कहेगा |
      अच्छा सुनो, सरिता अचानक बोली, देखो, शांतनु ने मेरे लिए उपन्यास लिखा है..’तेरे नाम’ उसकी नायिका मैं हूँ |
      और बेचारा कर ही क्या सकता है अब’, सुरेश ने कहा तो दोनों हंसने लगे |
      चलो-चलो डिनर लग गया है, सरिता जाते हुए बोली |