बुधवार, 4 दिसंबर 2013

श्याम स्मृति.---ईश्वर -प्रकृति, आद्य-शक्ति - नारी सत्ता ही सृष्टि व सृजन का कारण ... --- डा श्याम गुप्त....



                         ईश्वर -- प्रकृति,  आद्य-शक्ति - नारी सत्ता ही सृष्टि व सृजन का कारण ...
                    

            ईश्वर  है या नहीं  - यह एक गंभीर विवेचना का विषय  है जो युगों से चलता आया है व चलता रहेगा | वस्तुतः यह आस्था  का विषय है .." मानों तो शंकर हैं, कंकर हैं अन्यथा "  यद्यपि वैदिक साहित्य में ईश्वर के होने के अत्यंत प्रामाणिक, तर्कपूर्ण व सारगर्भित प्रमाण प्रतुत किये गए हैं ..परन्तु है यह  आस्था  विषय ही |  विज्ञान  व कोई भी वैज्ञानिक आज तक ईश्वर की सत्ता को नकार नहीं पाया है  अपितु सभी महान वैज्ञानिक अंतत .. अपने जीवन  व कृतित्व के अंतिम काल में ईश्वर की सत्ता में विश्वास  व्यक्त करते रहे हैं|    
                       देवी-भागवत के अनुसार  --आद्य-शक्ति ..नारी तत्व ही सृष्टि का आधार है | पुरा-वैदिक-विज्ञान व आधुनिक विज्ञान दोनों के ही तात्विक भावानुसार अनुसार --सृजन के प्रत्येक संक्रांति काल व विभिन्न स्तर पर नारी-शक्ति का योगदान इस बात को पूर्णतः सत्य ठहराता है | आदि-पुरुष ..परमात्व-तत्व ...सिर्फ इच्छा करता है ..अदि-ऊर्जा ही मूल-दृव्य के रूप में ब्रह्माण्ड की आदि सृजन प्रक्रिया का कारक बनती है|  विस्मृति व विभ्रम में पड़े ब्रह्मा की स्मृति -स्फुरणा  भी आदि-शक्ति माँ सरस्वती ( अर्थात विज्ञान के अनुसार  बुद्धि, स्मरण, नवीन प्रयोग, खोज  ) ही बनती है जिससे सृष्टि -सृजन पुनः प्रारम्भ हो सका | माहेश्वरी -प्रजा ( मैथुन द्वारा स्वतः प्रजनन की उन्नत प्रक्रिया ) हेतु की सतत प्रक्रिया बार-बार निष्फल होने पर ...नारी-भाव का आविर्भाव ...दक्ष की साठ हज़ार कन्याओं की उत्पत्ति ( विज्ञान के अनुसार --संयोग से  लिंग-चयन  प्रक्रिया की उत्पत्ति )  पर ही  मानव-सृष्टि की सतत स्वतः प्रजनन-उत्पत्ति प्रक्रिया का आरम्भ हुआ|

मंगलवार, 3 दिसंबर 2013

इज़्ज़त

होटल की लिफ़्ट ऊपर से आकर रूकी तो अंदर से एक एक करके सभी निकल कर चले गए और मैं इत्मीनान से उसमें दाखि़ल हो गया। मेरे पीछे पीछे एक लड़की भी लिफ़्ट में दाखि़ल हो गई। उसने मिनी स्कर्ट से भी छोटा कुछ पहन रखा था और टॉप के नाम पर जो कुछ पहन रखा था, वह स्किन कलर में था। यह पता करना बड़ा मुश्किल था कि वह कुछ छिपाना चाहती है या सब कुछ दिखाना चाहती है।
सार्वजनिक जगहों पर नंगा घूमना क़ानूनी तौर पर प्रतिबंधित है। शायद इसलिए उसने क़ानून के सम्मान के लिए ही कपड़े पहन रखे हैं। मुझ पर बदहवासी तारी हो गई। लिफ़्ट का बटन दबाने के लिए उसने अपना हाथ बढ़ाया तो मैंने अपना हाथ रोक लिया। उसने अपनी मंज़िल का बटन दबाकर मेरी तरफ़ देखा। वह मेरे चेहरे का बग़ौर मुआयना कर रही थी। 
ए.सी. के बावुजूद मेरे माथे पर पसीने के क़तरे नुमूदार हो रहे थे। मैंने जेब से रूमाल निकाल कर अपना माथा साफ़ किया तो उसके चेहरे पर हल्की सी मुस्कान तैरने लगी।
उसकी मंज़िल आने में अभी कुछ वक्त और था। उसने वक्तगुज़ारी के लिए अपना पर्स खोलकर कुछ तलाश किया। इस तलाश में हर बार वह कोई न कोई चीज़ हाथ में लेकर बाहर निकालती। जिनकी बनावट देखकर और उनके इस्तेमाल की कल्पना करके ही मेरी धड़कनें बढ़ती जा रही थीं। इस तलाश में उसने अपने काम की सारी चीज़ें एक एक करके मुझे दिखा दीं। शायद यही उसका मक़सद था। पर्स बंद करके उसने एक बार फिर मुझे मुस्कुरा कर देखा। मैं समझ गया कि वह मेरी हालत से लुत्फ़अन्दोज़ हो रही है। कभी कभी लम्हे कैसे सदियां बन जाते हैं, इसका अंदाज़ा मुझे आज हो रहा था।
उसकी मंज़िल पर लिफ़्ट रूकी तो मैं भी उसके पीछे पीछे ही लिफ़्ट से निकल आया। उसने बड़ी अदा के साथ अपने बाल समेटे और खुलकर एक क़हक़हा लगाया। मुझे अभी 5 मंज़िल ऊपर जाना था। मैं सीढ़ियों की तरफ़ बढ़ गया। सीढ़िया लिफ़्ट के मुक़ाबले सेफ़ हैं। मैं बूढ़ा हूं, दिल का मरीज़ हूं। सीढ़िया चढ़ना मेरे लिए जानलेवा हो सकता है लेकिन फिर भी इज़्ज़त बचाने का यही एक तरीक़ा मुझे नज़र आया।
वह मुझे सीढ़ियों पर चढ़ते देखकर और ज़्यादा ज़ोर से हंसने लगी। मैं तेज़ तेज़ क़दम उठाने लगा ताकि उसकी नज़र के दायरे से जल्दी से जल्दी निकल जाऊं। अचानक मुझे अपनी चेतना डूबती हुई सी लगी। पता नहीं अब कभी आंख खुले या नहीं लेकिन मेरी इज़्ज़त बच गई थी। मुझे ख़ुशी थी कि मैं अपने दोस्तों, रिश्तेदारों और घरवालों की नज़र में शर्मिन्दा होने से बच गया था। 
...
हिन्दी ब्लॉगर शिखा कौशिक जी की लघुकथा ‘पुरूष हुए शर्मिन्दा’ पढ़कर हमें भी एक लघुकथा लिखने की प्रेरणा प्राप्त हुई है जो एक दूसरा पहलू भी सामने लाती है। उसे इसी ब्लॉग पर पेश किया जाएगा। इससे पता चलता है कि हमारे समाज में कितने रंग-बिरंगे व्यक्ति रहते हैं और यह कि न सभी पुरूष एक जैसे हैं और न ही सारी औरतें एक जैसी हो सकती हैं।

सोमवार, 2 दिसंबर 2013

मान जाओ बेग़म !!!

Muslim Wedding Bride and Groom - stock photo
मान जाओ बेग़म घर छोड़ कर न जाना ,
इसे कौन संभालेगा ?घर छोड़ कर न जाना !
...................................................................
सबसे पहले जागना , आँगन बुहारना ,
घर कौन संवारेगा ? घर छोड़ कर न जाना !
.....................................................
सुबह की पहली चाय ,शेविंग का गरम पानी ,
भला कौन उबालेगा ? घर छोड़ कर न जाना !
..............................................
मुन्नी के रिबन कसकर दो चोटियां बनाना ,
मुन्ना भी पुकारेगा ,घर छोड़ कर न जाना !
..................................................................
अम्मी की कड़वी बातें और अब्बू का अकड़ना ,
गले कौन उतारेगा ? घर छोड़ कर न जाना !
......................................................
आलू मटर की सब्ज़ी ,गाज़र का मीठा हलवा ,
कौन पूरी उतारेगा ? घर छोड़ कर न जाना !
...........................................................
बर्तन से लेकर कपडे ,दिन -रात चौका -चूल्हा ,
कौन खुद यूँ मारेगा ?घर छोड़ कर न जाना !
.........................................................................
'नूतन' सुनो है भोली ; बेबस ,नादान ,बेग़म ,
शौहर मना ही लेगा घर छोड़ कर न जाना !

शिखा कौशिक 'नूतन'

रविवार, 1 दिसंबर 2013

पुरुष हुए शर्मिंदा -लघु कथा


लिफ्ट में घुसते ही बाइस वर्षीय सारा ने देखा लिफ्ट में उसके अलावा केवल उसके पिता की उम्र के एक शख्स लिफ्ट में थे .लिफ्ट चलते ही सारा ने उस व्यक्ति से जितनी दूरी सम्भव थी ...बना ली . सारा के मन में आया -'' पहले जब लिफ्ट में इस उम्र के किसी पुरुष को देख लेती थी तब रिलैक्स हो जाती थी ...चलो घबराने की कोई बात नहीं पर तरुण तेजपाल ने अपनी बेटी की उम्र की लड़की के साथ जो किया उसके बाद से तो सच में किसी भी उम्र के पुरुष पर विश्वास नहीं किया जा सकता है .....!!'' सारा के सोचते सोचते ही लिफ्ट रुक गयी और गेट खुलते ही वो बाहर निकल ली .पीछे-पीछे वे सज्जन भी निकल लिए और उन्होंने सारा को टोककर रोकते हुए कहा -'' सुनो बेटी ! सब पुरुष तरुण तेजपाल जैसे नहीं होते .उसने जो किया उससे मैं भी शर्मिंदा हूँ !'' सारा ने उन सज्जन के चेहरे पर आये दीन भावों को पढ़ते हुए कहा -'' यस आई नो सर '' और ये सोचते हुए वहाँ से आगे बढ़ चली कि '' सच में तरुण तेजपाल ने सभी पुरुषों को शर्मिंदा कर डाला !''
शिखा कौशिक 'नूतन '