स्त्री की जय जयकार लिखो !
अब नख -शिख वर्णन छोड़ कवि ;
स्त्री मेधा पर छंद रचो ,
मांसल श्रृंगार अभिव्यक्ति छोड़ ;
स्त्री -उर की कुछ व्यथा लिखो .
अब नहीं नायिका वो नारी ;
जिसका अंग-अंग अति सुन्दर हो ,
ये युग सशक्त नारी का है ;
बढ़ता उसका सम्मान लिखो .
अब नयनों के तीर नहीं चलते ;


प्रज्ञा से करे पराजित है ;
मत अधर -लालिमा में उलझो
मन में उठता कुछ ज्वार लिखो .
अब नहीं विरह गीतों का युग ;
न विरह ताप में वो झुलसे ,
प्रतिबद्ध है ज्ञानार्जन को ;
बढ़ते क़दमों की चाल लिखो .

अब नहीं विलास - वस्तु नारी ;
न केवल कोमल देह मात्र ,
स्त्री ने पृथक अस्तित्व रचा ;
तुम उसकी जय जयकार लिखो .
शिखा कौशिक
[विख्यात ]
[सभी चित्र गूगल से साभार ]
