शुक्रवार, 7 मार्च 2014

जीवन: एक संघर्ष (LiFe :A StRuGgLe) : आओ महिला महिला खेंले..After all todey is Woman's d...

जीवन: एक संघर्ष (LiFe :A StRuGgLe) : आओ महिला महिला खेंले..After all todey is Woman's d...: Priyanka Goswami is RJ and programmer at 90.8 dehradun चलिए महिला महिला खेलते हैं !!! आफ्टर आल आज महिला दिवस है।  एक दिन की मौक फेमिन...

श्रवण शुक्ल

Happy International Women’s Day :)

It’s 8th March, International Women’s Day. A day to celebrate the being of women and to appreciate the efforts, they made, during their lives. Let’s pay tribute to all the women of the world for they are the one whose presence is responsible for the world today and always.

‘मनुस्मृति’ में लिखा है—
यत्र नार्यस्तु पूज्यन्ते रमन्ते तत्र देवत:।
यत्रैतास्तु न पूज्यन्ते सर्वास्तत्राफला: क्रिया:।।
(मनुस्मृति,3/56) अर्थात् ”जहाँ स्त्रियों का आदर किया जाता है, वहाँ देवता रमण करते हैं और जहाँ इनका अनादर होता है, वहाँ सब कार्य निष्फल होते हैं।जहाँ नारी की पूजा होती है, वहाँ देवता भी निवास करते हैं।

 

गुरुवार, 6 मार्च 2014

''सीता ''-कहानी



''आपने सीता के विवाह हेतु स्वयंवर का मार्ग क्यूँ चुना ? क्या यह उचित न होता कि आप स्वयं सीता के लिए सर्वश्रेष्ठ वर का चयन करते ?मैं इस तथ्य से भी भली-भांति परिचित हूँ कि सीता को जन्म मैंने नहीं दिया पर पालन-पोषण तो हम दोनों ने ही किया है .आपने सीता को इतना स्नेह दिया है कि अगर उसके स्वयं के पिता भी उसका पालन-पोषण करते तो उतना स्नेह न दे  पाते . सीता भी तो स्वयं को जानकी ,जनकनंदनी कहे जाने पर हर्षित हो उठती है . आपने स्वयंवर के साथ ''वीर्य-शुल्क'' के रूप में 'शिव-धनुष'' पर प्रत्यञ्चा चढाने की शर्त रखते समय  किंचित भी न सोचा यदि अखिल-विश्व का कोई भी वीर इस शुल्क को न चुका पाया तो क्या हमारी पुत्री जीवन भर कुँवारी ही रहेगी ? स्वामी ! प्रथम निर्दयी तो वे माता-पिता हैं जिन्होंने एक  कन्या के जन्म लेते ही उसे हमारे राज्य की धरती में दबाकर मार डालने का कुत्सित प्रयास किया और द्वितीय निर्दयी माता-पिता हम कहलायेंगे जिन्होंने सर्वगुण-संपन्न पुत्री के सौभाग्य पर अपनी शर्तों के कारण प्रश्न-चिन्ह लगा दिया !पुत्री सीता मुख से कुछ कहे या न कहे पर निश्चित रूप से अपने भविष्य को लेकर वो अवश्य ही सशंकित होगी .'' ये कहते-कहते  महारानी सुनयना का गला भर आया .राजा जनक ने मंद मुस्कान के साथ महारानी सुनयना की ओर  देखते  हुए  कहा -'' महारानी आप व्यर्थ चिंतित हो रही हैं .यदि आज से पूर्व आप ये चिंताएं मेरे  समक्ष प्रस्तुत करती तो हो सकता था मैं अपने निर्णय की वैधता पर विचार करता किन्तु आज मिथिला में महर्षि विश्वामित्र के शुभागमन के साथ मेरी समस्त चिंताओं पर विराम लग गया है क्योंकि उनके साथ अयोध्या के नरेश महाराज दशरथ के दो सुपुत्र भी पधारे हैं .उन वीर धनुर्धारियों ने दण्डक-वन को राक्षसों के आतंक से मुक्त कराकर यह प्रमाणित कर दिया है कि पृथ्वी अभी वीरों से खाली नहीं  है .दोनों में ज्येष्ठ भ्राता ; जिनका नाम श्री राम है ,ने हमारे कुलगुरु शतानंद जी की माता देवी अहिल्या के चरणों में निज शीश धरकर भाव-शून्य हुई देवी अहिल्या की देह  में नव-जीवन-रस का संचार किया है .सुनयना तुम्ही बताओं क्या किसी अन्य पुरुष ने ये साहस किया कि बलात्कार की  शिकार महिला को इतना सम्मान प्रदान करे जिससे उस पीड़ित नारी को ये विश्वास दिलाया जा सके कि तुम पहले के समान ही गरिमामयी हो ,तुम पवित्र हो ,तुमने कोई अपराध नहीं किया ..अपराधी तो इंद्र जैसा कापुरुष है जिसने छल-कपट का सहारा लेकर गुरु-पत्नी पर अत्याचार किया .निश्चित रूप से श्री राम से बढ़कर कोई भी नारी-सम्मान का ऐसा उदहारण प्रस्तुत नहीं कर सकता है .मुझे विश्वास है कि श्री राम जैसा धीर-वीर-गम्भीर ही ''शिव-धनुष'' पर प्रत्यञ्चा चढ़ाकर हमारी सुपुत्री सीता की जयमाला का सच्चा अधिकारी होगा .रही बात मेरे द्वारा स्वयं सीता के वर-चयन का तो मत भूलो हम उसी समाज का हिस्सा हैं जो सर्वप्रथम सीता के जन्म के सम्बन्ध में प्रश्न  उठाता.अपनी पुत्री के सम्बन्ध में कुछ भी अप्रिय न तो मैं सुन सकता हूँ और न ही तुम . आज जब स्वयंवर में राजागण स्वयं अपना बल दिखाकर वीर्य-शुल्क चुकाने का प्रयास करेंगें तब वे केवल जनक  की पुत्री सीता को पाकर सम्मान की अनुभूति करेंगें न कि सीता को अज्ञात कुल की पुत्री दिखाकर नीचा दिखाने का प्रयास ''   राजा जनक के इन अमृत-वचनों ने सुनयना के पुत्री-स्नेह में तपते प्राणों को ठंडक प्रदान की .
महारानी सुनयना  ने सीता की सखियों को बुलाकर सीता को गौरी-पूजन हेतु ले जाने का आदेश दिया .सीता भी नगर में हो रही दोनों राजकुमारों की चर्चा से अनभिज्ञ न थी .सुंदरता के साथ साथ दोनों राजकुमारों के गुणों की भी खूब चर्चा हो रही थी पर सीता को जिस बात ने सबसे ज्यादा प्रभावित किया था वह थी ''श्री राम द्वारा देवी अहिल्या का उद्धार ''.सीता ने माता गौरी से हाथ जोड़कर यही वर माँगा कि -'' नारी ह्रदय की व्यथा को मिटाने  वाले , नारी -प्रतिष्ठा को पुनर्स्थापित करने वाले महापुरुष ही मेरे स्वामी हो .ऐसा वर दीजिये हे माता गौरी  कि पिता का प्रण भी पूरा हो जाये और मेरा मनोरथ भी !'' .सीता की गौरी-पूजा पूर्ण होते ही सखियाँ और अनुजा -उर्मिला ,मांडवी ,श्रुतिकीर्ति उन्हें दोनों राजकुमारों की एक झलक दिखाने हेतु पास की ही एक पुष्प-वाटिका में ले गयी . लता की ओट से श्री राम को निहारती सीता ने जब श्री राम के दर्शन किये तब अनायास ही श्री राम की दृष्टि भी सौंदर्य-मूर्ति सीता पर जाकर टिक गयी .सीता के उर में भावों की तरंगें उमड़ने लगी .उन्होंने सोचा -'' माता अहिल्या जैसी छली गयी -शोषित नारी को  उसके निर्दोष होने का अहसास कराने वाले महामानव के दर्शन कर आज मैं धन्य हो गयी !'' दूसरी ओर श्री राम के ह्रदय में भी भावों की सुन्दर झांकियां सजने लगी .सीता के प्रथम दर्शन से पूर्व ही महर्षि विश्वामित्र द्वारा बताये जाने के कारण  राजकुमारी सीता के विषय में श्री राम सब कुछ जान चुके थे .उनके मन में विचार आया -'' फूल सी  प्यारी  कन्या को कैसे निर्दयी माता-पिता धरती में दबाकर अपने हाथ से कन्या-हत्या जैसा पाप कर डालते हैं .आज राजा जनक द्वारा पालित  -पोषित ,कुल का गौरव इस देवी के दर्शन यदि इसे जन्म देने  वाले माता-पिता करें  तब उन्हें यह अहसास होगा कि उन्होंने कितना  बड़ा  दुष्कर्म  किया था पुत्री को त्यागकर ..'' ऐसे  ही विचारों में खोये , एकटक एक-दूसरे  को लखाते राम को लक्ष्मण व् सीता को उनकी सखियाँ वापस गंतव्य को ले गए .
अगले दिवस राजा जनक के दरबार में जब सीता -स्वयंवर की घोषणा हुई तब वीर्य-शुल्क को जानकर अनेक बलशाली राजाओं ने प्रयास किया पर वे 'शिव-धनुष '' को हिला तक नहीं पाये . महर्षि विश्वामित्र के आदेश पर श्री राम ने ''शिव-धनुष '' के समीप जाकर उसे प्रणाम किया और फिर खेल ही खेल में उसे उठाकर उसपर प्रत्यञ्चा चढाने का प्रयास करने लगे पर वह धनुष  दो टुकड़ों में टूट गया .धनुष-भंग होते ही स्वयंवर की शर्त पूर्ण हो गयी और सीता ने श्री राम को वरमाला पहना दी .
विधि-विधान से विवाह के पश्चात् जब सीता ने अयोध्या में प्रवेश किया तब चहुँ ओर आनंद ही आनंद छा गया किन्तु वह समय भी आया जब पिता द्वारा दिए गए वचन के पालन हेतु श्री राम चौदह-वर्ष के लिए वनवास हेतु चल दिए . सिया व् लक्ष्मण भी आग्रह कर उनका अनुसरण करते हुए वनवास को गए .वनवास के अंतिम चरण में राक्षस रावण ने श्री राम से बदला लेने हेतु उनकी भार्या सीता को छल से पंचवटी से हर लिया और राम-रावण युद्ध की नींव रख दी .एक पतिव्रता नारी के सम्मान को वापस दिलाने के लिए इससे ज्यादा घनघोर युद्ध किसी पति ने नहीं लड़ा होगा .रावण-वध के पश्चात् श्री राम द्वारा अग्नि-परीक्षा देने की आज्ञा को सीता ने इसीलिए स्वीकार किया क्योंकि वे जानती थी कि ऐसा श्रीराम मात्र जनसमुदाय को संतुष्ट करने के लिए कर रहे हैं अन्यथा अपहृत स्त्री के लिए वे अपने प्राणों व् अनुज के प्राणों को घोर-संकट में कदापि न डालते  ..अग्नि-परीक्षा में सफल सीता को श्री राम ने वाम-भाग में पूर्व की ही भांति स्थान दिया और अयोध्या लौटने     पर महारानी-पद पर आसीन किया किन्तु पितृ-सत्ता का खेल बाकी था .महारानी सीता के विरुद्ध अयोध्या की प्रजा में अनर्गल प्रलाप शुरू हो चुका था .श्री राम ने गुप्त-भ्रमण के द्वारा यथार्थ स्थिति को जाना .श्री राम का ह्रदय क्षोभ से फटने लगा .उनके मन में आया - ''यदि अग्नि-परीक्षा के पश्चात् भी सीता की पवित्रता पर विश्वास न किया जाये  तब मेरे जैसा नारी-सम्मान का हितैषी क्या कर सकता है .मैं आज तक अग्नि-परीक्षा को ह्रदय से न्यायोचित नहीं ठहरा पाया हूँ .सीता की सच्चरित्रता ने ही  मुझे एकपत्नीव्रत हेतु प्रेरित किया था पर प्रजा ..प्रजा तो पितृ-सत्ता के ढोल पर नृत्य करने में मग्न है .डराकर-धमकाकर सीता के प्रति मैं प्रजा के ह्रदय में विश्वास ,श्रृद्धा ,आस्था पैदा नहीं कर सकता किन्तु सीता को कोई दुर्वचन कहे ये भी मेरे लिए असहनीय है ..तो क्या राम पितृ-सत्ता के सामने घुटने टेक दे !'' विचारों के जंगल में भटकते श्री राम की दुविधा का कारण सीता ने अपनी एक गुप्तचरी प्रजा में भेजकर जब जाना तब अवध-त्याग का निर्णय लेने में उन्हें एक क्षण का समय न लगा .श्री राम से वनवास पर जाने की आज्ञा लेते समय सीता ने दृढ स्वर  में कहा -'' सीता कभी भी अपने स्वामी को हारते हुए नहीं देख सकती .आप एक नारी के सम्मान के लिए ह्रदय में महायुद्ध से जूझ रहें हैं और प्रजा इसे आपकी एक नारी के प्रति आसक्ति का नाम दे रही है ..ये सह पाना मेरे लिए असम्भव है फिर आज मैं केवल एक पत्नी ही नहीं एक भावी-माता के कर्तव्यों से भी बंध गयी हूँ .आप जानते ही हैं मेरे गर्भ में आपका अंश पल रहा है .मैं नहीं चाहती कोई हमारी संतान पर किसी भी प्रकार का कोई आक्षेप लगाये  ..मुझे आज्ञा दें स्वामी !'' सीता के तेवर देखकर श्रीराम ने बस इतना कहा -आज मुझसे मेरी आत्मा विदा ले रही है ..अब अवध में केवल मेरा शरीर  ही रह जायेगा !'' सीता के वनवास के वर्षों बाद प्रजा के कुछ नागरिकों को अपनी भूल का अहसास हुआ और श्री राम पर सीता को वापस लाकर महारानी पद पर पुनर्प्रतिष्ठित करने का दबाव प्रजा ने बनाया ..महर्षि वाल्मीकि के साथ पधारी सीता ने श्रीराम द्वारा शुद्धि की शपथ लेने की आज्ञा दिए जाने पर हाथ जोड़ते हुए निवेदन किया -'' श्री राम की अर्द्धांगिनी सीता ने कभी अपनी पवित्रता को प्रमाणित करने हेतु परीक्षा नहीं दी क्योंकि ये नारी के नारीत्व को अपमानित करने जैसा है .अग्नि-परीक्षा देने का उद्देश्य मात्र इतना था कि संसार देख ले कि एक स्त्री यदि अग्नि में प्रवेश करके भी अपनी पवित्रता को प्रमाणित कर दे तब भी पुरुषप्रधान समाज पुनः-पुनः उसकी परीक्षा लेने के लिए षड्यंत्र रचता रहता है ...जब तक स्त्री है तब तक उसकी पवित्रता के प्रति संदेह  भी होता रहेगा  ..'' ये कहते -कहते रामप्रिया  की ह्रदय-भूमि  फट  पड़ी  और समस्त नारी-जाति  की भावनाओं -पीड़ाओं  के साथ  सीता उसमे समां गयी !

शिखा कौशिक 'नूतन'

बुधवार, 5 मार्च 2014

सीता पे लांछन था लगा ,रावण ने उनको क्यूँ हरा



पिछली एक पोस्ट

[समर -भूमि से वीर नहीं करते हैं कभी पलायन]


 पर श्री दुली चंद करेल जी की ये टिप्पणी प्राप्त हुई -

बारम्बार बनावट ने सत्य को रौंदा है।
रावण नीच तो सीता पवित्र कैसे?

अब ऐसे कुत्सित -विचारों का क्या उत्तर दिया जाये ?माता सीता की पवित्रता पर इस प्रकार के लांछन लगाना कोई नयी बात नहीं .माता सीता ने क्यूँ लांघी लक्ष्मण -रेखा और १६ दिसंबर २०१२ को सामूहिक दुष्कर्म की शिकार दामिनी के रात्रि में घूमने पर पुरुष -वर्ग ऊँगली उठाता ही रहा है .मर्यादा का प्रहरी पुरुष वर्ग अपनी करनी पर जरा भी ध्यान देता तो न सिया-हरण होता न द्रौपदी का चीर-हरण पर दुःख की बात है पुरुष-वर्ग हर बार स्त्री को ही दोषी ठहरा देता है -
सीता पे लांछन था लगा ,रावण ने उनको क्यूँ हरा ?
बीते हज़ारो वर्ष पर ये घाव अब तक है हरा !
.....................................
कामी ,लम्पट ,कापुरुष ने ; छल-युक्त कर्म था किया ,
महापुरुष श्री राम से प्रतिशोध इस भांति लिया ,
पाप था दशशीश का ; दंड सीता ने भरा !
बीते हज़ारो वर्ष पर ये घाव अब तक है हरा !
........................................................
कट गए रावण के सिर ; हुई धर्म की स्थापना ,
पितृ-सत्ता से हुआ ; सियाराम का तब सामना ,
अग्नि-परीक्षा लेने का राम ने निर्णय करा !
बीते हज़ारो वर्ष पर ये घाव अब तक है हरा !
..............................................................
सीता के एक स्पर्श से अग्नि भी पावन हो गयी ,
श्री राम की अर्द्धांगिनी सीता महारानी भयी ,
लेकिन सिया की शुद्धि पर संदेह -जलद फिर आ घिरा !
बीते हज़ारो वर्ष पर ये घाव अब तक है हरा !
.............................................................
है यही अब प्रचलित श्री राम ने त्यागी सिया ,
पर बहुत सम्भव सिया ने अवध-त्याग स्वयं किया ,
स्वाभिमानी जानकी पर तर्क ये उतरे खरा !
बीते हज़ारो वर्ष पर ये घाव अब तक है हरा !
.....................................................................
सीता को वापस लाने का पुनः खेल था रचा गया ,
शुद्धि -परीक्षा का पुनः आग्रह किया गया ,
सीता के प्राण ले लिए पर दम्भ नर का न मरा !
बीते हज़ारो वर्ष पर ये घाव अब तक है हरा !
.............................................................
त्रेता हो या कलियुग ; धरा पर राज नर ही कर रहे ,
रावण-दुशासन रूप नर हर युग में छलकर धर रहे ,
अपने किये दुष्कर्म का आरोप नारी सिर धरा !
बीते हज़ारो वर्ष पर ये घाव अब तक है हरा !
शिखा कौशिक 'नूतन 

सोमवार, 3 मार्च 2014

''पति के दिल की आग ने पत्नी को किया राख ''



Assam woman dies of burn wounds, police say she's not the one who kissed Rahul

मीडिया और सियासत यदि आज के परिप्रेक्ष्य देखा जाये तो एक सिक्के के दो पहलू बनकर रह गए हैं .आज की परिस्थितियों में मीडिया पूर्णरूपेण इसी ताक में लगा है कि किसी भी तरह कोई भी मुद्दा सियासी राहों में उछलकर हड़कम्प मचा दिया जाये.कोई वेबसाइट और कोई भी समाचार आज इस समाचार को अपने मुख्य पृष्ठ पर स्थान देने से नहीं चूका कि ''राहुल गांधी को चूमने पर पति ने की हत्या ''.राहुल गांधी आज अपनी कर्मशील कार्यशैली और जगह जगह जाकर जनप्रतिनिधियों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं को जानकर उनके निवारण सम्बन्धी कार्यक्रम को अपने दल के घोषणा पत्र में स्थान देने में व्यस्त हैं और उनका यह कार्यक्रम जनता में खासा लोकप्रिय हो रहा है किन्तु मीडिया ये सब नहीं चाहता उसकी चाहत एकमात्र यही है कि ''जिसे मीडिया उभारे जनता उसे ही स्वीकारे '' और इसलिए बार-बार राहुल गांधी का नाम उछालकर उनके अभियान में रुकावटें पैदा करने में लगा है नहीं देख रहा है कि वह अपने मुख्य कर्त्तव्य से इस नाते विमुख हो रहा है जिसका आगाज़ और अंजाम दोनों ही सच्चाई और ईमानदारी को साथ लेकर अन्याय व् अत्याचार का नाश करने में है .
औरत आरम्भ से ही आदमी द्वारा अपनी संपत्ति की तरह समझी गयी ,गुलाम से बढ़कर उसकी कभी आदमी ने कोई हैसियत होने नहीं दी .आदमी के अनुसार औरत बस उसकी कठपुतली बनकर रहे और अपना कोई अलग अस्तित्व कभी न समझे .सोमेश्वर चुटिया एक ऐसे व्यक्ति का नाम है जिसने पुरुष सत्तात्मक समाज की इसी मानसिकता का प्रतिनिधित्व कर अपनी पत्नी बॉँटी चुटिया को जिन्दा जलाकर मार डाला ,अब इस बात के पीछे ये कहा जा रहा है कि उसने उसे राहुल गांधी के कार्यक्रम में जाने से रोका था ,उसने उसे राहुल गांधी को चूमने के कारण जलाकर मार डाला .पडोसी ये कारण कह रहे हैं तो प्रशासन उसकी वहाँ उपस्थिति से ही इंकार कर रहा है. कोई मतलब नहीं इन बातों का ,मामला सीधा और साफ है पुरुष और नारी का सम्बन्ध ,जिसे नारी द्वारा देवता का दर्जा दिया गया उसी ने नारी को पैर की जूती समझा ,कोई नहीं कह रहा कि क्या हक़ बैठता है पुरुष को नारी को जिन्दा मार देने का ?क्या नारी का जीवनदाता वह है ?अगर नारी का यह आचरण उसे नापसंद है तो वह स्वयं को उससे अलग कर सकता है ,स्वयं का वह जो चाहे कर सकता है किन्तु कोई अधिकार उसे इस बात का नहीं है कि वह उसे इस तरह से या कैसे भी ज़िंदगी से महरूम कर दे ,पर कहीं भी यह आवाज़ नहीं उठायी जा रही है .वही मीडिया जो नारी सशक्तिकरण के लिए कभी बेटी ही बचाएगी जैसे अभियान चलाता है ,तो कभी मोमबत्ती जलाकर सोये समाज को जागने के लिए ललकारता है वह ऐसे मामले में सही पथ का अनुसरण क्यूँ नहीं करता ?क्यूँ नहीं इस समाचार का शीर्षक ''पति द्वारा पत्नी की जलाकर हत्या ''रखा गया ?पत्नी वह जो कि सामान्य घरेलू महिला न होकर बेकाजन ग्राम पंचायत की पार्षद थी ,क्यूँ मीडिया को नहीं दिखी यहाँ विकास की राहों पर कदम बढ़ाती पत्नी के लिए पति ईर्ष्या ?समाचार का शीर्षक कहें या मामले का एकमात्र सत्य ,वह यही है कि ''पति के दिल की आग ने पत्नी को किया राख ''क्यूँ मीडिया ने इस सत्य को नहीं स्वीकारा ?क्यूँ नहीं कहा कि आदमी को तो बस एक बहाना चाहिए औऱत पर कहर ढाने का और औरत जहाँ चूक जाती है वहाँ ऐसा ही अंजाम पाती है और हद तो ये है कि ऐसे समय पर हर वह ऊँगली जिसे किसी को निशाना बनाना हो वह उस तरफ उठकर अपना उल्लू सीधा कर जाती है और यही यहाँ हो रहा है .पुरुष के दमनात्मक रवैये की शिकार औरत की हालत का जिम्मेदार राहुल गांधी को बनाकर अपना उल्लू ही तो सीधा किया जा रहा है .
''औरत पे ज़ुल्म हो रहे ,कर रहा आदमी ,
सच्चाई को कुबूलना ये चाहते नहीं .
गैरों के कंधे थामकर बन्दूक चलाना
ये कर रहे हैं काम ,मगर मानते नहीं .''
शालिनी कौशिक
[कौशल ]

रविवार, 2 मार्च 2014

एक विवाह ऐसा भी -कहानी



पड़ोस की नीरू दीदी का विवाह -उत्सव आज होने जा रहा था . पूर्व-निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार लड़के वालों के शहर जाकर ही विवाह का आयोजन होना था क्योंकि लड़के वालों की यही इच्छा थी .पुरानी सोच की महिलाएं व् पुरुष इस तरह अपना घर सूना कर लड़केवालों के यहाँ जाकर विवाह करने की पद्धति से असहमत थे .उनका मत था कि ''देहरी तो कुवारी ही रह जायेगी और लड़की की विदाई उसके घर से ही होनी चाहिए '' पर कुछ आधुनिक सोच के प्रगतिशील प्रौढ़ उनकी सोच को दकियानूसी कहकर इन सब बातों को ढकोसला करार दे रहे थे .उनका तर्क था -'' अजी छोड़िये ..काम निपटाना है ..यहाँ कर दो वहाँ कर दो ..क्या फर्क पड़ता है !'' एक दुकानदार साहब ने लड़केवालों के यहाँ जाकर ही विवाह करने के पक्ष में जबर्दस्त तर्क प्रस्तुत करते हुए कहा -'' भाई अब तो इसी में फायदा है ..दुकान का हर्ज़ा भी नहीं और बस नोट पकड़ाओ ...लड़के वाले अपनी पसंद का इतजाम कर लेते हैं ..यही अच्छा वरना लड़की वाले कर-कर के मर ले तब भी मीन-मेख निकालने से लड़के वाले बाज नहीं आते .''
नीरू दीदी को लेकर एक कार ;जिसमे उनके साथ उनकी दादी-दादा जी और मम्मी व छोटा भाई भी थे , रवाना होते ही भिन्न भिन्न मत वाले इन तमाम घरातियों से भरकर दोपहर के ढाई बजे जब नीरू दीदी की बारात की बस चली तब किसी धार्मिक शख्स ने जोर से जयकारा लगवाया -'' बोलो जय माता दी !'' सबने एक स्वर में जयकारा लगाया तो एक बार को लगा जैसे हम विवाह करने नहीं बल्कि ''माँ शाकुंभरीदेवी '' के दर्शन को जा रहे हैं . बस ने रफ़्तार पकड़ी .पिछली सीट से किसी ने मेरे कंधें पर हाथ रखते हुए पूछा '' बीनू सुप्रिया नहीं जा रही ?'' ये नीरू दीदी की चाची जी थी .मैंने पीछे मुड़कर कहा -'' नहीं आंटी उनकी तबियत ठीक नहीं है ..इसी कारण माँ भी नहीं जा रही ..बस मैं और पिता जी ही जा रहे हैं .'' चाची जी थोडा उदास हुई क्योंकि उनकी मेरी सुप्रिया दीदी से अच्छी छनती है .छनेगी क्यों नहीं ..मेकअप -एक्सपर्ट जो हैं सुप्रिया दीदी .सबसे अच्छी तरह साड़ी पहनना और पहनाना भी जानती हैं वे .पूरे मौहल्ले में विवाह के सीजन में उनकी डिमांड उतनी ही रहती है जैसी दिल्ली में प्याज की .नीरू दीदी की मेहँदी के दिन से ही सुप्रिया दीदी की तबियत गड़बड़ा गयी थी और आज ..आज तो उनके बस का बिस्तर तक से उठना न था .
इधर बस में बैठे पुरुषों की चुहलबाजी जोरों पर थी .फलाना की बीवी तो अब बूढी हो गयी और वो ..वो तो बूढी घोड़ी लाल लगाम है है .बस में बैठ महिलाएं पुरुषों के कटाक्ष सुन-सुनकर एक-दुसरे से नज़रे मिलकर मंद-मंद मुस्कुरा थी . तभी पड़ोस के छोटू चाचा से किसी ने पूछा -भाई तेरा सन्नी कहाँ है ?'' छोटू चाचा उखड़े स्वर में बोले -'' साला अलग कार से आ रहा है अपने दोस्तों के साथ ..शराबी पार्टी है सालों की !'' तभी नीरू दीदी के पिता जी का मोबाइल बजा .बाएं हाथ से उन्होंने मुश्किल से मोबाइल जेब से निकाला क्योंकि दायें हाथ में उनके एक छोटा सा बैग था जो ''टीके '' के रूप में प्राप्त हो रहे रुपयों के रखने के काम का था .ये कॉल नीरू दीदी की मम्मी का ही था .वे उन्हें कुछ निर्देश दे रही थी .बस में आगे मिठाई के डिब्बे भरे पड़े थे जो विवाह के पश्चात् बारातियों व घरातियों को '' भाजी'' के रूप में हाथ के हाथ पकड़ा दिए जाने थे .
बस में सबसे पीछे बैठी नीरू दीदी की बुआ जी धड़ाके के साथ एलान कर रही थी -'' म्हारी नीरू तो खुद ब्याहने जा रही है दुल्हे को ...घोड़ी न सही बस ही सही !'' ये कहकर उन्होंने जो ठहाका लगाया उससे सारी बस ऐसे झनझना गयी जैसे हाई वॉल्यूम में डी.जे . बजा दिया गया हो .
चार घंटे का सफ़र पूरा कर जब विवाह के लिए निर्धारित ''बारात घर '' पर हमारी बस पहुंची तो लड़के वाले हमारा स्वागत ऐसे करने लगे जैसे वास्तव में हम ही बाराती हो .तीन मंजिला इस बारात घर की हर मंजिल पर विवाह आयोजित हो रहे थे .हमें ग्राउंड फलोर आवंटित था .एक विवाह जो दिन का था अब पूर्णता की ओर था .नीरू दीदी की कार पहले ही पहुँच चुकी थी और वे एक कमरे में तैयार हो रही थी .बारातियों से पहले ही घराती नाश्ते पर टूट पड़े .सुषमा आंटी ने कोहनी मार कर मेरे कान में कहा -'' पहले नीच जात में होता था ये ..ऊँची जाति में तो बाराती ही पहले खाते थे ..घराती तो लड़की की शादी में केवल काम करते थे ..खाते नहीं थे...अब सब ढंग बिगड़ गए बीनू !'' सुषमा आंटी ने ये कहकर अजीब सा मुंह बनाया और जयमाल के स्टेज के सामने पड़ी कुर्सियों में से एक कुर्सी पर जाकर धम्म से बैठ गयी .मैंने पिता जी के साथ नाश्ते में कुछ लिया और सुषमा आंटी के पास ही जाकर मैं भी बैठ गयी .
हम घरातियों के साथ गए कुछ नए नए जवान लड़कों की रुचि नाश्ते में न होकर बारातियों की ओर से आई लड़कियों में ज्यादा थी .उनके लिए वे ही आइसक्रीम थी और वे ही पेप्सी-कोला थी .बिना किसी बैड-बाजे के जब दूल्हे -राजा ने बारातियों के साथ वेंकेट हॉल में प्रवेश किया तब वहीं सेवल के रस्म अदायगी कर दी गयी .कुछ बारातियों ने मोबाइल पर गाने बजाकर डांस कर लिया क्योंकि वेंकेट हॉल में संगीत के नाम पर डी.जे.जैसे विध्वंसक इंस्ट्रूमेंट्स पर रोक थी .दूल्हे राजा के जयमाल के लिए स्टेज पर आते ही नीरू दीदी को भी उनकी चाची जी व् अन्य कई युवतियां स्टेज पर ले आयी . नीरू दीदी को ब्यूटीशियन ने ऐसा तैयार किया था कि वे पहचान में भी नहीं आ रही थी .सच कहूं तो रामलीला में नाचने वाले नचनिये की तरह उनका चेहरा पोत डाला था ब्यूटीशियन ने .मेरे बराबर में आकर बैठी हमारी किरायेदार सुभद्रा भाभी मुंह बिचकाते हुए बोली -'' लो कर लो बात ...पांच हज़ार लिए हैं ब्यूटीशियन ने और ये नास पीटा है ..इससे अच्छा तो नीरू खुद तैयार हो लेती .गोद-भराई पर सुप्रिया के साथ मिलकर खुद तैयार हुई थी ..क्या रूप उतरा था नीरू पर ...अब देखो कठपुतली थी बनी बैठी है .'' मैंने भी सहमति में सिर हिला दिया .जयमाल शुरू हुआ ही था कि दूल्हे के कुछ शराबी दोस्त स्टेज पर चढ़ आये और उनमे से एक ने नीरू दीदी को गोद में उठा लिया .कुछ जिम्मेदार लोगो ने आकर स्थिति को सम्भाला और नीरू दीदी बेहोश होते होते बच गयी .इस घटना के बाद जयमाल जल्दी से निपटा दी गयी पर पैसा दिखाने का मौका नहीं छोड़ा गया .लड़के वालों के पास फूलों के हार थे पर नीरू दीदी के चाचा जी महंगे हार लेकर आये जो काफी भारी थे .नीरू दीदी की गर्दन उस हार के बोझ से टेढ़ी ही हुई रही .
प्रीती-भोज शुरू हो चूका था तभी दूल्हे के फूफा जी का शराब पीकर हंगामा करना आरम्भ हो गया था . वे शराब की हर घूँट के साथ अपने सालों को गाली दे रहे थे .दूल्हे के पिताजी हर पांच भाई व् एक बहन थे इसीलिए ये एकलौते दूल्हे के फूफा जी अपनी अहमियत का अहसास करा रहे थे .आपसी बातचीत से पता चला कि फूफा जी घर के हर विवाह में इसी तरह अपने सालों का बैंड बजाते रहते हैं . दूल्हे के एक चाचा जी इस हंगामे के कारण अपना दिल पकड़ कर बैठ गए जिन्हें कुछ नवयुवक डॉक्टर के यहाँ ले गए . इधर दूल्हे की माता जी को भी इस हंगामे के कारण चक्कर आ गए .सुषमा आंटी ने इशारा कर मुझे अपने पास बुलाया और बोली - लो जी दूल्हे की माँ भी घर पर ताला ठोक कर यहाँ चली आई ..घर पर खोड़ की रस्म कौन करेगा ...इनका रहना तो वही जरूरी था !'' इन सब तमाशों के कारण मेरा एक पवित्र-संस्कार का साक्षी होने का आनंद छू-मंतर हो चुका था .हर ओर कपड़ों-जेवरों को दिखाने की होड़ मची हुई थी .
फेरे शुरू हुए तो ज्यादातर बाराती अपने गंतव्यों के लिए रवाना हो लिए . अब कुछ ही बाराती व् घराती जाग रहे थे दूल्हे-दुल्हन के घरवालों के अलावा . पंडित जी हर फेरे का भावार्थ बताते जा रहे थे पर इसमें किसी की कोई रुचि नहीं थी .एक आश्चर्य अब भी घट ही गया .दूल्हे के जो चाचा जी दिल के दर्द के कारण डॉक्टर के यहाँ गए थे अब वे पूर्ण स्वस्थ होकर यही मंडप में बैठे थे .
अन्य रस्में पूरी होते होते विदाई की बेला भी आ पहुंची . विदाई गीत गाते हुए नीरू दीदी के माता-पिता जी की आँखें भर आयी थी पर मेरे मन में कोई भाव ऐसा पैदा नहीं हो पाया जो घर से विदा होती बिटियाँ को देखकर होना चाहिए था .होता भी कैसे ये वेंकेट हॉल था ..हमारी गली नहीं जहाँ हम नीरू दीदी के साथ खेलते थे .उनकी साइकिल पर घुमते थे और खूब धूम मचाते थे .
नीरू दीदी के विदा होते ही वेंकेट हॉल के कर्मचारी वहाँ की सफाई में जुट गए .टैंट वाले अपना सामान समेटने लगे .मंडप में झिलमिला रहे दीपों को उन्होंने निर्ममता से एक ओर खिसका दिया .उनके लिए इसमें कोई शुभ-अशुभ नहीं था .
सूरज की पहली किरण के साथ ही हम सब बस से वापस अपने घर को लौट चले .ऐसा लग रहा था जैसे हम विवाह-संस्कार का नहीं बल्कि एक तमाशे का हिस्सा होकर लौट रहे हैं .तभी किसी ने धीरे से कहा -अपना घर सूना कर लड़के वालों के यहाँ आकर विवाह करना तो ऐसा लगता है जैसे हम खुद अपनी बिटियाँ को धक्का देने आये थे !!''

शिखा कौशिक 'नूतन


शनिवार, 1 मार्च 2014

नारी की दुनिया -नारी की सोच


Indian Village Women Royalty Free Stock Photo

      हमारी संविधान व्यवस्था ,कानून व्यवस्था हम सबके लिए गर्व का विषय हैं और समय समय पर इनमे संशोधन कर इन्हें बदलती हुई परिस्थितयों के अनुरूप भी बनाया जाता रहा है किन्तु हमारा समाज और उसमे महिलाओं की स्थिति आरम्भ से ही शोचनीय रही है .महिलाओं को वह महत्ता समाज में कभी नहीं मिली जिसकी वे हक़दार हैं .बचपन से लेकर वृद्धावस्था तक उसके लिए ऐसे पल कम ही आते हैं जब वह अपने देश के कानून व् संविधान पर गर्व कर सके इसमें देश के कानून की कोई कमी नहीं है बल्कि कमी यहाँ जागरूकता की है इस देश की आधी आबादी लगभग एक तिहाई प्रतिशत में नहीं जानती कि कानून ने उसकी स्थिति कितनी सुदृढ़ कर रखी है .
         आज गर्व होता है जब हम लड़कियों को भी स्कूल जाते देखते हैं हालाँकि मैं जिस क्षेत्र की निवासी हूँ वहाँ लड़कियों के लिए डिग्री कॉलिज तक की व्यवस्था है और वह भी सरकारी इसलिए लड़के यहाँ स्नातक हों या न हों लड़कियां आराम से एम्.ए.तक पढ़ जाती हैं और संविधान में दिए गए समान शिक्षा के अधिकार के कारण आज लड़कियां तरक्की के नए पायदान चढ़ रही हैं .
              शिक्षा का स्थान तो नारी के जीवन में महत्वपूर्ण है ही किन्तु सर्वाधिक ज़रूरी जो कहा जाता है और जिसके बिना नारी को धरती पर बोझ कहा जाता है वह उसकी जीवन की सबसे बड़ी तकलीफ भी बन जाता है कभी दहेज़ के रूप में तो कभी मारपीट ,कभी तलाक और पता नहीं क्या क्या ,घरेलू हिंसा से संरक्षण विधेयक द्वारा कानून ने सभी महिलाओं की सुरक्षा का इंतज़ाम किया है और ऐसे ही महिलाओं को पुरुषों की अपेक्षा तलाक के ज्यादा अधिकार देकर उन्हें, जबर्दस्ती के सम्बन्ध को जिसे जनम जनम का नाता कहकर उससे धोने की पीटने की अपेक्षा की जाती है ,मुक्ति का रास्ता भी दिया है महिलाओं को अबला जैसी संज्ञा से मुक्ति दिलाने की हमारे कानून ने बहुत कोशिश की है किन्तु कुछ सामाजिक स्थिति व् कुछ अज्ञानता के चलते वे सहती रहती हैं और इस सम्बन्ध को अपनी बर्दाश्त की हद से भी बाहर तक निभाने की कोशिश करती हैं किन्तु जहाँ शिक्षा का उजाला होगा और कानून का साथ वहाँ ऐसी स्थिति बहुत लम्बे समय तक चलने वाली नहीं है और ऐसे में जब हद पार हो जाती है तो कहीं न कहीं तो विरोध की आवाज़ उठनी स्वाभाविक है और यही हुआ अभी हाल ही में हमारे क्षेत्र की एक युवती ने परवारिक प्रताड़ना का शिकार होने पर अपने पति से हिन्दू विधि की धारा १३ -बी में दिए गए पारस्परिक सहमति से तलाक के अधिकार का प्रयोग किया और अपनी ज़िंदगी को रोज रोज की घुटन से दूर किया .
        साथ ही आज बहुत सी महिलाएं दंड प्रक्रिया संहिता की धारा १२५ के तहत भरण पोषण के वाद दायर कर भी अपने पतियों से अपने व् अपने बच्चों के लिए कानून की छाँव में एक सुन्दर व् सार्थक आशियाना का सपना अपनी संतान की आँखों में पाल रही हैं .
         भारतीय कानून व् संविधान महिलाओं की समाज में बेहतर स्थिति के लिए प्रयासरत हैं और इसका उदाहरण दामिनी गैंगरेप कांड के बाद इस तरह के मामलों में उठाये गए कानूनी  कदम हैं .ऐसे ही विशाखा बनाम स्टेट ऑफ़ राजस्थान के मामले से भी सुप्रीम कोर्ट ने कामकाजी महिलाओं की स्थिति बहुत सुदृढ़ की है जिसके कारण तरुण तेजपाल जैसे सलाखों के पीछे हैं और रिटायर्ड जस्टिस अशोक गांगुली जैसी हस्ती पर कानून की तलवार लटक रही है .
        पर जैसी कि रोज की घटनाएं सामने आ रही हैं उन्हें देखते हुए कानून में अभी बहुत बदलावों की ज़रुरत है इसके साथ ही महिलाओं की आर्थिक सुदृढ़ता की कोशिश भी इस दिशा में एक मजबूत कदम कही जा सकती है क्योंकि आर्थिक सुदृढ़ता ही वह सम्बल है जिसके दम पर पुरुष आज तक महिलाओं पर राज करते आ रहे हैं समाज में स्वयं देख लीजिये जो महिलाएं इस क्षेत्र में पुरुषों की बराबरी कर रही हैं उनके आगे पुरुष दयनीय स्थिति में ही नज़र आते हैं .और जैसे कि पंचायतों में महिलाओं के लिए स्थान आरक्षित किये गए हैं ऐसे ही अब संसद व् विधान सभाओं में भी ३३% आरक्षण हो जाना चाहिए साथ ही सरकारी नौकरियों में भी उनके लिए स्थानों का आरक्षण बढ़ाये जाने की ज़रुरत है .



शालिनी कौशिक

[कौशल ]